पेपर लीक; बेउर में बनी थी आंसर-की, मास्टरमाइंड गिरफ्तार: एईडीओ परीक्षा में माफिया ने ऑनलाइन परीक्षा केंद्र को बना रखा था कंट्रोल रूम - Patna News
पेपर लीक; बेउर में बनी थी आंसर-की, मास्टरमाइंड गिरफ्तार:एईडीओ परीक्षा में माफिया ने ऑनलाइन परीक्षा केंद्र को बना रखा था कंट्रोल रूम
पटना58 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बीपीएससी की सहायक शिक्षा विकास अधिकारी (AEDO) परीक्षा में धांधली के मामले में EOU ने सरगना सतीश कुमार यादव को गर्दनीबाग के शिवपुरी पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया। इस परीक्षा में धांधली में नाम आने के बाद सतीश पहले नेपाल भागा और फिर असम में छुपकर रह रहा था। जैसे ही वह पटना आया, टीम ने उसे दबोच लिया। उसने पटना के बेउर स्थित ऑनलाइन परीक्षा केंद्र आरकेआर सॉल्यूशंस में कंट्रोल रूम बना रखा था।
इस केंद्र की कंप्यूटर लैब में सॉल्वरों को बैठाकर आंसर-की तैयार करवाई गई थी। इस मामले में EOU अब तक भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर, मुंबई के टेक्निकल असिस्टेंट रोशन कुमार समेत 38 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। 7 जिलों में 12 प्राथमिकियां दर्ज हुई हैं। सभी जिलों में दर्ज केस को EOU ने टेकओवर कर लिया है। परीक्षा इसी साल अप्रैल में हुई थी। धांधली सामने आने के बाद आयोग ने परीक्षा रद्द कर दी थी।
एक्सपर्ट सॉल्वरों की टीम बैठा रखी थी
सतीश बक्सर के नियाजीपुर गांव का रहने वाला है। उसने पटना जिले के करीब 10 परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक का काम कराने के लिए मुख्य एजेंसी के वेंडरों से अपने हस्ताक्षर से बाकायदा एकरारनामा किया था। उसने इन केंद्रों पर अपने ही प्रशिक्षित लड़कों को बायोमेट्रिक सुपरवाइजर और ऑपरेटर के रूप में तैनात कर दिया। परीक्षा शुरू होते ही इन कर्मियों के जरिए प्रश्नपत्र हासिल किए। प्रश्नपत्र बाहर आते ही आरकेआर सॉल्यूशंस भेजा गया। वहां प्रश्नों को तेजी से हल कर मास्टर आंसर-की बनाई गई और केंद्रों पर अपने अभ्यर्थियों तक बायोमेट्रिक कर्मियों के जरिए पहुंचाई गई। जांच में पुष्टि हुई है कि यह ऑनलाइन परीक्षा केंद्र सतीश के सहयोगी सरफराज आलम और रमेश कुमार द्वारा संचालित किया जा रहा था। वहां एक्सपर्ट सॉल्वरों की टीम बैठा रखी थी।
यूपी सिपाही भर्ती लीक में जा चुका है जेल, मुंगेर केस में हुई कार्रवाई
सतीश वर्ष 2023 में उत्तरप्रदेश के इटावा जिले में सिपाही भर्ती पेपर लीक मामले में भी जेल जा चुका है। वर्तमान में उसकी गिरफ्तारी मुंगेर मुफस्सिल थाना कांड संख्या 177/2026 के तहत की गई है। अधिकारियों के अनुसार, एईडीओ परीक्षा धांधली से जुड़े अन्य मामलों में भी उसे जल्द रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। सतीश की गिरफ्तारी से गिरोह के कई अन्य अंतरराज्यीय सदस्यों के सुराग मिले हैं।
.