भारतीयों की अछूती पर्वत चोटियों पर विजय | Hindi News Portal | Hindi News | Online Hindi News | swatantraawaz

भारतीयों की अछूती पर्वत चोटियों पर विजय

रक्षामंत्री ने की पर्वतारोहियों के साहस व दृढ़ संकल्प की सराहना

लद्दाख रेंज के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 25 September 2026 04:16:35 PM

conquest of unscaled mountain peaks by indians

नई दिल्ली। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में ऐतिहासिक 'दिरंग-निमास' पर्वतारोहण अभियान दल का स्वागत किया। इस अभियान केतहत पर्वतारोहियों ने लद्दाख में 6000 मीटर से ऊंची 20 ऐसी चोटियों पर चढ़ाई की, जिनपर पहले कभी कोई नहीं चढ़ा था। लद्दाख रेंज में ऐसी 20 चोटियों पर चढ़ाई का यह पहला रिकॉर्ड है। कर्नल रणवीर सिंह जमवाल के नेतृत्व में 20 सदस्यों वाली पर्वतारोहियों की टीम ने भारत की पर्वतारोहण में महारत, सहनशक्ति, रोमांच और खोज की भावना का प्रदर्शन किया। भारतीय पर्वतारोहियों ने मात्र 23 दिन में लद्दाख रेंज के चामसेर-लुंगसेर, ग्यामा नाला और चोकुला क्षेत्रों में 20 अछूती चोटियों पर विजय प्राप्त करके नया इतिहास रच दिया। दिरांग राष्ट्रीय पर्वतारोहण एवं साहसिक खेल संस्थान के उच्च कुशल पर्वतारोहियों की टीम ने यह सफलता हासिल की।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने पर पर्वतारोहण अभियान दल से बातचीत में रक्षामंत्री ने पर्वतारोहियों के साहस और दृढ़ संकल्प की सराहना की। उन्होंने इस अभियान को भारत की पर्वतारोहण उत्कृष्टता और साहसिक खेलों में नेतृत्व का प्रमाण बताया। राजनाथ सिंह ने पर्वतारोहियों को प्रेरणास्रोत बताते हुए कहाकि इन सफल आरोहणों ने नए मानदंड स्थापित किए हैं और देशभर के युवा पर्वतारोहियों को साहसिक और खोजपूर्ण गतिविधियों को आगे बढ़ाने एवं देश को गौरवांवित करने केलिए प्रोत्साहित किया है। उन्होंने कहाकि पर्वतारोहण अभियान में असाधारण योजना, तकनीकी विशेषज्ञता, सहनशक्ति और टीमवर्क प्रशंसनीय है।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहाकि इस पर्वतारोहण अभियान ने उच्च पर्वतीय पर्वतारोहण में देश की क्षमताओं को दर्शाया और वैश्विक पर्वतारोहण मानचित्र पर इसकी उपस्थिति को मजबूत किया है। उन्होंने कहाकि इसका आयोजन उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में रोमांच और अन्वेषण की भावना को बढ़ावा देने और पर्वतारोहियों की भावी पीढ़ियों को प्रेरित करने केलिए किया गया था। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी कर्तव्य भवन-2 नई दिल्ली में आयोजित ध्वजारोहण समारोह में उपस्थित थे।