Rajasthan News: बीकानेर में CM भजनलाल शर्मा ने फहराया झंडा, 15 प्लाटून का शानदार मार्चपास्ट
राजस्थान का राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह शनिवार को बीकानेर के डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में देशभक्ति के उत्साह और राजस्थान की लोक संस्कृति के रंग के बीच आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। समारोह में करीब 10 हजार लोग मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद स्टेडियम में देशभक्ति गीतों, लोक नृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को खास बना दिया।
देशभक्ति के साथ दिखी राजस्थान की लोक संस्कृति
मुख्यमंत्री के ध्वजारोहण के बाद राजस्थान सहित देश के अलग-अलग राज्यों से आए कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। राजस्थानी मांगणियार कलाकारों ने 'वंदे मातरम' की प्रस्तुति दी। इसके अलावा चरी, कालबेलिया, भवई और गेर नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। उत्तर प्रदेश के मथुरा से आए कलाकारों ने मयूर नृत्य प्रस्तुत किया। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से आए कलाकारों ने छाऊ और रायबेसे नृत्य की प्रस्तुति दी, जबकि ओडिशा के कलाकारों ने पाइका नृत्य पेश किया। करीब 1200 स्कूली बच्चों ने भी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
विज्ञापन
15 प्लाटून ने किया मार्चपास्ट
मुख्य समारोह में परेड, बैंड, मार्चपास्ट और ऊंट दल समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। परेड कमांडर आईपीएस प्रतीक के नेतृत्व में पुलिस और सुरक्षा बलों की 15 प्लाटून ने मार्चपास्ट किया। मार्चपास्ट में हाड़ी रानी महिला बटालियन अजमेर, बीकानेर पुलिस की महिला और पुरुष टुकड़ियां, जीआरपी, दसवीं बटालियन आरएसी बीकानेर, केंद्रीय कारागार, पंजाब पुलिस, तीसरी बटालियन आरएसी बीकानेर, बॉर्डर होमगार्ड, अर्बन होमगार्ड, एनसीसी आर्मी विंग और गर्ल्स विंग शामिल रहे।
विज्ञापन
16 जिलों में कलेक्टरों ने फहराया तिरंगा
राज्य स्तरीय समारोह के साथ प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए गए। झालावाड़, बारां, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, चूरू, झुंझुनूं, दौसा, करौली, धौलपुर, जैसलमेर, बालोतरा, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, राजसमंद, सलूंबर और श्रीगंगानगर में जिला कलेक्टरों ने ध्वजारोहण किया।
वहीं उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने अजमेर और उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने भीलवाड़ा में जिला स्तरीय समारोह में तिरंगा फहराया। सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने जालोर में ध्वजारोहण किया।
मंत्रियों ने भी अलग-अलग जिलों में किया ध्वजारोहण
कुछ मंत्रियों ने अपने गृह जिलों के बजाय अन्य जिलों में स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया। ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर ने बूंदी, खाद्य मंत्री सुमित गोदारा ने हनुमानगढ़ और जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने भरतपुर में तिरंगा फहराया।
राज्य भर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोहों में देशभक्ति, सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता का संदेश देखने को मिला। बीकानेर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को विशेष बना दिया।