Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मानसून की विदाई शुरू, कमजोर पड़ा बारिश का दौर; जैसलमेर में पारा 40°C पार - Haribhoomi

राजस्थान में मानसून की विदाई के साथ बारिश कमजोर पड़ गई है। जैसलमेर में तापमान 40 डिग्री पार पहुंचा। जानें मौसम विभाग का अगले 4-5 दिन का पूर्वानुमान।

Rajasthan Weather Update

Rajasthan Weather Update

  • Published: 21 Sep 2026, 08:44 AM IST
  • Last Updated: 21 Sep 2026, 08:44 AM IST

राजस्थान में मानसून की विदाई का चरण शुरू होने के साथ ही बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने लगी हैं। प्रदेश में अब ज्यादातर जगहों पर मौसम साफ रहने लगा है। रविवार को उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और भरतपुर समेत कुछ इलाकों में दोपहर के समय बादल छाए और हल्की बारिश हुई। वहीं, मौसम विभाग ने आज प्रदेश के केवल 4 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

पश्चिमी राजस्थान में पाकिस्तान सीमा से सटे इलाकों के अलावा उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहे। चित्तौड़गढ़ के कुछ हिस्सों में दिन के समय हल्की बारिश दर्ज की गई। दूसरी ओर, प्रदेश के कई इलाकों में तेज धूप के कारण गर्मी का असर बढ़ने लगा है।

कहीं 13 MM बारिश, तो कहीं हल्की बूंदाबांदी
रविवार को प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन में सबसे ज्यादा 13 MM बारिश हुई। वहीं, डूंगला में 3 MM, भरतपुर के भुसावर में 3 MM, उदयपुर के भींडर में 5 MM और कानोड़ में 4 MM बरसात रिकॉर्ड की गई।

इसके अलावा जोधपुर में 4.5 MM और बारां जिले के शाहबाद में 8 MM बारिश दर्ज हुई। प्रदेश के बाकी ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही।

सितंबर में मई जैसी गर्मी, जैसलमेर में पारा 40 डिग्री पार
राजस्थान में इस साल कम बारिश के चलते सितंबर में भी लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। बीते 24 घंटे के दौरान जैसलमेर प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा। यहां दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया।

वहीं, बाड़मेर में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। जयपुर, अजमेर, भरतपुर और कोटा संभाग के ज्यादातर इलाकों में दिनभर तेज धूप रही। इन क्षेत्रों में तापमान में मामूली बढ़ोतरी भी दर्ज की गई।

अगले 4-5 दिन कैसा रहेगा राजस्थान का मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, राजस्थान में अगले 4-5 दिन मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। मानसून की विदाई के साथ बारिश की गतिविधियों में और कमी देखने को मिल सकती है। हालांकि, कुछ इलाकों में स्थानीय मौसम परिस्थितियों के चलते बादल छाने या हल्की बारिश होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।