झांसी-आगरा कैंट एक्सप्रेस का मथुरा तक विस्तार | Hindi News Portal | Hindi News | Online Hindi News | swatantraawaz
झांसी-आगरा कैंट एक्सप्रेस का मथुरा तक विस्तार
भुज और बरौनी के बीच भी नई अमृत भारत एक्सप्रेस रेल सेवा मंजूर
नई एक्सप्रेस रेल सेवा गुजरात राजस्थान यूपी और बिहार को जोड़ेगी
स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Friday 25 September 2026 04:41:52 PM
![]()
नई दिल्ली। भारतीय रेल ने रेलगाड़ी संख्या 11901/11902 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-आगरा कैंट एक्सप्रेस को मथुरा स्टेशन तक विस्तारित करने को मंजूरी दे दी है। इस विस्तार से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और मथुरा के बीच एक अतिरिक्त रेलगाड़ी सेवा उपलब्ध हो जाएगी, जिससे झांसी, आगरा और मथुरा के बीच रेल यात्रा करने वाले यात्रियों को और अधिक सुविधा मिलेगी। रेल के इस विस्तार केसाथ रेलगाड़ी संख्या 11901 अब वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से मथुरा तक चलेगी, जबकि रेलगाड़ी संख्या 11902 मथुरा से शुरू होकर वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी तक वापसी यात्रा करेगी। मथुरा तक विस्तार केसाथ ट्रेन की कुल यात्रा दूरी 217 किलोमीटर से बढ़कर 270 किलोमीटर हो जाएगी।
रेल विस्तारित सेवा के तहत रेलगाड़ी संख्या 11901 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से शाम 16:00 बजे प्रस्थान करेगी और रात 23:00 बजे मथुरा पहुंचेगी। वापसी दिशा में रेलगाड़ी संख्या 11902 मथुरा से सुबह 5:05 बजे प्रस्थान करेगी और वीरांगना लक्ष्मीबाई दोपहर 12:50 बजे झांसी पहुंचेगी। रेल सेवा के विस्तारित हिस्से में राजा की मंडी, रुनकुटा, दीनदयाल धाम और बाद में वाणिज्यिक स्टॉपेज होंगे, जिससे इन स्टेशनों पर यात्रियों को रेल सुविधा उपलब्ध होगी। इस विस्तार से झांसी, आगरा और मथुरा के बीच लोगों की यात्रा सुविधाएं पहले से ज्यादा बेहतर होंगी और विस्तारित मार्ग पर स्थित मध्यवर्ती स्टेशनों तक पहुंच में सुधार होगा।
भारतीय रेल ने गुजरात के भुज और बिहार में बरौनी केबीच सप्ताह में तीन बार चलने वाली नई अमृत भारत एक्सप्रेस भी शुरू करने को मंजूरी दे दी है। यह नई रेल सेवा 2,532 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के महत्वपूर्ण स्थलों को जोड़ेगी। यह रेल सेवा सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी। रेलगाड़ी संख्या 19427 भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस भुज से 17:30 बजे प्रस्थान करेगी और 04:05 बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी में रेलगाड़ी संख्या 19428 बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस बरौनी से 23:55 बजे प्रस्थान करेगी और 13:15 बजे भुज पहुंचेगी। भुज-बरौनी रेलगाड़ी सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी, जबकि बरौनी-भुज रेलगाड़ी मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी।
नई रेल सेवा के मार्ग में कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर वाणिज्यिक ठहराव होगा, जिनमें समाखियाली, अहमदाबाद, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, मथुरा, हाथरस, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, लखीमपुर, गोंडा, गोरखपुर, सीवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर शामिल हैं। नई रेल सेवा देश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के बीच रेल यात्रा का एक अतिरिक्त विकल्प प्रदान करेगी और गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए कनेक्टिविटी में सुधार करेगी।