Rewa News: रीवा में कांग्रेस ST सेल के जिलाध्यक्ष अमित कोल की चाकू मारकर हत्या, तीन हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस - Haribhoomi

रीवा में कांग्रेस ST सेल के जिलाध्यक्ष अमित कोल की मंगलवार रात तीन अज्ञात हमलावरों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विशेष टीमें गठित की हैं। सीसीटीवी फुटेज, मोटरसाइकिलों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। हत्या के कारणों की जांच जारी है।

Congress Leader Murder

रीवा में कांग्रेस ST सेल के जिलाध्यक्ष अमित कोल की चाकू मारकर हत्या

  • Published: 29 Jul 2026, 03:26 PM IST
  • Last Updated: 29 Jul 2026, 03:26 PM IST

रीवा: जिले में कांग्रेस अनुसूचित जनजाति (ST) प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अमित कोल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात मंगलवार रात करीब 10 बजे सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शांति विहार इलाके में एचडीएफसी बैंक के पास हुई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला
पुलिस के अनुसार, अमित कोल किसी काम से पास की एक दुकान पर गए थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन हमलावरों ने उन पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके पर अपनी दोनों मोटरसाइकिलें छोड़कर फरार हो गए। हमले में गंभीर रूप से घायल अमित कोल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही रीवा पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त
पुलिस ने आरोपियों द्वारा छोड़ी गई दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है। उनके पंजीकरण विवरण और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। इसके साथ ही इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों व स्थानीय दुकानदारों से पूछताछ की जा रही है। रीवा पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। जांच में मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का भी सहारा लिया जा रहा है।

वजह स्पष्ट नहीं हो सकी
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस व्यक्तिगत रंजिश, राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और अन्य विवादों सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। अमित कोल रीवा में कांग्रेस के सक्रिय नेता थे और इससे पहले वार्ड नंबर 4 से नगर निगम चुनाव भी लड़ चुके थे। उनके पिता अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम थाने में थाना प्रभारी (SHO) के पद पर कार्यरत हैं और 31 जुलाई को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। इस घटना के बाद परिवार और समर्थकों में शोक का माहौल है।