ऋषभ पंत बने एक मैच के लिए कप्तान, इस टीम को चैंपियन बनाने की मिली जिम्मेदारी

ऋषभ पंत बने एक मैच के लिए कप्तान, इस टीम को चैंपियन बनाने की मिली जिम्मेदारी

ऋषभ पंत रेस्ट ऑफ इंडिया की कप्तानी करेंगेImage Credit source: PTI

ऋषभ पंत की वनडे टीम में वापसी की उम्मीदों को फिर से झटका लगा है. वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भी बैकअप विकेटकीपर के रूप में पंत को मौका नहीं दिया गया है. उनके स्थान पर ध्रुव जुरेल को इस रोल के लिए चुना गया है. ऐसे में पंत का लिमिटेड ओवर्स का करियर सवालों के घेरे में आ गया है. मगर इस बीच BCCI की सेलेक्शन कमेटी ने ऋषभ पंत को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी है. पंत को ईरानी कप के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया (शेष भारत) टीम का कप्तान बनाया गया है.

BCCI की सीनियर मेंस सेलेक्शन कमेटी ने बुधवार 16 सितंबर को 3 अलग-अलग भारतीय स्क्वॉड का ऐलान किया. इसमें से एक वनडे और एक टी20 स्क्वॉड है, जो वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए चुने गए हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ होने जा रही इसी वनडे सीरीज के लिए ऋषभ पंत के सेलेक्शन की उम्मीद जताई जा रही थी क्योंकि ईशान किशन और संजू सैमसन इस सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं हैं. मगर ऐसा नहीं हुआ.

एक मैच के लिए कप्तान बने पंत

ऐसे में जिस तीसरे स्क्वॉड का सेलेक्शन किया गया, उसमें पंत को कप्तानी का दारोमदार सौंपा गया है. ऋषभ पंत ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया टीम का नेतृत्व करेंगे. हालांकि ये मौका उन्हें सिर्फ एक मैच के लिए मिला है क्योंकि ईरानी कप के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया और मौजूदा रणजी ट्रॉफी चैंपियन जम्मू और कश्मीर के बीच सिर्फ एक मैच खेला जाएगा. ये मुकाबला 1 अक्टूबर से 5 अक्टूबर के बीच जम्मू और कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में खेला जाएगा. ऐसे में पंत के पास अपनी कप्तानी का कमाल दिखाने का मौका है.

पंत के अलावा इस टीम में सरफराज खान को भी चुना गया है, जो उप-कप्तान की भूमिका निभाएंगे. वहीं स्पिनर मानव सुथार भी रेस्ट ऑफ इंडिया के लिए खेलते हुए नजर आएंगे. इसमें सबसे अहम नाम तेज गेंदबाज आकाश दीप का है, जो चोट के चलते कई महीनों से बाहर हैं. उन्हें शामिल तो किया गया है लेकिन इसके लिए उन्हें फिटनेस टेस्ट पास करना होगा.

रेस्ट ऑफ इंडिया टीम

ऋषभ पंत (कप्तान, विकेटकीपर), सनत सांगवान, शिखर मोहन, सुदीप घरामी, सरफराज खान (उप-कप्तान), स्मरण रविचंद्रन, मानव सुथार, सारांश जैन, आकाश दीप (फिटनेस पर निर्भर), मुकेश कुमार, मुकेश चौधरी, आर्यन जुयाल (विकेटकीपर), आर्यन पांडे, अनुकूल रॉय, आयुष दोसेजा.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button