बिहार: विक्रमशिला सेतु पर थमेगी रफ्तार, गंगा में चलेगा क्रूज; जानें भागलपुर-नवगछिया जाने का नया रास्ता?

Vikramshila Bridge: भागलपुर की जीवनरेखा कहे जाने वाले विक्रमशिला सेतु पर स्थायी निर्माण कार्य के चलते 30 सितंबर की मध्यरात्रि से वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा. बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के निर्देशानुसार, एक अक्टूबर से बेली ब्रिज खोलने का काम युद्धस्तर पर शुरू होगा. इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए संवेदक का चयन पहले ही हो चुका है और चार स्पेन के डेक टाइप ट्रस गर्डर का फैब्रिकेशन कर बरारी घाट पर स्टोर भी किया जा चुका है.

यातायात बंद होने से यात्रियों को होने वाली असुविधा से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने वैकल्पिक जलमार्ग की पुख्ता व्यवस्था की है. भागलपुर और नवगछिया के बीच गंगा नदी में क्रूज का संचालन किया जाएगा. सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने के लिए डीएम ने जिला परिवहन पदाधिकारी को बोर्डिंग और डी-बोर्डिंग पॉइंट पर मोटरयान निरीक्षक (MVI) और प्रवर्तन अवर निरीक्षक (ESI) की तैनाती के निर्देश दिए हैं, ताकि सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन हो सके.

यात्रियों के लिए जीविका दीदी की रसोई का संचालन

यात्रियों और छोटे वाहनों के आवागमन के लिए बियाडा, बाबूपुर और जाह्नवी चौक घाटों को विशेष रूप से चिह्नित किया गया है. इन प्रमुख फेरी घाटों पर एमवीआइ, इएसआइ, पुलिस बल, एसडीआरएफ और चिकित्सकों की तैनाती रहेगी. साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोपरि रखते हुए घाटों के आसपास किसी भी प्रकार की निजी दुकानें लगाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है, जबकि यात्रियों की सुविधा के लिए जीविका दीदी की रसोई का संचालन किया जाएगा जहां स्वच्छ भोजन उपलब्ध होगा.

सभी चिह्नित घाटों पर सीसीटीवी कैमरे

दूसरी ओर, निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा और सुगमता बनाए रखने के लिए बरारी पुल घाट पर नगर निगम प्रशासन द्वारा मजबूत बैरिकेडिंग कराई जा रही है, ताकि आम लोग निर्माण क्षेत्र में प्रवेश न करें. वर्तमान में इस घाट से फेरी सेवा का संचालन नहीं होगा और इससे जुड़े दिशा-निर्देशन वाले पोस्टर-बैनर शहर में जगह-जगह लगाए जा रहे हैं. इसके अलावा, सभी चिह्नित घाटों पर व्यापक सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं ताकि पूरी गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके.

ये भी पढ़ें: अब कभी कानपुर नहीं जाऊंगी, बस अपने बेटे, विनीत मिनोचा हत्याकांड में 21 दिन बाद जेल से रिहा होकर क्या बोली बहू शालू?

शिवम

शिवम

घूमने का शौक, The-VOB , Daily hunt न्यूज़ में 3 साल से ज्यादा के काम का अनुभव.

Read More

google button