झांसी में फूट-फूटकर रोए सब्जी वाले: मंडी की जगह शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने का विरोध, बोले-मर जाएंगे पर दुकानें नहीं हटाएंगे - Jhansi News

सब्जी मंडी पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से परेशान विक्रेता फूट फूटकर रोए। अधिकारियों से हुई तीखी बहस।

झांसी के सीपरी बाजार की सब्जी मंडी में प्रस्तावित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण से पहले दुकानों को खाली कराने की कार्रवाई शनिवार को विरोध में बदल गई। नगर निगम की टीम के पहुंचते ही दुकानदार भड़क उठे।

.

महिला दुकानदार रो पड़ीं और अधिकारियों से तीखी नोकझोंक हुई। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि उन्हें गालियां दी जा रही हैं और रात में बुलडोजर चलाने की धमकी दी जा रही है।

पहले 5 तस्वीर में देखिए…

दुकानें टूटने से परेशान रोतीं सब्जी विक्रेता।

दुकानें टूटने से परेशान रोतीं सब्जी विक्रेता।

सब्जी विक्रेता बोले, हम गरीबों को मत उजाड़ो।

सब्जी विक्रेता बोले, हम गरीबों को मत उजाड़ो।

सब्जी मंडी के बाहर खड़े दुकानदार।

सब्जी मंडी के बाहर खड़े दुकानदार।

दशकों पुरानी दुकानों पर संकट

सीपरी मंडी में 123 सब्जी की दुकानें हैं, जिन्हें विक्रेताओं ने वर्षों पहले टीन शेड और टाट लगाकर बनाया था। कई परिवारों की दूसरी-तीसरी पीढ़ी इन्हीं दुकानों से अपना गुजर-बसर कर रही है। नगर निगम इन दुकानों से वर्षों से किराया भी वसूलता रहा है। अब इसी स्थान पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाए जाने की योजना के चलते दुकानों को खाली कराया जा रहा है।

पहले दिया था अस्थायी विस्थापन का भरोसा

दुकानदारों ने बताया कि कुछ दिन पहले नगर निगम की कार्रवाई के बाद उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य के साथ अपर नगर आयुक्त राहुल यादव से मुलाकात की थी। उस दौरान उन्हें आश्वासन दिया गया था कि निर्माण पूरा होने तक रेलवे क्षेत्र में सड़क किनारे अस्थायी रूप से दुकानें लगवाई जाएंगी और बाद में नए कॉम्प्लेक्स में दुकानें आवंटित की जाएंगी। दुकानदारों का कहना है कि उन्हें इस संबंध में कोई लिखित आदेश नहीं दिया गया, इसलिए उन्हें भविष्य को लेकर भरोसा नहीं है।

नगर निगम की टीम पहुंची तो बढ़ा विवाद

शनिवार को एक बार फिर अतिक्रमण निरोधी दस्ता दुकानें खाली कराने पहुंचा। इस दौरान दुकानदारों और अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई। महिला दुकानदारों ने आरोप लगाया कि टीम में शामिल कुछ लोगों ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और रात में बुलडोजर से दुकानें हटाने की धमकी दी।

सब्जी विक्रेता कमला बोलीं, हमारी यहां पीढ़ियां गुजर गईं।

सब्जी विक्रेता कमला बोलीं, हमारी यहां पीढ़ियां गुजर गईं।

सब्जी विक्रेता धनवंती बोलीं किराया लेकर भी हटा रहे।

सब्जी विक्रेता धनवंती बोलीं किराया लेकर भी हटा रहे।

दुकानदार बोलीं- मर जाएंगे, लेकिन दुकान नहीं हटाएंगे

सब्जी विक्रेता कमला ने कहा कि उनकी सास इसी दुकान पर सब्जी बेचती थीं और पिछले 40 वर्षों से उनका परिवार यहीं से जीवनयापन कर रहा है। उन्होंने भावुक होकर कहा, "हमें यहीं मारकर दफना दो, लेकिन दुकान नहीं हटाएंगे।"

विक्रेता धनवंती ने कहा कि सभी दुकानदार वर्षों से किराया जमा कर रहे हैं, फिर भी उन्हें उजाड़ा जा रहा है। उनका आरोप है कि निगम कर्मचारी गालियां देकर धमका रहे हैं कि रात में दुकानें उखाड़ दी जाएंगी।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उन्हें हटाया गया तो सभी दुकानदार सांसद अनुराग शर्मा, विधायक रवि शर्मा, मेयर और पार्षद के घरों के सामने अपनी दुकानें लगाएंगे।

रात में नाले का मलबा डालने का आरोप

सब्जी विक्रेता बालमुकुंद और मोहम्मद जावेद ने आरोप लगाया कि शुक्रवार देर रात करीब एक बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली से मंडी में नाले का मलबा डाल दिया गया। उनका कहना है कि पूछने पर चालक वहां से भाग गया। सुबह अधिकारियों ने इसे निर्माण सामग्री बताया, जबकि दुकानदारों का आरोप है कि ऐसा उन्हें हटाने के लिए किया जा रहा है।

किराए की पर्चियां दिखाते सब्जी विक्रेता।

किराए की पर्चियां दिखाते सब्जी विक्रेता।

'60 दुकानों की बात कहकर दुकानदारों में फूट डलवाई जा रही'

दुकानदारों का आरोप है कि नगर निगम के अधिकारी कह रहे हैं कि नए कॉम्प्लेक्स में केवल 60 दुकानों का आवंटन होगा, जबकि वर्तमान में 123 दुकानदार हैं। दुकानदारों ने सवाल उठाया कि यदि ऐसा हुआ तो बाकी लोगों का क्या होगा। उनका कहना है कि इससे दुकानदारों के बीच आपसी विवाद की स्थिति पैदा होगी और बुजुर्ग व कमजोर दुकानदार सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे।

नगर निगम ने कहा निर्माण पूरा होने तक हटा रहे

अपर नगर आयुक्त राहुल यादव ने कहा कि किसी भी दुकानदार को स्थायी रूप से नहीं हटाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण के दौरान व्यापार प्रभावित न हो, इसलिए दुकानदारों को अस्थायी रूप से दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद उन्हें नए कॉम्प्लेक्स में दुकानें आवंटित की जाएंगी।