'झूठ की गूंज के सामने सत्य की विजय ', राजस्थान नगर निकाय चुनाव रिजल्ट पर बोले PM Modi

राजस्थान नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की बंपर जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यकर्ताओं को बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह झूठ की गूंज के सामने सत्य की विजय का प्रमाण है. पीएम मोदी ने कहा, 'यहां के मेरे परिवारजनों के इस जनादेश से एक बार फिर साफ हो गया है कि डबल इंजन सरकार की सुशासन एवं विकास की नीतियों को उनका पूरा समर्थन है. इससे राज्य को प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के साथ ही जन-जन के जीवन में खुशहाली लाने का हमारा संकल्प भी और सशक्त होगा. इस अवसर पर सभी विजयी प्रत्याशियों के साथ ही पार्टी के समर्पित और परिश्रमी कार्यकर्ताओं को मेरी बहुत-बहुत बधाई.'

राजस्थान नगर निकाय चुनाव में अब तक घोषित 10,210 वार्ड के परिणामों में बीजेपी ने 4,171 सीट पर जबकि कांग्रेस ने 3,597 सीट पर जीत दर्ज की है. पार्टी की इस जीत को गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ ने कार्यकर्ताओं की जीत बताया. गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थानी भाषा में लिखा, 'घणी-घणी बधाइयां राजस्थान. इस चुनाव में बीजेपी की प्रचंड जीत पीएम मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के सुशासन और विकास कार्यों पर जनता की मुहर है.

परिश्रमी कार्यकर्ताओं को बधाई: अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'कांग्रेस के कुशासन और भ्रष्टाचार से प्रदेश को मुक्त कर बीजेपी सरकार हर क्षेत्र में विकास को नई गति दे रही है. प्रदेशवासियों का यह आशीर्वाद राजस्थान को विकसित बनाने के संकल्प को और मजबूत करेगा.' उन्होंने कहा कि इस जीत के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पार्टी अध्यक्ष मदन राठोड़ और राजस्थान बीजेपी के सभी परिश्रमी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई.

सुशासन का दूसरा नाम बीजेपी: राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, 'राजस्थान के नगर निकाय चुनावों में बीजेपी को मिले प्रबल जनसमर्थन से यह एक बार फिर सिद्ध हो गया है कि विकास और सुशासन का दूसरा नाम है, भारतीय जनता पार्टी. राजस्थान नगर निकाय चुनावों में मिली सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकास, सुशासन, जनकल्याण और पारदर्शी प्रशासन के प्रति जनता के विश्वास की सशक्त अभिव्यक्ति है. राजस्थान की जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है, यह प्रदेश ‘विकसित राजस्थान’ के लक्ष्य के साथ निरंतर आगे बढ़ेगा. राजस्थान की जनता को इस विजय के लिए आभार और पार्टी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई.'

नाराज फूफाओं को दरकिनार किया गया: नितिन नबीन

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा, 'आभार राजस्थान. नगर निकाय चुनावों में बीजेपी की प्रचंड विजय पर जनता-जनार्दन का सहृदय धन्यवाद. प्रदेश की जनता ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि उनका अटूट विश्वास आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर है. भ्रम फैलाने वालों और नाराज फूफाओं को दरकिनार कर राजस्थान ने जनकल्याण की नीतियों, विकास और सुशासन पर अपनी मुहर लगा दी है. इस ऐतिहासिक जीत पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठोड़ और दिन-रात मेहनत करने वाले भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई.

उदयपुर-भीलवाड़ में बीजेपी का शानदार प्रदर्शन

बीजेपी ने 80 सदस्यीय उदयपुर नगर निगम में 53 पर, 70 सदस्यीय भीलवाड़ा नगर निगम में 45 पर और 100 सदस्यीय कोटा नगर निगम में 53 वार्ड में जीत दर्ज स्पष्ट बढ़त हासिल की. कांग्रेस ने बीकानेर में बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि अजमेर और पाली में भी वह बीजेपी से आगे रही. जयपुर और अलवर में बीजेपी ने बढ़त बनाई. जोधपुर में दोनों दलों के बीच कड़ा मुकाबला रहा और बीजेपी-कांग्रेस ने 44-44 वार्ड जीते, जबकि 10 वार्ड में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे.

बीजेपी ने 80 सदस्यीय उदयपुर नगर निगम में 53 पर, 70 सदस्यीय भीलवाड़ा नगर निगम में 45 पर और 100 सदस्यीय कोटा नगर निगम में 53 वार्ड में जीत दर्ज स्पष्ट बढ़त हासिल की. कांग्रेस ने बीकानेर में बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि अजमेर और पाली में भी वह बीजेपी से आगे रही. जयपुर और अलवर में बीजेपी ने बढ़त बनाई. जोधपुर में दोनों दलों के बीच कड़ा मुकाबला रहा और बीजेपी-कांग्रेस ने 44-44 वार्ड जीते, जबकि 10 वार्ड में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे.

सीएम के गृह जिले में किसको बढ़त?

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में निर्दलीय उम्मीदवारों ने बेहतर प्रदर्शन किया. भारतपुर नगर निकाय के कुल 65 वार्ड में से निर्दलीयों ने 36 में जीत या बढ़त हासिल की, जबकि बीजेपी 20 और कांग्रेस सात वार्ड पर विजयी या आगे है. अजमेर के 80 वार्ड में से कांग्रेस 37 पर, बीजेपी 32 पर और निर्दलीयों 11 पर विजयी रहे. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के गृह शहर पाली नगर निकाय के कुल 65 वार्ड में कांग्रेस ने 29 पर, बीजेपी ने 21 पर जीत दर्ज की जबकि 15 वार्ड निर्दलीयों के खाते में गए.

राज्यस्तर पर भी निर्दलीय उम्मीदवारों ने बेहतर प्रदर्शन किया है और कुल 2,272 वार्ड में जीत दर्ज की है. इससे कई शहरी निकायों में वे निर्णायक भूमिका में आ सकते हैं. राज्य में कुल 10,244 वार्ड में मतगणना हुई, जिनमें से शाम 5:45 बजे तक 10,210 के परिणाम घोषित किए जा चुके थे.