नागपुर के फेमस अशोका रेस्टोरेंट में परोसा गया कॉकरोच वाला सूप; बवाल के बाद एफडीए ने दी दबिश| Navbharat Live
नागपुर के फेमस अशोका रेस्टोरेंट में परोसा गया कॉकरोच वाला सूप; बवाल के बाद एफडीए ने दी दबिश
-
Written By:
गोरक्ष पोफली
Updated On: Jul 18, 2026 | 04:35 PM IST
विज्ञापन
सार
Cockroach In Soup Nagpur: नागपुर के मशहूर अशोका रेस्टोरेंट में ग्राहक के सूप में कॉकरोच मिलने से हड़कंप मचा गया। शिकायत के बाद FDA की टीम ने दबिश दी और सैंपल्स लेकर जांच शुरू की।

सूप में मिला कॉकरोच (सोर्स: एआई फोटो)
विस्तार
Nagpur Ashoka Restaurant Cockroach In Soup: महाराष्ट्र के नागपुर शहर से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने शहर के खाने-पीने के शौकीनों के होश उड़ा दिए हैं। नागपुर के वीआईपी और व्यस्त माने जाने वाले सदर इलाके में स्थित मशहूर अशोका रेस्टोरेंट में उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब एक ग्राहक के सूप में मरा हुआ कॉकरोच पाया गया। यह घटना न केवल घिनौनी है, बल्कि इसने शहर के बड़े होटलों में स्वच्छता के दावों की पोल खोल कर रख दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, एक ग्राहक जब अशोका रेस्टोरेंट में बैठकर बड़े चाव से सूप का आनंद ले रहा था, तभी उसकी नजर कटोरे के अंदर तैर रहे एक कॉकरोच पर पड़ी। यह देखते ही ग्राहक के होश उड़ गए और उसने तुरंत इसकी शिकायत रेस्टोरेंट प्रबंधन से की। देखते ही देखते यह बात रेस्टोरेंट में मौजूद अन्य ग्राहकों तक फैल गई, जिससे वहां हड़कंप मच गया। जो लोग खाना खा रहे थे, वे भी अपनी थालियां छोड़कर खड़े हो गए और रेस्टोरेंट के कामकाज में भारी व्यवधान उत्पन्न हुआ।
एक्शन मोड में एफडीए की टीम
जैसे ही इस गंभीर लापरवाही की सूचना खाद्य एवं औषधि प्रशासन को मिली, विभाग के अधिकारी तुरंत हरकत में आ गए। एफडीए की एक विशेष टीम ने फौरन अशोका रेस्टोरेंट पहुंचकर जांच शुरू कर दिया। अधिकारियों ने मौके से भोजन के विभिन्न सैंपल्स एकत्र किए हैं, जिन्हें टेस्ट के लिए प्रयोगशाला में भेजा गया है। इसके अलावा, एफडीए की टीम अब इस बात की भी कड़ाई से जांच कर रही है कि क्या यह प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के अनिवार्य सरकारी नियमों का पालन कर रहा है या नहीं।
सम्बंधित ख़बरें
यह भी पढ़ें: पश्चिम रेलवे का बड़ा सुरक्षा अपग्रेड: चर्चगेट और मुंबई सेंट्रल पर लगेंगे नए हाइड्रोलिक बफर
प्रबंधन की माफी और भविष्य की कार्रवाई
इस सनसनीखेज मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए अशोका रेस्टोरेंट के प्रबंधन ने इस बड़ी चूक को स्वीकार किया है। उन्होंने इस घटना पर गहरा खेद व्यक्त करते हुए ग्राहकों से माफी मांगी है और आश्वासन दिया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर नागपुर के रेस्टोरेंट्स में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों पर बड़े सवालिया निशान लगा दिए हैं। फिलहाल, प्रशासन को अब लैब की रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आधार पर रेस्टोरेंट के खिलाफ आगे की दंडात्मक कार्रवाई तय की जाएगी। नागपुर शहर के लोगों में इस घटना को लेकर काफी गुस्सा है, क्योंकि अशोका जैसे बड़े नाम से ऐसी लापरवाही की उम्मीद किसी को नहीं थी।
