Bajaj Pulsar 125: ज्यादा पावर, TFT स्क्रीन और धांसू फीचर्स! सबसे सस्ती पल्सर लॉन्च, कीमत है इतनी

Bajaj Pulsar 125 Price & Features: भारतीय बाजार में 125 सीसी बाइक खरीदने वालों के लिए Bajaj Auto ने बड़ा दांव खेला है. कंपनी ने नई जनरेशन की Bajaj Pulsar 125 को लॉन्च कर दिया है. इस बार बाइक को सिर्फ नया लुक देने के बजाय इंजन से लेकर सस्पेंशन, ब्रेक और डिजिटल फीचर्स तक में बड़े बदलाव किए गए हैं. खास बात यह है कि अब Pulsar 125 में TFT स्क्रीन, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी और Google Maps जैसे फीचर्स भी मिलते हैं. इसकी कीमत 92,900 रुपये से शुरू होकर 1.04 लाख रुपये तक जाती है.

नई Pulsar 125 में कंपनी ने 124.58 सीसी की क्षमता का सिंगल सिलिंडर इंजन दिया है. जो 12.1bhp की दमदार पावर और 11.4Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. पुराने मॉडल में 124.38cc इंजन मिलता था, जो 11.8bhp की पावर और 10.8Nm का टॉर्क देता था. यानी नई बाइक में पावर और टॉर्क दोनों में मामूली बढ़ोतरी हुई है. इंजन के साथ पहले की तरह 5-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है. हालांकि, कंपनी की स्पेसिफिकेशन शीट में गियरबॉक्स में किसी बदलाव की जानकारी नहीं दी गई है.

Pulsar 125

Pulsar 125 में कंपनी ने अब 5-इंच का बड़ा TFT डिस्प्ले दिया है. Photo: ITG


अब मिलेगी डिजिटल और TFT स्क्रीन

सम्बंधित ख़बरें

नई Pulsar 125 में सबसे बड़ा बदलाव इसके इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर में देखने को मिलता है. बाइक के अलग-अलग वेरिएंट में 4.8-इंच का पूरी तरह डिजिटल LCD डिस्प्ले या 5-इंच का बड़ा TFT डिस्प्ले दिया गया है. TFT वाले वेरिएंट में ब्लूटूथ कनेक्टिविटी मिलती है. वहीं सबसे महंगे वेरिएंट में Wi-Fi कनेक्टिविटी, Google Maps इंटीग्रेशन और स्क्रीन मिररिंग जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं. पुराने मॉडल में एनालॉग-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता था, इसलिए नई बाइक तकनीक के मामले में काफी आगे निकल गई है. 

नई पल्सर में USB Type-C चार्जिंग पोर्ट भी दिया गया है. हालांकि, LCD डिस्प्ले वाले वेरिएंट में यह फीचर ऑप्शन के तौर पर उपलब्ध है. इससे रोजाना बाइक चलाने वाले लोगों के लिए मोबाइल चार्ज करना ज्यादा आसान हो जाएगा.

यह भी पढें: क्रॉस्ड खुखरी... गोरखा अंदाज! आ गई Classic 350 Gorkha

सस्पेंशन में बड़ा बदलाव

कंपनी ने नई Pulsar 125 के सस्पेंशन सेटअप में भी बदलाव किया है. अब बाइक के आगे 31 मिमी टेलिस्कोपिक फोर्क दिया गया है, जिसमें 125 मिमी का ट्रैवल मिलता है. पुराने मॉडल में 30 मिमी फोर्क और 135 मिमी ट्रैवल दिया गया था. सबसे बड़ा बदलाव पीछे की तरफ हुआ है. नई बाइक में ट्विन शॉक एब्जॉर्बर की जगह मोनोशॉक सस्पेंशन दिया गया है, जिसका ट्रैवल 110 मिमी है. पुराने मॉडल में ट्विन शॉक सेटअप के साथ 102 मिमी का ट्रैवल मिलता था. यानी सस्पेंशन के मामले में बाइक और भी शानदार हो गई है.

Bajaj Pulsar 125

नई Pulsar 125 के सस्पेंशन सेटअप में भी बदलाव किया गया है. Photo: ITG

ब्रेकिंग सिस्टम को भी पहले से बेहतर किया गया है. नई Pulsar 125 में फ्रंट डिस्क की साइज 240 मिमी से बढ़ाकर 260 मिमी कर दी गई है. इसके अलावा पीछे की तरफ पहले की ही तरह 130 मिमी का ड्रम ब्रेक मिलता है. बाइक में कंबाइंड ब्रेकिंग सिस्टम यानी CBS भी दिया गया है. जो तेज रफ्तार में भी बैलेंस्ड ब्रेकिंग प्रदान करता है.

LED लाइटिंग के साथ कई नए फीचर्स

नई जनरेशन Pulsar 125 में LED हेडलैंप के साथ पायलट लैंप और LED टेल लैंप दिया गया है. वेरिएंट के हिसाब से इसमें हैजर्ड लाइट और बेली पैन जैसे फीचर्स भी मिलते हैं. हायर वेरिएंट में डबल हॉर्न दिया गया है, जबकि बेस वेरिएंट में सिंगल हॉर्न मिलता है. बाइक में इलेक्ट्रिक स्टार्टर के साथ किक-स्टार्ट की सुविधा भी दी गई है.

Bajaj Pulsar 125 के सभी वेरिएंट की कीमत

मॉडल  वेरिएंट कीमत (एक्स-शोरूम)
Pulsar 125 सिंगल सीट LCD  92,900
Pulsar 125 स्प्लिट सीट LCD 94,518
Pulsar 125 सिंगल सीट TFT 99,291
Pulsar 125 स्प्लिट सीट TFT 1,00,288
Pulsar 125 स्प्लिट सीट TFT + कनेक्टेड फीचर्स 1,04,318

नई Pulsar 125 को सिंगल सीट और स्प्लिट सीट के आधार पर कई अलग-अलग वेरिएंट में पेश किया गया है. इसके बेस वेरिएंट यानी सिंगल सीट और LCD वाले वेरिएंट की कीमत 92,900 रुपये है. वहीं स्प्लिट सीट और LCD वेरिएंट की कीमत 94,518 रुपये रखी गई है. सिंगल सीट और TFT वेरिएंट 99,291 रुपये में आता है. स्प्लिट सीट और TFT वेरिएंट की कीमत 1,00,288 रुपये है. सबसे ऊपर स्प्लिट सीट, TFT और कनेक्टेड फीचर्स वाले वेरिएंट की कीमत 1,04,318 रुपये है.

पुराने मॉडल से काफी महंगी हुई बाइक

नई Pulsar 125 की शुरुआती कीमत पुराने मॉडल के मुकाबले काफी ज्यादा है. पुराने Pulsar 125 की सिंगल सीट वाले वेरिएंट की कीमत 81,556 रुपये से शुरू होती थी. यानी नई जनरेशन मॉडल के लिए ग्राहकों को ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे. इसके बदले Bajaj ने बाइक में ज्यादा पावर, मोनोशॉक सस्पेंशन, बड़ा फ्रंट डिस्क ब्रेक और कनेक्टेड TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर जैसे कई बड़े अपग्रेड दिए हैं.

---- समाप्त ----