आवास कोई चुनौती नहीं, भारतीय एशियाई खेलों में कंटेनरों के अनुकूल ढल जाएंगे: शरथ कमल
(फिलेम दीपक सिंह)
नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) एशियाई खेलों के लिए भारत के उप दल नेता अचंता शरत कमल ने कहा कि इन खेलों के लिए तैयार किए गए अनूठे ‘कंटेनर रूम’ और ‘क्रूज शिप’ आवास की व्यवस्था भारतीय खिलाड़ियों के लिए विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण नहीं होगी, भले ही इसको लेकर प्रतिभागी देशों की मिली जुली प्रतिक्रिया रही है।
भारत के 501 खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ के 265 सदस्य भी 19 सितंबर से आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों के दौरान लगभग 17000 अन्य प्रतिभागियों की तरह ही कंटेनर शैली के कमरों, एक क्रूज जहाज और होटलों में ठहरेंगे।
दक्षिण कोरियाई दल ने कंटेनर कमरों को बहुत छोटा बताकर उनकी आलोचना की है और एशियाई क्रिकेट परिषद के कुछ सदस्यों ने भी उपलब्ध आवास की गुणवत्ता के बारे में चिंता व्यक्त की है।
शरत से जब पूछा गया कि भारतीय खिलाड़ी अनोखी व्यवस्था से कैसे तालमेल बिठाएंगे उन्होंने कहा कि उन्हें सहयोगी स्टाफ के सदस्यों की अधिक चिंता है क्योंकि उन्हें खिलाड़ियों की तरह भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) द्वारा तैयार किए गए अस्थायी कंटेनरों के जरिए अनुकूलन का अवसर नहीं मिला।
उन्होंने कहा, ‘‘खिलाड़ियों को जापान जैसा माहौल देने के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण के कुछ परिसरों में कंटेनर तैयार किए गए थे और खिलाड़ियों को उनमें रहने का मौका मिला।’’
भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के एथलीट आयोग के उपाध्यक्ष शरत ने कहा, ‘‘हमने खिलाड़ियों के लिए सर्वश्रेष्ठ माहौल तैयार किया है और उम्मीद है कि वह जापान में आवास व्यवस्था से जल्द ही तालमेल बिठा लेंगे। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि वह अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहेंगे।’’
लगभग 4000-5000 खिलाड़ियों को कोस्टा सेरेना नामक एक लग्जरी क्रूज लाइनर में ठहराया जाएगा। इसके अलावा 2000 खिलाड़ी कंटेनर में रहेंगे। कुछ खिलाड़ियों को व्यावसायिक होटलों में भी ठहराया जाएगा।
टेबल टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी शरत को उम्मीद है कि एशियाई खेलों की टेबल टेनिस प्रतियोगिता में भारत कम से कम एक पदक जीतने में सफल रहेगा। उन्हें मानव ठक्कर और मानुष शाह की पुरुष युगल जोड़ी तथा मानुष शाह और दिया चिताले की मिश्रित युगल जोड़ी से काफी उम्मीद है।
इन खेलों में टेबल टेनिस में भारत का प्रतिनिधित्व 10 सदस्यीय टीम कर रही है, जिसमें पांच पुरुष और पांच महिलाएं शामिल हैं।
शरत ने कहा, ‘‘मेरी उम्मीद है कि हम कम से कम एक पदक जीतें। पिछली बार हमें महिला युगल में एक पदक मिला था और उससे पहले हमें 2018 में दो कांस्य पदक मिले थे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मनुष और मानव की पुरुष युगल जोड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रही है। उनके पास पदक जीतने का अच्छा मौका है।’’
टेबल टेनिस प्रतियोगिता 20 से 28 सितंबर के बीच खेली जाएगी।
भाषा
पंत
पंत