दिलावर बोले- धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देने की जरूरत नहीं: दिल्ली में हो रहे आंदोलन में घुस गए गुंडे; लड़कियों को छेड़ रहे - Jaipur News

जयपुर में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा- राजस्थान में पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान डेढ़ दर्जन से अधिक पेपर लीक हुए थे। उस समय तत्कालीन शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया था।

.

दिलावर ने कहा- जब REET का पेपर लीक हुआ था, तब गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा था कि इसकी जिम्मेदारी माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की है। ऐसे में अब वे किस हैसियत से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रहे हैं। उन्होंने कहा- अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा मांगेंगे तो वे भी इस्तीफा दे देंगे, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में इसकी कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा- किसी भी मंत्री को "मवालियों के दबाव" में आकर इस्तीफा नहीं देना चाहिए।

जयपुर स्थित शिक्षा संकुल में मीडिया से शुक्रवार को बातचीत के दौरान यह कहा। नीट पेपर लीक, कांग्रेस और दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पेपर लीक के मामलों पर सख्त कार्रवाई कर रही है। दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

प्रदर्शन में देश विरोध नारे लगाए

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने दावा किया- नीट परीक्षा देने वाले अधिकांश विद्यार्थी ईमानदारी से परीक्षा में शामिल हुए थे, लेकिन आंदोलन में ऐसे लोग शामिल हो गए। जिन्होंने आंदोलन को बदनाम कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन में शामिल कुछ लोग देश विरोधी नारे लगा रहे हैं। पुलिस पर हमला कर रहे हैं। महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। ऐसे लोग आंदोलन की आड़ में कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

नेपाल और श्रीलंका जैसे हालात भारत में पैदा करना चाहते

मदन दिलावर ने कहा- कुछ प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया- आंदोलन में शामिल कुछ लोग नेपाल और श्रीलंका जैसे हालात भारत में पैदा करना चाहते हैं, लेकिन भारत में ऐसी कोशिशें सफल नहीं होंगी और कानून अपना काम करेगा।

बोले- कांग्रेस सरकार में पेपर लीक हुए

शिक्षा मंत्री ने कहा- कांग्रेस नेताओं का यह दावा गलत है कि उनके शासनकाल में पेपर लीक नहीं हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के दौरान पेपर लीक हुए और कुछ नेताओं ने ही पेपर बेचकर अपनी तिजोरियां भरीं। उन्होंने कहा कि मामले में गिरफ्तार लोग जेल में हैं और जांच एजेंसियों के सामने कई तथ्य सामने आए हैं।

स्कूल बिल्डिंग गिरने पर मैं देना चाहता था इस्तीफा

स्कूल भवन हादसे को लेकर पूछे गए सवाल पर दिलावर ने कहा- जब राजस्थान में स्कूल भवन गिरने की घटना हुई थी, तब मैंने मुख्यमंत्री के सामने इस्तीफे की पेशकश की थी। उन्होंने कहा- मैंने स्पष्ट कहा था कि अगर मुख्यमंत्री चाहेंगे तो मैं तत्काल इस्तीफा दे दूंगा। इसी तरह अगर प्रधानमंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा मांगेंगे तो वह भी ऐसा करेंगे।

दिल्ली में पुलिस कार्रवाई का किया समर्थन

दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के सवाल पर मदन दिलावर ने पुलिस की कार्रवाई का समर्थन किया। उन्होंने कहा- जिस तरह का प्रदर्शन किया जा रहा था, उसे देखते हुए पुलिस ने जो कुछ किया। वह काफी कम था। उन्होंने दावा किया- आंदोलन के दौरान गुंडागर्दी की गई और पुलिस ने जितनी कार्रवाई की। उससे भी अधिक सख्ती की जा सकती थी।

दिलावर ने यह भी आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान कुछ लोगों ने छात्राओं के साथ अभद्रता की। उनके कपड़े फाड़े। उन्होंने कहा- मेरी नजर में इस तरह का व्यवहार करने वाले लोग वास्तविक नीट अभ्यर्थी नहीं हो सकते।