बेगूसराय में बंद को लेकर अलर्ट पर पुलिस-प्रशासन: RAF और वाटर कैनन तैनात, आज से होगी ड्रोन सर्विलांस; प्रशासन ने की शांति की अपील - Begusarai News
नीट (NEET) और अन्य परीक्षाओं से जुड़ी मांगों को लेकर छात्र संगठनों ने आज बंद बुलाया है। बेगूसराय बंद के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद और अलर्ट मोड पर है। सुबह से ही शहर के तमाम प्रमुख चौरा
.
शहर के प्रमुख चौराहों पर कड़ी सुरक्षा
सुबह से ही जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट परिसर, ट्रैफिक चौक, कचहरी चौक और हर हर महादेव चौक समेत सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मियों को मुस्तैद कर दिया गया है। सबसे व्यस्त माने जाने वाले ट्रैफिक चौक पर रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और बड़ी संख्या में पुलिस पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है।
किसी भी तरह के उग्र प्रदर्शन या भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मौके पर वाटर कैनन भी तैनात किया गया है। अभी जिले भर में आवाजाही और ई-रिक्शा आदि का परिचालन सामान्य रूप से चलता नजर आया, लेकिन प्रशासन किसी भी स्थिति में ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है।
जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीएम श्रीकांत शास्त्री और एसपी मनीष खुद पूरी स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी असामाजिक तत्व को शांति भंग करने का मौका नहीं मिले।

शहर में अलर्ट मोड में प्रशासन। पुलिस की गाड़ी चौक पर लगी है।
जिला प्रशासन की अपील
बंद के मद्देनजर बेगूसराय जिला प्रशासन ने अपील जारी की है। जिसमें कहा गया है कि NEET एवं अन्य परीक्षाओं से संबंधित किसी भी समस्या, शिकायत या असंतोष को छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक लोकतांत्रिक व शांतिपूर्ण तरीके से सक्षम प्राधिकार के समक्ष रखें।
सोशल मीडिया पर फैलने वाली अपुष्ट और भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें और न ही उन्हें आगे शेयर करें। आगजनी, तोड़फोड़, सड़क जाम, सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों से पूरी तरह दूर रहें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरे शहर की निगरानी CCTV कैमरों से की जा रही है।

बेगूसराय में फिलहाल बंद का असर नहीं दिख रहा है।
अभिभावकों से प्रशासन की अपील
इसके अलावा आज से अगले आदेश तक सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर ड्रोन सर्विलांस और वीडियोग्राफी कराई जाएगी। उपद्रव करने वाले तत्वों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपने बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें हिंसा से दूर रखने की अपील की है।
किसी भी आपातकालीन स्थिति में संपर्क करने के लिए नंबर भी जारी किए गए हैं। इमरजेंसी डायल नंबर- 112 एवं पुलिस कंट्रोल रूम नंबर- 9031828303 पर संपर्क किया जा सकता है। बेगूसराय पुलिस और जिला प्रशासन ने आम जनता से शांति, संयम और सहयोग बनाए रखने की अपील की है।