ट्रांसपोर्ट की आड़ में चल रहा था तस्करी का खेल, बड़ी खेप के साथ ट्रक चालक गिरफ्तार
Bihar Crime News: मोतिहारी में अवैध स्पिरिट की तस्करी का पुलिस ने खुलासा किया है. छतौनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ट्रक से करीब 400 लीटर स्पिरिट बरामद की है. स्पिरिट को ट्रक में लदे दूसरे सामान के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा था. पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है.
जानकारी के अनुसार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 दिलीप कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि मोतिहारी के मठिया स्थित मंजूर अस्पताल के आगे धर्मकांटा के पास एक ट्रक खड़ा है. सूचना में बताया गया था कि ट्रक में अवैध स्पिरिट छिपाकर रखी गई है.
सूचना मिलते ही एसडीपीओ सदर-1 के नेतृत्व में छतौनी थाना पुलिस की टीम गठित की गई. टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध ट्रक की जांच शुरू की. शुरुआत में ट्रक में अलग-अलग तरह का सामान लदा हुआ मिला और बाहर से यह सामान्य ट्रांसपोर्ट का वाहन दिखाई दे रहा था.
पुलिस को संदेह होने पर ट्रक की गहन तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान अलग-अलग सामान के बीच छिपाकर रखे गए स्पिरिट के कंटेनर बरामद हुए. पुलिस ने कुल 20 कंटेनरों में करीब 400 लीटर स्पिरिट बरामद की. इसके बाद ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया.
ट्रक में इन सामानों के बीच छिपाई गई थी स्पिरिट
पुलिस के अनुसार, ट्रक में कई तरह का सामान लदा हुआ था. इसमें 2 एग्रोपावर ग्रिडर, 98 पीस हैंडपंप, 40 कार्टन पैकेट तेल, 6 पैकेट प्लास्टिक हवाई चप्पल, 17 पीस सिलाई मशीन, पाइप समेत अन्य सामान शामिल थे. इसी सामान के बीच स्पिरिट के कंटेनरों को छिपाकर रखा गया था.
कोलकाता से ट्रांसपोर्ट के जरिए आया था सामान
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि ट्रक में लदा सामान ट्रांसपोर्ट के जरिए कोलकाता से लाया गया था. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्पिरिट की खेप ट्रक में कहां से लोड की गई थी और इसे मोतिहारी में किस व्यक्ति या ठिकाने तक पहुंचाया जाना था.
ट्रांसपोर्ट से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ट्रांसपोर्ट के जरिए भेजे जा रहे सामान के बीच अवैध स्पिरिट को किस स्तर पर शामिल किया गया. इस मामले में ट्रांसपोर्ट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. गिरफ्तार ट्रक चालक से पूछताछ के आधार पर पुलिस स्पिरिट की खेप के स्रोत और इसके पीछे जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है.