RCA...कप्तानी की सियासत का पावर प्ले: नेता पुत्रों की ओपनिंग; पराक्रम, धनंजय अध्यक्ष, पवन उपाध्यक्ष, आशीष तिवारी, मोहित का सचिव पद के लिए नामांकन - Jaipur News
.
- दावा...सरकारी पैनल में नेताओं के बेटों का नाम नहीं; चिकित्सा मंत्री व पूर्व चिकित्सा मंत्री के बेटों ने पैनल उतारा, कहा-बहुमत है
- सियासी सच...कोई कितना भी बहुमत होने का दावा करे, पर आरसीए के चुनाव में सरकार के पैनल का निर्विरोध जीतना तय
आरसीए की चुनावी बिसात तैयार है। ऐसे में आरसीए में ‘कप्तानी का पावर-प्ले’ देखने को मिलेगा। कप्तान यानी अध्यक्ष पद पर 5 लोगों ने पर्चा भरा है। इससे पहले सरकारी पैनल में नेताओं के बेटों का नाम नहीं आया तो पूर्व चिकित्सा मंत्री राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम और चिकित्सा मंत्री गजेंद्र खींवसर के बेटे धनंजय सिंह ने अलग-अलग पैनल बनाकर नामांकन कर दिया। इनका दावा है कि बहुमत इनके पास है।
हालांकि देर शाम पराक्रम ने नाम वापसी की बात कही। ऐसे में अब सरकारी पैनल का निर्विरोध जीतना तय है। दूसरी ओर, सरकार समर्थित जो पैनल नामांकन कराने के लिए खुद वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी खुद आए थे। सरकार समर्थित पैनल के अध्यक्ष पद के दावेदार बृजकिशोर उपाध्याय हैं। 29 सितंबर को नाम वापसी के बाद सियासी तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।
बृजकिशोर ने सरकारी पैनल से नामांकन किया, दो क्रिकेटर भी चुनाव मैदान में उतरे

बृजकिशोर के पैनल पर सरकार की सहमति है। अरुण चतुर्वेदी नॉमिनेशन भरने आए सदस्यों के साथ आए। इस पैनल में दो पूर्व रणजी क्रिकेटर भी हैं। एक बीकानेर जिला संघ के रतन सिंह और दूसरे जोधपुर जिला क्रिकेट संघ के अरिष्ट सिंघवी। बृजकिशोर ने अध्यक्ष और सचिव के लिए पर्चा भरा है। साफ है कि अध्यक्ष किसी और पैनल से बनता है तो बृजकिशोर सचिव पद पर भी चुनाव लड़ेंगे। पैनल से सचिव पद पर दो और बड़े नाम आरसीए के पूर्व कोषाध्यक्ष पिंकेश जैन और पूर्व सचिव सुमेन्द्र तिवारी हैं। एक सदस्य ने तो कहा कि उन्हें दिल्ली से फॉर्म भरने के लिए कहा गया है।
बृजकिशोर पैनल : अध्यक्ष : बृजकिशोर शर्मा, राजेश सारस्वत। उपाध्यक्ष : मनोज चौधरी। सचिव : पिंकेश जैन, बृजकिशोर उपाध्याय, सुमेन्द्र तिवारी। संयुक्त सचिव : गोविन्द उपाध्याय, राजेश सारस्वत। कोषाध्यक्ष : पिंकेश जैन, विष्णु प्रकाश अग्रवाल, राजेश माथुर। सदस्य: शोभना गुर्जर, राकेश चौधरी, अरिष्ट सिंघवी।
मैं अपना नाम वापस ले लूंगा, बृजकिशोर की टीम ही मेरी टीम है : पराक्रम राठौड़

जब से चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई थी तभी से पराक्रम का अध्यक्ष के लिए नाम चल रहा था। इनके समर्थन में सरकार को 20 सचिवों ने भी लिखा था। पराक्रम के साथ सचिव पद पर दौसा जिला क्रिकेट संघ के सचिव बृजकिशोर उपाध्याय का नाम तय था। इनके समर्थन में 20 जिला संघों के सचिव एक जुट रहे। लेकिन पराक्रम के नामांकन से मुकाबला दिलचस्प हो गया था। हालांकि पराक्रम ने कहा मैं नाम वापस लूंगा। सरकार द्वारा समर्थित बृजकिशोर की टीम ही मेरी टीम है। मैंने इसलिए नामांकन किया था कि कहीं कोई दिक्कत न हो। यह भी माना जा रहा कि पराक्रम के साथ सभी नाम वापस लेंगे।
पराक्रम पैनल : अध्यक्ष : पराक्रम सिंह, उपाध्यक्ष : मनोज शर्मा, रतन सिंह। सचिव : मनोज शर्मा। संयुक्त सचिव : सुशील जैन। कोषाध्यक्ष : सुशील जैन। सदस्य : धर्मवीर सिंह शेखावत।
सरकार से इस संबंध में कोई निर्देश नहीं मिला इसलिए नॉमिनेशन : धनंजय सिंह

नॉमिनेशन का समय निकल रहा था। सरकार से निर्देश नहीं मिले। अचानक पांच नेता पुत्र एक साथ हुए। एडहॉक कमेटी के पूर्व कन्वीनर डीडी कुमावत और श्रीगंगानगर के सचिव विनोद सहारण भी साथ आए। एक सदस्य का दावा है कि जय शाह का इशारा है, इसलिए नॉमिनेशन भरा है। ये सभी भाजपा संगठन से जुड़े हैं। 5 सदस्यों के पिता तो भाजपा में अहम पदों पर हैं। कोई मंत्री है, कोई सांसद है तो कोई विधायक है। पैनल के पांच सदस्य 29 महीने तक चले आरसीए एडहॉक कमेटी में भी रह चुके हैं।
धनंजय पैनल : अध्यक्ष : धनंजय सिंह खींवसर, डीडी कुमावत। उपाध्यक्ष : मोहित यादव, पवन दिलावर। सचिव : मोहित यादव, आशीष तिवाड़ी। संयुक्त सचिव : विनोद सहारण। कोषाध्यक्ष : आशीष तिवाड़ी, सदस्य : अरिष्ट सिंघवी।
डीडी के साथ आए धनंजय, सोशल मीडिया पर जिक्र नहीं... धनंजय खींवसर एडहॉक कमेटी के पूर्व कन्वीनर डीडी कुमावत के साथ नामांकन करने आए थे। लेकिन सोशल मीडिया पर धनंजय ने कुमावत का जिक्र नहीं किया। रतन सिंह और अरिष्ट सिंघवी ने दो-दो पैनल से नामांकन किया है।
कांग्रेस के समय भाजपाई पैनल.. सीपी जोशी और वैभव गहलोत के समय जब भी चुनाव हुआ तो दूसरी तरफ भाजपा पैनल ही खड़ा होता रहा है। इस भाजपाई पैनल को आमतौर पर ललित मोदी समर्थित पैनल बताया जाता था। लेकिन यहां तो 3-3 पैनल बन गए लेकिन सभी भाजपाई ही हैं।