अभिषेक शर्मा ने बनाए कई कीर्तिमान, एक ही शतक से हिला डाली रिकॉर्ड बुक, लिख दिया नया इतिहास
अभिषेक शर्मा ने बनाए कई कीर्तिमान, एक ही शतक से हिला डाली रिकॉर्ड बुक, लिख दिया नया इतिहास
Published: Friday, September 18, 2026, 6:05 [IST]
Abhishek Sharma: अभिषेक शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में सिर्फ 34 गेंदों पर 108 रन बनाकर स्कोरबोर्ड ही नहीं बदला, बल्कि रिकॉर्ड बुक में भी कई नए पन्ने जोड़ दिए। उनकी पारी में 30 गेंदों में शतक आया, जो किसी तूफ़ान से कम नहीं था क्योंकि इसके साथ कई कीर्तिमान भी थे।
इस एक पारी के दौरान अभिषेक ने भारतीय क्रिकेट के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय T20I में भी कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। इन कीर्तिमानों के बारे में आपको भी जरूर जानना चाहिए, एक ही पारी में कई रिकॉर्ड बनाना कोई साधारण बात नहीं होती।
भारत के लिए सबसे तेज T20I शतक
अभिषेक ने अपना शतक सिर्फ 30 गेंदों में पूरा किया। इसके साथ ही वह T20I में भारत के लिए सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था। रोहित ने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ इंदौर में 35 गेंदों पर शतक लगाया था। अभिषेक ने इस रिकॉर्ड को पांच गेंद पहले ही पीछे छोड़ दिया।
टेस्ट खेलने वाले देश के बल्लेबाज का भी सबसे तेज शतक
अभिषेक का 30 गेंदों का शतक सिर्फ भारतीय रिकॉर्ड नहीं रहा। वह किसी टेस्ट खेलने वाले देश के बल्लेबाज का T20I में सबसे तेज शतक भी बन गया। इससे पहले जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा और न्यूजीलैंड के फिन एलन ने 33 गेंदों में शतक लगाया था। अभिषेक ने दोनों से तीन गेंद कम में यह मुकाम हासिल किया। हालांकि पूरे T20I क्रिकेट की बात करें तो अभिषेक का शतक तीसरा सबसे तेज है। उनसे आगे एस्टोनिया के साहिल चौहान 27 गेंद और तुर्की के मुहम्मद फहद 29 गेंद में शतक लगा चुके हैं।
पावरप्ले में 76 रन का वर्ल्ड रिकॉर्ड
अभिषेक ने पहले छह ओवर यानी पावरप्ले में ही 22 गेंदों पर नाबाद 76 रन बना दिए थे। यह पुरुष T20I में किसी एक बल्लेबाज द्वारा पावरप्ले में बनाया गया सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। यानी भारत के लिए सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड बनाने से पहले ही अभिषेक अपनी पारी के शुरुआती छह ओवर में एक अलग विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके थे।
T20I में एक पारी में 10 से ज्यादा छक्के लगाने का कारनामा
अभिषेक ने अफगानिस्तान के खिलाफ अपनी पारी में 11 छक्के लगाए। इसके साथ ही वह एक से ज्यादा बार T20I पारी में 10 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए। इससे पहले उन्होंने 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई में 145 रन की पारी के दौरान 13 छक्के लगाए थे।
T20 क्रिकेट में 10 शतक
इस शतक के साथ अभिषेक के नाम अब T20 क्रिकेट में 10 शतक हो गए हैं। इनमें भारत के लिए तीन T20I शतक, IPL में दो और घरेलू क्रिकेट में पांच शतक शामिल हैं। इस आंकड़े के साथ उन्होंने विराट कोहली की बराबरी कर ली है। दोनों के नाम अब T20 क्रिकेट में 10-10 शतक हैं।
तीन T20I शतक लगाने वाले चौथे भारतीय
अफगानिस्तान के खिलाफ शतक अभिषेक का T20I क्रिकेट में तीसरा शतक था। इसके साथ वह भारत की ओर से T20I में तीन या उससे ज्यादा शतक लगाने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए। इस सूची में उनसे पहले रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और संजू सैमसन का नाम था।
अभिषेक ने अपना पहला T20I शतक जुलाई 2024 में जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे में लगाया था। दूसरा शतक फरवरी 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई में आया। दिल्ली में लगाया गया यह शतक उनका तीसरा T20I शतक रहा। यानी अभिषेक ने लगातार तीन अलग-अलग कैलेंडर वर्षों 2024, 2025 और 2026 में T20I शतक लगाने का भी अनोखा रिकॉर्ड बना दिया।