आज हमारा प्रदेश उपद्रवग्रस्त प्रदेश नहीं, बल्कि ‘उत्सव प्रदेश’ बन गया : योगी आदित्यनाथ
मैनपुरी (उप्र), 26 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) के गढ़ माने जाने वाले मैनपुरी में विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए रविवार को कहा कि प्रदेश अब ‘‘उपद्रव प्रदेश’’ नहीं, बल्कि ‘‘उत्सव प्रदेश’’ बन गया है।
मुख्यमंत्री ने यहां 682 करोड़ रुपये की लागत की 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि आज हमारा प्रदेश उपद्रव प्रदेश नहीं, बल्कि उत्सव प्रदेश बन गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अब न कर्फ्यू है, न दंगा है। उत्तर प्रदेश में अब सब चंगा है।’’
योगी ने कहा कि अब प्रदेश में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, रामनवमी की शोभायात्राएं, दुर्गा पूजा और होली-दीपावली जैसे पर्व शांतिपूर्ण माहौल में मनाए जाते हैं और लोग पूरे परिवार के साथ इनमें शामिल होते हैं।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी एवं मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव के संसदीय क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘याद कीजिए, उस समय अनेक प्रतिष्ठित परिवार अपनी बेटियों को पढ़ाई के लिए उत्तर प्रदेश से बाहर छात्रावासों या रिश्तेदारों के यहां भेजने को मजबूर थे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जिस उम्र में बेटियों को माता-पिता का संरक्षण मिलना चाहिए, उस समय उन्हें छात्रावास भेजना पड़ता था। शादी के बाद तो बेटी ससुराल जाती ही है, कम से कम पढ़ाई के दौरान वह अपने माता-पिता के संरक्षण में रह सके, लेकिन उस समय समाजवादी पार्टी के गुंडों ने लोगों का जीना मुश्किल कर रखा था।’’
व्यापारियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘व्यापारी उत्तर प्रदेश में निवेश करने से डरता था, क्योंकि उसे लगता था कि न केवल उसकी पूंजी डूब जाएगी, बल्कि उसकी सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाएगी।’’
योगी आदित्यनाथ ने मैनपुरी में भाजपा के एक नेता की हत्या का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मदन चौहान की इसी मैनपुरी में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उस समय व्यापारी रोज प्रार्थना करके घर से निकलता था कि शाम को सकुशल लौटकर अपने परिवार का चेहरा देख सके।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद कानून-व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने स्पष्ट कर दिया था कि हमारी नीति अपराध और अपराधियों को कतई बदार्शत नहीं करने की होगी। इटावा हो या मैनपुरी, संगठित अपराध की कमर तोड़कर रहेंगे।’’
योगी ने कहा, ‘‘हमने प्रदेश को माफिया-मुक्त बनाने का संकल्प लिया था। यदि कोई माफिया सिर उठाकर बेटियों या व्यापारियों की सुरक्षा के लिए खतरा बनेगा, तो उसके लिए केवल दो ही स्थान होंगे-जेल या जहन्नुम। तीसरे स्थान की कोई गुंजाइश नहीं है। माफिया की पहचान केवल मिट्टी में मिल जाने तक सीमित रहेगी।’’
बिना अखिलेश यादव का नाम लिए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘2017 से पहले विकास और विरासत के लिए किसी के पास समय नहीं था। जो व्यक्ति दोपहर तक सोकर उठे, फिर तैयार होने और शाम को महफिल सजाने में व्यस्त रहे, उससे प्रदेश के विकास की क्या उम्मीद की जा सकती है। जिसका लक्ष्य केवल लूटकर अपने परिवार का खजाना भरना हो, उसका तो भगवान ही मालिक है।’’
भाषा आनन्द खारी
खारी