बिहार में डिजिटल क्रिएटर की कनपटी पर बंदूक सटाकर लूट, लाखों की नकदी और ज्वेलरी ले उड़े बदमाश
Bihar Crime News: बिहार में आपराधिक घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. आए दिन लूट, चोरी और हथियार के बल पर वारदात की खबरें सामने आने से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है. इसी बीच पूर्वी चंपारण के मोतिहारी से एक ऐसी ही वारदात सामने आई है, जहां हथियारबंद बदमाशों ने एक डिजिटल क्रिएटर के घर में घुसकर परिवार को बंधक बना लिया और लाखों रुपये की नकदी और ज्वेलरी लूटकर फरार हो गए.
घटना छौड़ादानो के दरपा थाना क्षेत्र के तिनकोनी गांव के पश्चिम टोला की है. मंगलवार देर रात कई हथियारबंद बदमाश डिजिटल क्रिएटर त्रिलोकी कुमार के घर में घुस गए. बदमाशों ने उनकी कनपटी पर बंदूक सटाकर उन्हें बंधक बना लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए घर में रखे रुपये और गहने देने को कहा.
पीड़ित त्रिलोकी कुमार, पिता रामशरण प्रसाद, करीब एक साल से गांव के पश्चिम टोला में घर बनाकर परिवार के साथ रह रहे हैं. उनकी पत्नी चंदा देवी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 12:30 बजे परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे. घर में पति-पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा समेत छह लोग मौजूद थे.
इसी दौरान कई बदमाश घर में घुस आए. घर में घुसते ही बदमाशों ने त्रिलोकी कुमार की कनपटी पर बंदूक सटा दी और उन्हें अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद परिवार के छोटे बच्चे को भी अपने कब्जे में लेकर घर में रखे रुपये और गहनों की मांग करने लगे.
चंदा देवी के मुताबिक, बदमाश लगातार परिवार के सदस्यों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दे रहे थे. सामान देने में थोड़ी देर होने पर बदमाशों ने परिवार के लोगों के साथ मारपीट भी की.
इसके बाद चंदा देवी ने अलमारी की चाबी बदमाशों को दे दी. बदमाशों ने अलमारी खोलकर उसमें रखी नकदी और ज्वेलरी निकाल ली. लूटपाट के दौरान परिवार के लोग दहशत में रहे और बदमाशों के सामने किसी तरह की रोकने की कोशिश नहीं कर सके.
चंदा देवी ने बताया कि बदमाश लगातार परिवार के किसी सदस्य को जान से मारने की धमकी दे रहे थे. उन्होंने बदमाशों से परिवार के किसी सदस्य को नुकसान नहीं पहुंचाने और जो सामान चाहिए उसे लेकर चले जाने की बात कही.
परिजनों के अनुसार, लूटपाट करने के बाद बदमाश घर से बाहर निकले और पांच-छह बाइक से मौके से फरार हो गए. हालांकि, बदमाशों की सही संख्या कितनी थी और वारदात में कितने लोग शामिल थे, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है.
हथियार के बल पर घर में घुसकर हुई इस लूट के बाद परिवार के लोग डरे हुए हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और घर में मौजूद सामान के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है. आसपास के इलाके में भी बदमाशों के आने-जाने और फरार होने के रास्तों की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.