RRB NTPC Graduate Recruitment 2026: रेलवे में 3477 पदों पर निकली भर्ती, 8 अक्टूबर से आवेदन; जानें योग्यता - Haribhoomi

रेलवे में ग्रेजुएट युवाओं के लिए 3477 नौकरियां! 8 अक्टूबर से शुरू होंगे आवेदन, जानें उम्र सीमा और चयन का पूरा प्रोसेस

 RRB NTPC Graduate Recruitment 2026

RRB NTPC Graduate Recruitment 2026

  • Published: 21 Sep 2026, 02:19 PM IST
  • Last Updated: 21 Sep 2026, 02:19 PM IST

रेलवे में सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहे ग्रेजुएट युवाओं के लिए अच्छी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (NTPC) ग्रेजुएट लेवल भर्ती 2026 के लिए CEN No. 06/2026 का सांकेतिक विज्ञापन जारी किया है। इस भर्ती के तहत रेलवे के विभिन्न भर्ती बोर्डों में कुल 3477 संभावित पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। योग्य अभ्यर्थी 6 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।

किन पदों पर होगी भर्ती?
आरआरबी एनटीपीसी ग्रेजुएट लेवल भर्ती के तहत रेलवे में विभिन्न गैर-तकनीकी पदों को भरा जाएगा। इन पदों का वेतनमान पे लेवल-5 और लेवल-6 के अनुसार होगा। पदवार रिक्तियों, संबंधित पदों की शैक्षणिक योग्यता और अन्य जरूरी शर्तों की विस्तृत जानकारी भर्ती की पूरी अधिसूचना में दी जाएगी।

शैक्षणिक योग्यता: ग्रेजुएशन जरूरी
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से स्नातक की डिग्री होनी चाहिए। हालांकि, अलग-अलग पदों के लिए योग्यता संबंधी शर्तें अलग हो सकती हैं। इसलिए आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को विस्तृत नोटिफिकेशन में संबंधित पद की पात्रता जरूर जांच लेनी चाहिए।

आयु सीमा कितनी है?
RRB NTPC Graduate Recruitment 2026 के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 33 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

आधार कार्ड की जानकारी पहले कर लें चेक
रेलवे भर्ती के लिए आवेदन करने जा रहे उम्मीदवारों को आधार कार्ड में दर्ज अपना नाम और जन्मतिथि 10वीं के प्रमाण पत्र से मिलान कर लेना चाहिए। आवेदन प्रक्रिया के दौरान आधार का सत्यापन किया जाएगा। यदि आधार से सत्यापन नहीं हो पाता है, तो भर्ती के विभिन्न चरणों में अतिरिक्त जांच की जा सकती है।

ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि आवेदन से पहले आधार में दर्ज व्यक्तिगत जानकारी, फोटो और बायोमेट्रिक विवरण अपडेट करा लें, ताकि आगे की प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो।

RRB NTPC Graduate भर्ती में कैसे होगा चयन?
रेलवे एनटीपीसी ग्रेजुएट लेवल भर्ती में चयन के लिए उम्मीदवारों को कई चरणों से गुजरना होगा। सबसे पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT-1) आयोजित की जाएगी। इसमें सफल अभ्यर्थियों को दूसरे चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT-2) में शामिल होना होगा।

पद के अनुसार, कुछ अभ्यर्थियों को कंप्यूटर आधारित योग्यता परीक्षा (CBAT) या टाइपिंग स्किल टेस्ट भी देना पड़ सकता है। इसके बाद चयनित उम्मीदवारों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा और निर्धारित चिकित्सा परीक्षण की प्रक्रिया पूरी होगी।