पीएम आवास के बाहर भारी हंगामा, धरना दे रहे राहुल गांधी को हिरासत में लिया गया, उठा ले गई दिल्ली पुलिस
देश
पीएम आवास के बाहर भारी हंगामा, धरना दे रहे राहुल गांधी को हिरासत में लिया गया, उठा ले गई दिल्ली पुलिस
- Authored by: अमित कुमार मंडल
- Updated Jul 21, 2026, 07:22 PM IST
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और कई अन्य नेताओं ने छात्रों के खिलाफ पुलिस के बल प्रयोग के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग करते हुए मंगलवार को यहां प्रधानमंत्री आवास के निकट धरना दिया।
![]()
राहुल गांधी को हिरासत में लिया गया
Rahul Gandhi Detained: पीएम आवास के बाहर धरने पर बैठे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। सरकार के समझाने पर भी जब राहुल नहीं माने तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। राहुल को जब पुलिस धरनास्थल से ले जाने लगी तो राहुल ने इसका विरोध किया और जमीन पर लेट गए। इसके बावजूद पुलिस उन्हें उठाकर ले गई। राहुल के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा, मल्लिकार्जुन खरगे सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद थे जिन्हें पुलिस ने हटाकर बस में बैठा दिया। सपा अध्यक्ष अखिलेश भी यहां पहुंचे थे और पुलिस ने उन्हें भी हटा दिया।
सुरजेवाला बोले, राहुल के नेतृत्व में नई क्रांति की शुरुआत
लोक कल्याण मार्ग पर विरोध-प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने पर कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, यह अंत नहीं, बल्कि राहुल गांधी के नेतृत्व में एक नई क्रांति की शुरुआत है। वे हमें जेल में डाल सकते हैं, लाठीचार्ज कर सकते हैं या हमारे साथ दुर्व्यवहार कर सकते हैं, लेकिन मोदी जी को उन करोड़ों भारतीय बेटों-बेटियों को जवाब देना होगा, जिनका भविष्य पेपर लीक की वजह से बर्बाद हो गया और जिनके परिवारों की उम्मीदें टूट गईं। यह क्रांति अब एक प्रचंड जनआंदोलन का रूप लेगी और राहुल गांधी के नेतृत्व में इसे रोका नहीं जा सकेगा।

राहुल को धरनास्थल से हटाया गया
अखिलेश यादव भी पहुंचे
इस बीच समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा सांसद अखिलेश यादव भी प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस के धरने में पहुंच गए हैं। बता दें कि इससे पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए लोगों से उनके धरना-प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी। उन्होंने कहा था, 'मैं हर उस देशभक्त भारतीय से अपील करता हूं जो मानता है कि हमारे छात्रों को न्याय मिलना चाहिए - प्रधानमंत्री आवास के सामने हमारे धरने में शामिल हों।'

पीएम आवास के बाहर राहुल गांधी
कांग्रेस नेताओं का धरना
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और कई अन्य नेताओं ने छात्रों के खिलाफ पुलिस के बल प्रयोग के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग करते हुए मंगलवार को यहां प्रधानमंत्री आवास के निकट धरना दिया। राहुल गांधी ने छात्रों को न्याय दिलाने के लोगों से इस धरने में शामिल होने का आह्वान किया। धरना शुरू होने के कुछ देर बाद प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी से धरना खत्म करने का आग्रह किया। सिंह के साथ गृह सचिव गोविंद मोहन भी थे।

दिल्ली पुलिस का एक्शन
प्रधानमंत्री के आवास 7 लोक कल्याण मार्ग के निकट धरने पर बैठे कांग्रेस नेताओं ने यहां 'प्रधानमंत्री इस्तीफा दो', 'गुंडागर्दी नहीं चलेगी' और 'छात्रों को न्याय दो' के नारे लगाए। इस धरने में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, केरल के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश, रणदीप सुरजेवाला, पवन खेड़ा और कई अन्य सांसद शामिल हैं। धरना शुरू होने के कुछ देर बाद ही पुलिस ने लोकसभा सदस्य चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, शशिकांत सेंथिल और कई अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया। कांग्रेस नेताओं ने धरने के दौरान हाथों में हथकड़ियां पहनकर पुलिस द्वारा छात्रों के खिलाफ कार्रवाई का सांकेतिक रूप से विरोध किया।
छात्रों पर हमला हर भारतीय परिवार पर हमला है
राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, छात्रों पर हमला हर भारतीय परिवार पर हमला है। प्रधानमंत्री मोदी को लगता है कि वो बिना जवाब दिए बिना, किसी नतीजे का सामना किए बिना बच निकलेंगे तो वह ऐसा नहीं कर पाएंगे, इस बार तो बिल्कुल नहीं। मैं हर उस देशभक्त भारतीय से अपील करता हूं जो मानता है कि हमारे छात्रों को न्याय मिलना चाहिए, प्रधानमंत्री आवास के सामने हमारे धरने में शामिल हों।
उनका कहना था कि भारत के छात्रों की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास तक मार्च करके पहुंचे हैं, ताकि कल युवा छात्रों के साथ हुई बर्बरता के लिए उनसे जवाब मांगा जा सके। सरकार न तो इस घटना की कोई जवाबदेही लेना चाहती है और न ही संसद में इस पर चर्चा करना चाहती है। उन्होंने कहा, भारत के युवाओं का भविष्य बर्बाद करने के लिए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए।
इससे पहले, राहुल गांधी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में भी प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग की। प्रियंका गांधी ने कहा, हम सदन में चर्चा करना चाहते हैं, लेकिन विपक्ष को बात नहीं करने दिया जाता। ये सदन उन्हीं युवाओं का है जिन पर सरकार लाठी चला रही है, आंसू गैस के गोले छोड़ रही है। बच्चों की बात सुनी जाए और शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लिया जाए। इससे पूर्व आज दिन में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचकर घायल छात्रों से मुलाकात भी की।
![]()
अमित कुमार मंडलauthor
अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।
और पढ़ें
- Hindi News
- India
End of Article