धमतरी में आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन : खेत की मेड़ों में दफन था शराब का जखीरा, बिक्री करते हुए दो आरोपी भी गिरफ्तार  - Haribhoomi

धमतरी में आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन : खेत की मेड़ों में दफन था शराब का जखीरा, बिक्री करते हुए दो आरोपी भी गिरफ्तार 

धमतरी जिले में पुलिस ने जहां खेत में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया 80 लीटर महुआ शराब और 2400 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया है।

 Accused in police custody

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

  • Published: 19 Jul 2026, 08:14 PM IST
  • Last Updated: 19 Jul 2026, 08:14 PM IST

यशवंत गंजीर- धमतरी। जिले में अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन और पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में भारी मात्रा में महुआ शराब, महुआ लाहन और देशी शराब जब्त की। आबकारी विभाग ने जहां खेत में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया 80 लीटर महुआ शराब और 2400 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया, वहीं धमतरी पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से अवैध शराब बेचते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

कलेक्टर के निर्देश पर आबकारी विभाग की विशेष टीम ने भखारा क्षेत्र के ग्राम कोपेडीह में दबिश दी। जांच के दौरान अधिकारियों ने फावड़े से खेत की मेड़ों को खोदकर जमीन में छिपाकर रखा गया महुआ लाहन और शराब बरामद की। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 1 लाख 12 हजार रुपये बताई गई है। बरामद शराब और महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 34(च) और 59-क के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

4.05 लीटर कच्ची महुआ शराब हुई बरामद 
इधर, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मगरलोड पुलिस ने ग्राम मड़ेली में कार्रवाई कर दयावती कमार (59 वर्ष) को 4.05 लीटर कच्ची महुआ शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से शराब और बिक्री रकम सहित 1,250 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई। वहीं चौकी बिरेझर पुलिस ने ग्राम खपरी में नीरज बघेल (28 वर्ष) को 2.160 लीटर देशी शराब बेचते हुए पकड़ा। 

आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज

धमतरी जिले में पुलिस ने जहां खेत में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया 80 लीटर महुआ शराब और 2400 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया है। pic.twitter.com/1Rbq6Bb1Wv

— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) July 19, 2026

आरोपी से शराब और बिक्री राशि सहित 1,500 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई। दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। प्रशासन और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)