Rashid khan: मुझे बोर्ड ने कोई ... कप्तानी से हटाने पर राशिद खान ने 6 महीने बाद फोड़ा बम - Haribhoomi
अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान ने कप्तानी से हटाए जाने पर लंबे समय के बाद बड़ी बात कही है। भारत से मिली 3 टी-20 मैचों की हार से अफगानिस्तान क्रिकेट टीम की आलोचनाएं हो रही हैं।
कप्तानी से हटाने पर राशिद खान ने 6 महीने बाद फोड़ा बम
- Published: 19 Sep 2026, 09:43 PM IST
- Last Updated: 19 Sep 2026, 09:49 PM IST
Rashid khan Afghanistan: अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को भारत के खिलाफ 3 टी-20 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच टीम के स्टार स्पिनर राशिद खान ने कप्तानी से हटाए जाने के करीब 6 महीने बाद चुप्पी तोड़ी है।
राशिद खान ने बताया कि मुझे टी20 इंटरनेशनल कप्तानी से हटाए जाने के फैसले के बारे में बोर्ड ने पहले से कोई जानकारी नहीं दी थी। उन्हें इस बदलाव का पता तब चला, जब अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इसका ऐलान किया।
क्रिकइंफो हिंदी के साथ बातचीत में राशिद खान ने कहा- मुझे खुद नहीं पता कि उस समय आखिर क्या हुआ था। मुझे कप्तानी में बदलाव के बारे में तब पता चला, जब बोर्ड ने इसकी घोषणा की।
दरअसल, 2026 टी20 वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान के खराब प्रदर्शन के बाद राशिद खान को कप्तानी से हटा दिया गया था। टीम टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बाद ओपनिंग बल्लेबाज इब्राहिम जादरान को टीम की कमान सौंप दी गई।
हालांकि, राशिद की कप्तानी में अफगानिस्तान ने कई अहम उपलब्धियां हासिल की थीं। टीम ने 2024 टी20 वर्ल्डकप के सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। इसके अलावा वेस्टइंडीज के खिलाफ भी जीत दर्ज की थी।
राशिद ने अफगानिस्तान के लिए कुल 48 टी20 इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी की, जिसमें टीम को 26 मुकाबलों में जीत और 22 में हार मिली। कप्तान के तौर पर जीत-हार के अनुपात के मामले में केवल असगर अफगान का रिकॉर्ड उनसे बेहतर रहा है। हालांकि, असगर के कप्तानी कार्यकाल में अफगानिस्तान ने निचली रैंकिंग वाली टीमों के खिलाफ भी कई मुकाबले खेले थे।
कप्तानी से हटाए जाने पर राशिद ने कहा- कुछ चीजें हमारे कंट्रोल में नहीं होतीं। मेरी कप्तानी में हमने टी20 वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल खेला और वेस्टइंडीज को हराया। लेकिन कई बार चीजें आपके हाथ में नहीं होतीं। अब मैं आगे बढ़ चुका हूं। राशिद ने आगे कहा- वह कप्तान हो या नहीं, अफगानिस्तान का प्रतिनिधित्व करने पर उन्हें गर्व है। उनका लक्ष्य अपनी क्षमताओं का इस्तेमाल करके टीम को जीत दिलाना है।
इब्राहिम जादरान की कप्तानी में भारत के खिलाफ हालिया तीन मैचों की टी20 सीरीज अफगानिस्तान की पहली सीरीज थी। अफगान टीम को तीनों मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। इस सीरीज में राशिद ने 4 विकेट लिए, लेकिन उनका इकॉनमी रेट 9.82 रहा।