Rajasthan: सांवले रंग पर पत्नी के ताने, बेटी से दूरी और पैसों की मांग...,सेल्स मैनेजर ने उठाया खौफनाक कदम
जयपुर के विश्वकर्मा इलाके में एक 33 वर्षीय सेल्स मैनेजर की आत्महत्या का मामला सामने आया है। मल्होत्रा नगर स्थित अपने किराये के फ्लैट में जितिन कुमार ने एक अगस्त को फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक के भाई की शिकायत पर विश्वकर्मा थाना पुलिस ने पत्नी, सास-ससुर और साले के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस को घटनास्थल से चार पेज का कथित सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें मृतक ने अपनी मौत के लिए पत्नी और ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि आरोपों की वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
बेटी से दूरी बनी मानसिक तनाव की वजह, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के भाई पार्श्व गिल्होत्रा के अनुसार, जितिन की पत्नी बेटी को लेकर अपने मायके चली गई थी। इसके बाद कथित तौर पर पिता और बेटी के बीच बातचीत बंद हो गई। परिवार का आरोप है कि बेटी से बात करवाने के बदले 20 लाख रुपये या मकान की मांग की जा रही थी। परिजनों के मुताबिक, बेटी से दूरी जितिन के लिए लगातार मानसिक तनाव का कारण बनी हुई थी। भाई ने बताया कि 25 जुलाई को बातचीत के दौरान जितिन बेटी को याद कर भावुक हो गए थे। उन्होंने बेटी की उन बातों का भी जिक्र किया था, जिनमें वह पिता के साथ जयपुर आकर रहने और उनके साथ स्कूल जाने की बात कहती थी।
विज्ञापन
जनवरी 2019 में हुई थी शादी, प्रताड़ना का भी आरोप
जानकारी के अनुसार, जितिन पिछले करीब आठ महीने से विश्वकर्मा इलाके के मल्होत्रा नगर स्थित एक अपार्टमेंट में किराये के फ्लैट में रह रहे थे। वह विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। परिजनों ने आरोप लगाया कि जनवरी 2019 में शादी के कुछ समय बाद से ही जितिन को उनके सांवले रंग को लेकर ताने दिए जाते थे। इसके अलावा पत्नी के नाम मकान करने और माता-पिता से अलग रहने का दबाव बनाए जाने का भी आरोप लगाया गया है। भाई का दावा है कि बेटी के जन्म के बाद पारिवारिक विवाद और बढ़ गया। जून 2026 में पत्नी बेटी को लेकर मायके चली गई। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद बढ़ा और पंजाब में जितिन के परिवार के कई सदस्यों के खिलाफ मामला भी दर्ज कराया गया।
विज्ञापन
दरवाजा अंदर से बंद था, पुलिस ने गेट खुलवाया
पुलिस के मुताबिक, 1 अगस्त की सुबह परिजनों ने जितिन को फोन किया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिचित फ्लैट पर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गेट खुलवाया। अंदर जितिन फंदे से लटके मिले।
मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और परिजनों को सौंप दिया गया। तलाशी के दौरान पुलिस को चार पेज का सुसाइड नोट मिला, जिसमें पत्नी, सास-ससुर और साले को मौत के लिए जिम्मेदार बताया गया है।
12 अगस्त को चार लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ केस
विश्वकर्मा थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर पत्नी, सास-ससुर और साले के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस अब सुसाइड नोट, परिजनों की ओर से लगाए गए आरोप, कॉल रिकॉर्ड और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।