बिहार छात्र आंदोलन में घायल छात्रों से राहुल गांधी ने की बात, जेल और अस्पताल पहुंचे कांग्रेस नेता

Bihar Student Protest News: बिहार में छात्र आंदोलन और सिवान गोलीकांड को लेकर कांग्रेस ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है. पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किए गए छात्र नेताओं से जेल में मुलाकात की, वहीं गोलीकांड में घायल छात्रों का अस्पताल पहुंचकर हालचाल जाना. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी सिवान गोलीकांड में घायल छात्रों से फोन पर बात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और न्याय की लड़ाई में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया.

राहुल गांधी ने मंगलवार को सिवान गोलीकांड में घायल छात्रों से फोन पर बातचीत की. यह बातचीत पटना के जयप्रभा मेदांता अस्पताल में कराई गई, जहां एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ मौजूद थे. राहुल गांधी ने घायल छात्रों से उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की.

इस दौरान राहुल गांधी ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि न्याय की लड़ाई में कांग्रेस उनके साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहयोग दिया जाएगा.

इससे पहले बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ पटना के बेऊर केंद्रीय कारा पहुंचे. दोनों नेताओं ने छात्र आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किए गए छात्र नेताओं से मुलाकात की. इनमें पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष शांतनु शेखर भी शामिल हैं.

जेल में नेताओं ने गिरफ्तार छात्रों से बातचीत कर उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली. मुलाकात के बाद कृष्णा अल्लावरू ने आरोप लगाया कि बिहार सरकार छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है.

उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों और मांगों को लेकर आंदोलन करने वाले छात्रों को जेल भेजना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है. कांग्रेस छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी.

एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उनके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि गिरफ्तारियों और दमन के जरिए युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता.

बेऊर जेल में बंद छात्र नेताओं से मुलाकात के बाद विनोद जाखड़ पटना के जयप्रभा मेदांता अस्पताल पहुंचे. यहां उन्होंने छात्र आंदोलन के दौरान घायल हुए छात्रों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली.

पटना में घायल छात्रों से मुलाकात के बाद विनोद जाखड़ सिवान पहुंचे. वहां उन्होंने गोलीकांड में घायल छात्रों के परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने परिवारों से घटना की जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि कांग्रेस न्याय मिलने तक उनके साथ खड़ी रहेगी.

इस दौरान कांग्रेस और एनएसयूआई के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे. छात्र आंदोलन, गिरफ्तारियों और सिवान गोलीकांड को लेकर कांग्रेस नेताओं की लगातार सक्रियता से बिहार की राजनीति में इस मुद्दे को लेकर सियासी हलचल भी तेज हो गई है.