'किसी कीड़े ने नहीं...' फाइनली दो महीने बाद Rajesh Sharma ने अपनी तबीयत पर दिया अपडेट, बताया कैसे पड़े थे बीमार? - rajesh sharma shares health update shares the real cause of illness was not insect bite
अभिनेता राजेश शर्मा ने दो महीने बाद अपनी तबीयत पर अपडेट दिया है, जिसमें उन्होंने 'फौजी' के सेट पर कीड़े के काटने की खबर को गलत बताया।
एंटरटेनमेंट डेस्क,नई दिल्ली। इस साल जुलाई में खबर आई थी कि अभिनेता राजेश शर्मा (Rajesh Sharma) को फिल्म के सेट पर किसी कीड़े ने काट लिया था जिसके बाद से उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। एक्टर को इसकी वजह से शरीर में इन्फेक्शन हो गया था।
करीबी दोस्त ने किया था पोस्ट
निर्देशक सुदीपा चटर्जी, जो शर्मा की करीबी दोस्त हैं, ने अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था कि हैदराबाद में प्रभास (Prabhas) अभिनीत फिल्म 'फौजी' (Fauzi) की शूटिंग के दौरान किसी जहरीले कीड़े या मकड़ी के काटने के बाद अभिनेता को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, बाद में उन्होंने यह पोस्ट डिलीट कर दिया था।
अब, फाइनली लगभग दो महीने बाद राजेश शर्मा ने अपने स्वास्थ्य के बारे में खुलकर बात की और बताया कि उन्हें क्या हुआ था? एक्टर ने यह भी स्पष्ट किया है कि 'फौजी' की शूटिंग के दौरान उन्हें कुछ भी नहीं हुआ था।
पूरी तरह से स्वस्थ हो गए हैं राजेश
एनडीटीवी से बात करते हुए शर्मा ने कहा कि उनका इलाज पूरा हो चुका है और वे स्वस्थ हो रहे हैं।
एक्टर ने उम्मीद जताई कि एक हफ्ते बाद वो काम भी शुरू कर देंगे। कीड़े के काटने की कथित घटना के बारे में आगे बात करते हुए शर्मा ने कहा,'यह झूठी खबर है। प्रभास की फिल्म के सेट पर कुछ भी नहीं हुआ। न तो प्रभास और न ही यूनिट किसी भी तरह से जिम्मेदार हैं। वे अच्छे लोग हैं। हैदराबाद में शूटिंग के दौरान भी कुछ नहीं हुआ।'
कैसे पड़े थे बीमार?
अभिनेता ने बताया कि कोलकाता लौटने के बाद स्थिति गंभीर हो गई। उन्हें डायबिटीज था और उनका ब्लड शुगर लेवल काफी बढ़ा हुआ था। उन्होंने शुरू में इसे गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने खुलासा किया कि उनके दाहिने पैर में लंबे समय से स्किन को लेकर दिक्कत चल रही थी और वहीं से संक्रमण शुरू हुआ।
Very concerned to hear about my dear friend Rajesh’s health condition after an insect bite while shooting. Hope Mahadev blesses him with fast and complete recovery. Jaldi theek ho ja yaar, abhi saath baith ke bhot hansna hai. pic.twitter.com/n8yH6IYxKH
— Akshay Kumar (@akshaykumar) July 9, 2026
जब उनसे सुदीपा के बयान के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा,'वह मेरी अच्छी दोस्त है। चिंता के कारण उसने वह पोस्ट किया था। लेकिन उसे गलत जानकारी दी गई थी'
राजेश शर्मा आने वाले समय में 'हैवान' में नजर आएंगे, जिसमें सैफ अली खान और अक्षय कुमार मुख्य भूमिकाओं में हैं। प्रियदर्शन द्वारा निर्देशित यह फिल्म मोहनलाल अभिनीत 'ओप्पम' का रीमेक है और 11 सितंबर, 2026 को रिलीज होने वाली है।