बाहरी राज्यों के छात्रों को भा रही इलाहाबाद यूनिवर्सिटी, बिहार से सबसे ज्यादा एडमिशन

इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में बाहरी राज्यों के छात्रों का बढ़ा रुझान
इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के नए एकेडमिक सेशन में दूसरे राज्यों से आने वाले स्टूडेंट्स की संख्या में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली है. अंडरग्रेजुएट के करीब 3,800 सीटों पर लगभग 3,700 छात्रों ने एडमिशन लिया है. इनमें 26 राज्यों के 900 से ज्यादा छात्र शामिल हैं. यानी कुल एडमिशन छात्रों में करीब एक चौथाई स्टूडेंट दूसरे राज्यों से हैं. सबसे ज्यादा छात्रों ने बिहार से एडमिशन लिया है. इसके बाद मध्य प्रदेश और झारखंड का नंबर है. वहीं, PG कोर्सों में भी बिहार समेत कई राज्यों के छात्रों ने प्रवेश लिया है.
बिहार के सबसे ज्यादा छात्रों ने लिया एडमिशन
इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में UG कोर्सों में बिहार के 374 छात्रों ने एडमिशन लिया है. दूसरे स्थान पर मध्य प्रदेश है, जहां से 182 स्टूडेंट्स ने एडमिशन लिया. झारखंड के 99, छत्तीसगढ़ के 49 और राजस्थान के 44 छात्रों ने भी एडमिशन लिया है. पश्चिम बंगाल से 29 और ओडिशा से 23 स्टूडेंट्स ने एडमिशन लिया.
इसके अलावा हरियाणा के 19, असम और उत्तराखंड के 12-12 और दिल्ली के 11 छात्रों ने एडमिशन लिया है. गुजरात, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से 6-6, पंजाब से 7 और अरुणाचल प्रदेश से 4 स्टूडेंट्स शामिल हैं. जम्मू-कश्मीर, नागालैंड, मिजोरम, केरल, मणिपुर, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, त्रिपुरा और कर्नाटक से भी छात्रों ने एडमिशन लिया है.
19 UG कोर्सों में हुआ एडमिशन
इस सत्र में यूनिवर्सिटी कैंपस के 19 UG कोर्सों में एडमिशन हुआ है. आंकड़ों से पता चलता है कि इलाहाबाद यूनिवर्सिटी सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि दूसरे राज्यों के छात्रों के बीच भी लोकप्रिय बनी हुई है.
PG में भी दूसरे राज्यों के छात्रों की रुचि
मास्टर्स कोर्सेज में भी बाहरी राज्यों के छात्रों ने एडमिशन लिया है. इनमें बिहार के 106 स्टूडेंट्स सबसे ज्यादा हैं. मध्य प्रदेश से 42, झारखंड से 20, दिल्ली से 15 और राजस्थान से 7 छात्रों ने एडमिशन लिया. हरियाणा और ओडिशा से 6-6, जबकि छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल से 5-5 विद्यार्थी शामिल हैं.
PG में LLB ऑनर्स में 16, मनोविज्ञान में 15 और राजनीति विज्ञान में 12 छात्रों ने एडमिशन लिया. इतिहास और विधि में 8-8 प्रवेश हुए हैं.
959 PhD सीटों पर एडमिशन
इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में PhD Admission 2026 की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है. आवेदन 2 सितंबर से शुरू हुए हैं. इस बार यूनिवर्सिटी और इससे जुड़े संघटक महाविद्यालयों में कुल 959 PhD सीटों पर एडमिशन होना है. मास्टर्स डिग्री पूरी कर चुके इच्छुक उम्मीदवार तय समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं.

सपना यादव
दिल्ली में जन्मीं सपना यादव TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता जगत में 4 वर्षों से ज्यादा के अनुभव के साथ काम जारी है. ह्यूमन इंटरेस्ट, राजनीति, वर्ल्ड, एजुकेशन, नॉलेज, करंट अफेयर्स से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी रखती हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA Hons. हिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने पत्रकारिता को लक्ष्य बनाया, फिर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा इन टीवी जर्नलिज्म किया, जामिया से ही हिस्ट्री में मास्टर्स भी किया और फिर इसके बाद गुरु जम्बेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. मास कम्यूनिकेशन में पत्रकारिता की डिग्री लेने के बाद जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा. इसके बाद उन्होंने बतौर ट्रेनी TV9 भारतवर्ष डिजिटल में एक साल तक काम किया. ट्रेनी के दौरान अलग-अलग तरह की खबरों का अनुभव लेने के बाद TV9 भारतवर्ष डिजिटल में असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर काम शुरू किया. यहां पर एंकरिंग, वॉइस ओवर, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज राइटिंग जैसे काम किए. इस समय वह एजुकेशन डेस्क पर कार्यरत हैं और स्टूडेंट्स के लिए करियर से जुड़े विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं और यूनिवर्सिटीज की महत्वपूर्ण जानकारियों को कवर कर रही हैं. सपना यादव को ट्रेवल करना, लिखना- पढ़ना पसंद है और वो प्रकृति को करीब से महसूस करना ज्यादा पसंद करती हैं. पत्रकारिता में सफर अभी जारी है.
Read More