Richest Indian 2026: अडानी फिर बने भारत के सबसे अमीर, अंबानी को पीछे छोड़ा, जानें किसके पास कितनी दौलत

M3M Hurun India Rich List 2026: M3M हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 आ गई है। मुकेश अंबानी को पीछे छोड़कर गौतम अडानी अब भारत के सबसे अमीर इंसान बन गए हैं। देश में 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति वालों की संख्या भी बढ़कर 1,810 हो गई है।

Indian Billionaires 2026: भारत के सबसे अमीर लोगों की नई तस्वीर सामने आ गई है। M3M Hurun India Rich List 2026 में गौतम अडानी और उनका परिवार एक बार फिर देश के सबसे अमीर परिवार के रूप में शीर्ष पर पहुंच गया है। अडानी ने मुकेश अंबानी और उनके परिवार को पीछे छोड़कर नंबर-1 स्थान हासिल किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, अडानी परिवार की संपत्ति 13 फीसदी बढ़कर 9.23 लाख करोड़ रुपये हो गई है, जबकि मुकेश अंबानी परिवार की संपत्ति 10 फीसदी घटकर 8.63 लाख करोड़ रुपये रह गई है।

अडानी-अंबानी के बीच 59,400 करोड़ का अंतर

2026 की सूची में गौतम अडानी और परिवार करीब 9.23 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ पहले स्थान पर हैं। वहीं, पिछले साल शीर्ष पर रहने वाले मुकेश अंबानी और परिवार अब दूसरे नंबर पर हैं। दोनों परिवारों की संपत्ति के बीच करीब 59,400 करोड़ रुपये का अंतर है।

अडानी परिवार की संपत्ति में सालाना आधार पर 13 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दूसरी ओर, अंबानी परिवार की संपत्ति में 10 फीसदी की गिरावट आई है। इसी बदलाव ने देश के सबसे अमीर परिवारों की रैंकिंग में बड़ा फेरबदल किया है।

Scroll to load tweet…

लक्ष्मी निवास मित्तल ने लगाई बड़ी छलांग

लिस्ट में तीसरे स्थान पर लक्ष्मी निवास मित्तल और परिवार हैं। उनकी संपत्ति 93 फीसदी बढ़कर 3.39 लाख करोड़ रुपये हो गई है। मित्तल परिवार पिछले साल की तुलना में आठ पायदान ऊपर पहुंचा है। रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी संपत्ति में करीब 1.64 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ, जो सूची में सबसे बड़ी पूर्ण वृद्धि है।

वहीं, साइरस पूनावाला और परिवार 3.03 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ चौथे स्थान पर हैं। एचसीएल टेक्नोलॉजीज की रोशनी नादर मल्होत्रा और परिवार 2.79 लाख करोड़ रुपये के साथ पांचवें पायदान पर हैं।

देश में 1,810 ऐसे लोग जिनके पास 1,000 करोड़ से ज्यादा

M3M Hurun India Rich List 2026 में कुल 1,810 लोगों को शामिल किया गया है, जिनकी संपत्ति कम से कम 1,000 करोड़ रुपये है। यह संख्या पिछले साल के मुकाबले 128 अधिक है। इन सभी की कुल संपत्ति बढ़कर 187.5 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई है, जो करीब 1.96 ट्रिलियन डॉलर के बराबर है। यह भारत की जीडीपी के लगभग आधे के बराबर है।

भारत में रिकॉर्ड 391 डॉलर अरबपति

रिपोर्ट की एक बड़ी खासियत भारत में डॉलर अरबपतियों की बढ़ती संख्या भी है। देश में अब 391 डॉलर अरबपति हैं। पिछले एक साल में 27 नए डॉलर अरबपति जुड़े हैं और पिछले पांच वर्षों में यह संख्या 237 से बढ़कर 391 हो गई है।

नए दौर की दौलत में AI और ग्रीन एनर्जी का असर

2026 की सूची में पारंपरिक कारोबार के साथ नए क्षेत्रों की भूमिका भी दिखाई देती है। रिपोर्ट के मुताबिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रक्षा, विनिर्माण, सेमीकंडक्टर और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों से भी बड़ी संपत्ति बन रही है। सूची में शामिल करीब 70 फीसदी लोग खुद के दम पर कारोबार खड़ा करने वाले उद्यमी हैं।

इस तरह M3M Hurun India Rich List 2026 सिर्फ देश के सबसे अमीर लोगों की रैंकिंग नहीं बताती, बल्कि यह भी दिखाती है कि भारत में संपत्ति बनाने वाले नए कारोबारी क्षेत्र तेजी से उभर रहे हैं।