बेगूसराय-मनेर में डाकघर-पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी: डाक अधीक्षक को ई-मेल, लिखा- पूरे ऑफिस में बम लगा है; कैंपस खाली कराए गए - Bihar News

बेगूसराय के प्रधान डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। एहतियात के तौर पर दोनों कार्यालयों को तुरंत खाली करा लिया गया।

.

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12 बजे डाक अधीक्षक अर्चना कुमारी ने अपना आधिकारिक ई-मेल चेक किया। मेल खोलते ही उनके होश उड़ गए।

ई-मेल में लिखा था, "प्रधान डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय परिसर में बम लगाया गया है, जो किसी भी समय विस्फोट कर सकता है।" डाक अधीक्षक के अनुसार, यह ई-मेल किसी अज्ञात ID से भेजा गया था।

बेगूसराय के अलावा पटना के मनेर में भी पोस्ट ऑफिस कैंपस में मौजूद पासपोर्ट ऑफिस को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यहां भी ईमेल के जरिए ही धमकी दी गई है।

सूचना मिलते ही बेगूसराय और मनेर में पुलिस और बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) की टीम मौके पर पहुंची। पूरे परिसर को सील कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

नीचे 3 तस्वीरें देखिए…

मौके पर पहुंची बम स्क्वायड की टीम।

मौके पर पहुंची बम स्क्वायड की टीम।

कोने-कोने की टीम कर रही जांच।

कोने-कोने की टीम कर रही जांच।

बम की सूचना मिलने के बाद पूरे कैंपस को खाली कराया गया है।

बम की सूचना मिलने के बाद पूरे कैंपस को खाली कराया गया है।

कार्यालय को खाली कराया गया

ई-मेल मिलने के बाद डाक अधीक्षक ने मामले की सूचना पुलिस को दी। तुरंत कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क किया। धमकी की खबर मिलते ही कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और अपने जरूरी कामों को (जैसे-डाक सेवा, बचत खाता, पासपोर्ट सत्यापन आदि) के लिए पहुंचे आम लोगों के बीच भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई।

सुरक्षाकर्मियों और डाक विभाग के अधिकारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए बेहद कम समय में पूरे परिसर को सुरक्षित रूप से खाली करा लिया। एकाएक कार्यालय बंद होने और परिसर खाली कराए जाने से नागरिक भी दहशत में नजर आए।

घेराबंदी कर तलाशी अभियान

सुरक्षा के लिहाज से पूरे प्रधान डाकघर और पासपोर्ट ऑफिस परिसर की घेराबंदी कर दी गई है। घटनास्थल पर बम निरोधक दस्ता पहुंच चुकी है। परिसर के कोने-कोने, संदिग्ध बैग्स, पार्सल सेक्शन, काउंटर एरिया और पासपोर्ट केंद्र के हर कमरों की मेटल डिटेक्टर और खोजी कुत्तों की मदद से बारीकी से तलाशी ली जा रही है।

इस सनसनीखेज मामले को लेकर पुलिस और साइबर सेल की टीम सक्रिय हो गई है। जिस अज्ञात Email ID से डाक अधीक्षक को यह धमकी भरा संदेश भेजा गया है। उसके IP एड्रेस और सर्वर लोकेशन को ट्रैक किया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह किसी असामाजिक तत्व का खौफ पैदा करने वाला अफवाह है या कुछ और।

बेगूसराय का ये मेन पोस्ट ऑफिस है। इसी बिल्डिंग की दूसरी साइड में पासपोर्ट ऑफिस है।

बेगूसराय का ये मेन पोस्ट ऑफिस है। इसी बिल्डिंग की दूसरी साइड में पासपोर्ट ऑफिस है।

अफवाह से बचने की अपील

पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। पुलिस स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है और जल्द ही इस धमकी के पीछे के असमाजिक तत्वों का पर्दाफाश कर लिया जाएगा। फिलहाल सुरक्षा जांच जारी रहने तक डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय की सेवाएं बाधित है।

15 जुलाई को पटना RTO को मिला था मेल

साइबर DSP इमरान अहमद ने कहा कि करीब 10 बजे ईमेल मिला। मेल में लिखा है, पैगंबर साहब के खिलाफ टिप्पणी की गई है। इसलिए उड़ा दिया जाएगा। ये एक फॉरवर्डडेड Email है। जांच में पता चला है कि ये 15 जुलाई का ईमेल है। जो ऑटोमिक आईओ एक्सटेंशन नाम से आया था।

15 जुलाई को आरटीओ पटना को Email मिला। फिर पुलिस कार्यालय और सिविल कार्यालय में फॉरवर्ड किया गया। जिसके बाद बेगूसराय को भी मिला। टाउन और साइबर थाना मौजूद है। अभी बम दस्ता निरीक्षण कर रहा है। तीन मंजिला बिल्डिंग को खाली करा दिया गया है। 2 फ्लोर की जांच हो गई है। एक फ्लोर बचा है।