बेगूसराय में RJD नेता के भाई की गोली मारकर हत्या: टीचर को 4 गोलियां मारीं; रक्षाबंधन पर परिवार के साथ राखी बंधवाने आए थे - Begusarai News

बेगूसराय में गुरुवार को राजद के जिला सचिव के भाई रणधीर कुमार यादव (50) की हत्या कर दी गई। रणधीर कुमार प्राइवेट टीचर थे। भागलपुर में पढ़ाते थे। 4 दिन पहले वे पत्नी और बेटी के साथ घर लौटे थे। रक्षाबंधन के बाद सोमवार को ड्यूटी पर लौटना था।

.

घर से किसी ने फोन कर ताश खेलने के लिए बुलाया। वे घर से निकले ही थे। थोड़ी दूर बगीचे में उन्हें 4 गोलियां मारी गई, मौके पर ही मौत हो गई। पेट में दो, सिर और छाती में एक-एक बुलेट दागी गई। गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक सभी बदमाश भाग निकले। घटना डंडारी थाना क्षेत्र स्थित राजोपुर गांव की है।

रणधीर कुमार यादव की हत्या के बाद रोते-बिलखते परिजन।

रणधीर कुमार यादव की हत्या के बाद रोते-बिलखते परिजन।

मौके से 3 खोखे बरामद

सूचना मिलते ही डंडारी थाना की पुलिस और बलिया डीएसपी पहुंचे। घटना की सूचना पर एसपी मनीष भी घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक जानकारी ली। FSL टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं, पुलिस ने मौके पर से तीन खोखा बरामद किया है। मृतक के भाई रणवीर कुमार यादव राजद के जिला सचिव है।

उन्होंने बताया कि मैं गांव से बेगूसराय के लिए निकला थेा। भाई को गांव में ही रहने बोला था। भाई रणधीर गाड़ी धो रहा था, इसी दौरान किसी ने फोन करके बुलाया और घर से थोड़ी दूर पर गोली मारी। मार्च में भी मेरी दुकान पर आकर बदमाशों ने गोली चलाई थी। रंगदारी टैक्स मांग रहा था।

हत्या वाली जगह को कवर कर जांच करती पुलिस टीम।

हत्या वाली जगह को कवर कर जांच करती पुलिस टीम।

SP बोले- जिन्होंने बुलाया था, वे सभी फरार हैं

एसपी मनीष ने बताया कि गोली लगने से मौत हुई है। परिजनों ने कुछ लोगों के नाम बताए हैं। पता चला है कि बगीचे में ताश खेलने के लिए बुलाया गया था‌। जिनके पास गए थे, वह सब फरार है।

1 साल पहले गांव में एक हत्या हुई थी, जिसमें रणधीर को नामजद किया गया था। बाद में जांच में निर्दोष पाए जाने पर उनका नाम केस से हटा दिया गया था। सभी पहलुओं पर जांच और कार्रवाई चल रही है

वारदात के बाद घटनास्थल पर जानकारी जुटाती पुलिस।

वारदात के बाद घटनास्थल पर जानकारी जुटाती पुलिस।

पिछले साल एक की हुई थी हत्या

दरअसल, 21 जुलाई 2025 को राजोपुर गांव के रहने वाले हरेराम पासवान उर्फ हरिया की राजोपुर नाव घाट सूर्य मंदिर के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रणधीर यादव को भी नामजद किया गया था।

बाद में पुलिस ने जब अनुसंधान किया तो उसमें पाया गया कि घटना के समय रणधीर यादव भागलपुर में अपने स्कूल में थे। जिसका साक्ष्य मिलने के बाद रणधीर यादव को इस केस से बड़ी कर दिया गया था। लेकिन हरेराम पासवान के परिजन और समर्थन, इससे काफी आक्रोशित थे।

आरोप है कि इन्हीं लोगों ने साजिश के तहत गुरुवार को रणधीर यादव को फोन करके बुलाया और गोली मारकर हत्या कर दी। उसका मोबाइल भी गायब कर दिया गया है।