Monkey Cheese Garlic Bread Recipe: नाश्ते में बनाएं चीज-गार्लिक 'मंकी ब्रेड', स्वाद ऐसा कि बच्चे बार-बार मांगेंगे; जानें पंकज भदौरिया की सीक्रेट रेसिपी

Monkey Cheese Garlic Bread Recipe: क्या आपने कभी मंकी ब्रेड का नाम सुना है? नाम सुनते ही सबसे पहले दिमाग में बंदर का ख्याल आता है, लेकिन इस ब्रेड का बंदरों से कोई लेना-देना नहीं है. दरअसल, इसे खाने का तरीका ही इसके नाम की वजह है. इस ब्रेड को चाकू से काटकर खाने के बजाय इसके छोटे-छोटे टुकड़ों को हाथों से अलग करके खाया जाता है. यानी एक टुकड़ा उठाइए, खींचिए और सीधे मुंह में डालिए. इस ब्रेड का नाम जितना अनोखा है, इसका टेस्ट उतना ही जबरदस्त होता है.

अगर आपको भी चीज और गार्लिक का स्वाद पसंद है तो इस बार चीज-गार्लिक मंकी ब्रेड ट्राई कर सकते हैं. खास बात ये है कि इसे मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने घर बहुत ही आसानी से बनाने का तरीका बताया है. तो चलिए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी.

मंकी ब्रेड बनाने के लिए इंग्रेडिएंट्स

सम्बंधित ख़बरें

  • मैदा- 2 कप
  • इंस्टेंट यीस्ट- 1 छोटा चम्मच
  • चीनी- 1 छोटा चम्मच
  • नमक- स्वादानुसार
  • गुनगुना पानी- करीब 1/2 कप
  • ऑलिव ऑयल- 2 टेबलस्पून
  • बटर- 2 टेबलस्पून
  • लहसुन- बारीक कटा हुआ
  • प्रोसेस्ड चीज- जरूरत के मुताबिक

बनाने का तरीका:

1. मास्टरशेफ पंकज भदौरिया कहती हैं मंकी ब्रेड बनाने की शुरुआत यीस्ट को एक्टिवेट करने से होगी. इसके लिए एक बाउल में गुनगुना पानी लें और उसमें यीस्ट और थोड़ी चीनी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसे करीब 10 मिनट के लिए छोड़ दें. कुछ देर बाद अगर ऊपर झाग या फोम नजर आने लगे तो समझिए यीस्ट एक्टिवेट हो गई है.

2. अब एक बड़े बाउल में मैदा और नमक डालें. इसमें एक्टिवेट की हुई यीस्ट डालकर मिलाएं. जरूरत के हिसाब से पानी डालते हुए इसका थोड़ा ढीला और सॉफ्ट आटा गूंथ लें. इसके बाद इसमें करीब 2 टेबलस्पून ऑलिव ऑयल डालें और हाथों से अच्छी तरह मिलाएं.

3. आटे को करीब 10 मिनट के लिए रेस्ट करने दें. इस दौरान आप इसका गार्लिक बटर तैयार कर सकते हैं.

4. गार्लिक बटर बनाने के लिए बटर को पिघलाएं और इसमें बारीक कटा हुआ लहसुन डालकर अच्छी तरह मिला लें. यही गार्लिक बटर मंकी ब्रेड के हर छोटे टुकड़े को स्वाद और खुशबू देगा.

5. जब आटा अच्छे से रेस्ट कर ले तो बोर्ड पर थोड़ा का सूखा मैदा डस्ट करें और उसे निकालें. इसे हल्के हाथों से कुछ फोल्ड दें. इसके बाद किचन कैंची की मदद से डो के छोटे-छोटे टुकड़े काट लें.

6. अब हर टुकड़े को हल्का रोल करें, फिर उसे तैयार किए हुए गार्लिक बटर में डिप करें. इसके बाद इसे कद्दूकस किए हुए प्रोसेस्ड चीज में रोल करें. इसी तरह सारे टुकड़े तैयार करके एक लाइन किए हुए बेकिंग टिन में डालते जाएं.

7. सारे टुकड़े टिन में रखने के बाद इसे किसी गर्म जगह पर रख दें और तब तक रेस्ट करने दें, जब तक डो लगभग दोगुना न हो जाए. ये स्टेप बहुत जरूरी है क्योंकि ब्रेड अंदर से भी अच्छी तरह फूलनी चाहिए तभी ये सॉफ्ट बनेगी.

8. अब इसे प्रीहीट किए हुए ओवन में 180 डिग्री सेल्सियस पर करीब 35-40 मिनट तक बेक करें.

9. जब ऊपर से ब्रेड गोल्डन और चीज की लेयर हल्की क्रिस्पी नजर आने लगे तो समझिए आपकी चीज-गार्लिक मंकी ब्रेड तैयार है.

---- समाप्त ----

Live TV