Prime Industries: उदय नारंग ने खरीदे 10% शेयर, दीपक हांडा बने नए डायरेक्टर

Prime Industries: उदय नारंग ने खरीदे 10% शेयर, दीपक हांडा बने नए डायरेक्टर

प्राइम इंडस्ट्रीज में उदय नारंग का निवेश

Prime Industries: प्राइम इंडस्ट्रीज लिमिटेड इन दिनों कॉरपोरेट जगत में चर्चा का विषय बनी हुई है. कंपनी में बड़े स्तर पर कई अहम बदलाव हो रहे हैं. सबसे बड़ी खबर ओमेगा सेकी मोबिलिटी के फाउंडर डॉ. उदय नारंग के निवेश से जुड़ी है. इसके साथ ही दिग्गज प्रोफेशनल दीपक हांडा को बोर्ड में शामिल किया गया है. इन रणनीतिक फैसलों से कंपनी की पूरी दिशा बदल रही है. बाजार से लेकर सोशल मीडिया तक इस डील की खूब चर्चा हो रही है.

प्राइम इंडस्ट्रीज में उदय नारंग की एंट्री

डॉ. उदय नारंग ने प्राइम इंडस्ट्रीज में 11.86 करोड़ रुपये का बड़ा निवेश किया है. प्रेफरेंशियल इश्यू के जरिए उन्होंने कंपनी में 10 फीसदी की रणनीतिक हिस्सेदारी हासिल की है. इस डील में शेयरों का भाव 42 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था. इसके तहत डॉ. नारंग को 24,92,500 इक्विटी शेयर आवंटित किए गए हैं. वहीं कुशल मुछाल को भी 2,37,500 शेयर मिले हैं. इस निवेश के बाद डॉ. नारंग की हिस्सेदारी लगभग 11.32 फीसदी हो जाएगी. इसके अलावा कंपनी ने अपनी अधिकृत शेयर पूंजी (ऑथराइज्ड शेयर कैपिटल) को भी बढ़ाकर 40 करोड़ रुपये करने की आधिकारिक मंजूरी दे दी है.

नए डायरेक्टर से मिलेगी मजबूती

प्राइम इंडस्ट्रीज ने मैनेजमेंट को मजबूत करने के लिए दीपक हांडा को एडिशनल डायरेक्टर (नॉन-एग्जीक्यूटिव) नियुक्त किया है. दीपक के पास ऑटोमोटिव, इंजीनियरिंग के साथ भारी मशीनरी व प्रिसिजन मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में 25 साल से ज्यादा का अनुभव है. कंपनी अब स्पेशलाइज्ड इंजीनियरिंग की तरफ तेजी से कदम बढ़ा रही है. ऐसे में हांडा का लंबा अनुभव प्राइम इंडस्ट्रीज की नई योजनाओं को जमीन पर उतारने में बेहद मददगार साबित होगा.

घी से लेकर डिफेंस तक का सफर

ये कंपनी शुरुआत में वनस्पति घी बनाने का काम करती थी. लेकिन अब इसने अपना दायरा काफी बढ़ा लिया है. कंपनी अब कैपिटल गुड्स, न्यूक्लियर, डिफेंस, एयरोस्पेस, बायो-एनर्जी के साथ ऑटोमोटिव डिजाइन जैसे नए क्षेत्रों में फोकस कर रही है. इसके लिए कंपनी ने अपने मेमोरेंडम ऑफ एसोसिएशन (MoA) में भी बड़ा बदलाव किया है. वित्त वर्ष 2024 में के-बोवेट इंजीनियरिंग में हिस्सेदारी लेने के बाद कंपनी ने 2025 में लिंगा एग्री ट्रेडिंग मशीनरी में भी कंट्रोलिंग स्टेक खरीदा है. डॉ. नारंग का मानना है कि भारत के न्यूक्लियर व डिफेंस सेक्टर में बहुत तेजी से काम हो रहा है. उनका ये मानना है कि भारत में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग का एक बड़ा इकोसिस्टम तैयार हो सकता है.

डॉ. नारंग के अनुभव का मिलेगा लाभ

डॉ. उदय नारंग ओमेगा सेकी मोबिलिटी के फाउंडर होने के साथ ओबीएससी परफेक्शन लिमिटेड के प्रमोटर भी हैं. वे सिमास्ट्रा सिस्टम्स लिमिटेड से भी जुड़े हुए हैं. उनका कामकाज मोबिलिटी, प्रिसिजन इंजीनियरिंग के साथ डिफेंस सेक्टर से जुड़े वेंचर्स में फैला हुआ है. उनका ये बड़ा निवेश प्राइम इंडस्ट्रीज के शेयरहोल्डर बेस को काफी मजबूत बनाता है. इस बड़े निवेश की खबर बाहर आते ही सोशल मीडिया पर हलचल तेज हो गई. माइक्रोब्लॉगिंग साइट एक्स (X) पर #UdayNarangAndPrimeIndustries बिजनेस कैटिगरी में नंबर 1 पर ट्रेंड करने लगा.

विभव शुक्ला

विभव शुक्ला

विभव शुक्ला वर्तमान में TV9 हिंदी में सीनियर सब-एडिटर के तौर पर बिजनेस डेस्क पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता में उन्हें छह वर्षों का अनुभव है. विभव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की थी. इसके बाद वह Inshorts और गुजरात फर्स्ट जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े रहे हैं.

Read More

google button