बारिश में सड़क बनी नदी, ट्रक और बाइक सवार फंसे: ग्रामीणों ने रस्सों से निकाला, RSMML पर बहाव रोकने का आरोप - Barmer News
बाड़मेर में तेज बारिश के बाद बिशाला-सोनड़ी मार्ग पर 4 से 5 फीट पानी भर जाने से एक ट्रक और दो बाइक सवार बीच रास्ते में फंस गए। ग्रामीणों ने रस्सों की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकालकर उनकी जान बचाई।
.
ग्रामीणों का आरोप है कि आरएसएमएमएल की ओर से कोयला खनन के बाद सड़क किनारे बनाए गए डंप और बहाव क्षेत्र में पक्का निर्माण नहीं होने से नदी का पानी रुक गया, जिससे सड़क बंद हो गई। सूचना पर प्रशासन मौके पर पहुंचा और सोमवार को आरएसएमएमएल के अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। हादसा रविवार शाम बाड़मेर से 25 किलोमीटर दूर बिशाला-सोनड़ी मार्ग पर हुआ।

सोमवार को सुबह भी बिशाला सोनड़ी मार्ग पर 3-4 फीट पानी भरा पड़ा है। आज बारिश हुई तो बढ़ सकती है दिक्कत।
तेज बारिश के बाद सड़क पर 4-5 फीट पानी भरा
जानकारी के अनुसार, बाड़मेर शहर और आसपास के गांवों में रविवार शाम को बारिश हुई। बिशाला क्षेत्र में ज्यादा बारिश और कोयला खनन से बने डंप के कारण बिशाला नदी का पानी आगे नहीं निकल पाया। इससे बिशाला-सोनड़ी मार्ग पर 4 से 5 फीट तक पानी भर गया और करीब 500 मीटर तक रास्ता बंद हो गया। इसी दौरान एक ट्रक और दो बाइक सवार पानी में फंस गए।
ग्रामीणों ने रस्सों से रेस्क्यू कर बचाई जान
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रस्सों की मदद से ट्रक चालक सहित दो लोगों और दोनों बाइक सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलने पर बिशाला चौकी प्रभारी रामाराम, रेवेन्यू इंस्पेक्टर देवाराम समेत प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत की और सोमवार को आरएसएमएमएल के अधिकारियों को बुलाकर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों का आरोप- कोयला खनन के डंप से रुका नदी का पानी
ग्रामीणों का आरोप है कि आरएसएमएमएल ने कोयला खनन के बाद सड़क किनारे बड़े-बड़े डंप बना दिए हैं। इससे बिशाला नदी का बहाव रुक गया और पानी सड़क पर भर गया। उनका कहना है कि बहाव क्षेत्र में पक्का निर्माण होना था, लेकिन आरएसएमएमएल और उसके ठेकेदार ने कागजों में निर्माण दिखा दिया, जबकि मौके पर ऐसा कोई निर्माण नहीं है।
ग्रामीण बोले- फिर बारिश हुई तो डूब सकता है पूरा गांव
ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि अगर दोबारा तेज बारिश हुई तो बिशाला गांव के डूबने का खतरा पैदा हो जाएगा, क्योंकि नदी का पानी आगे नहीं निकल पा रहा है। ग्रामीण नरपतसिंह ने बताया कि सड़क पर पानी भरने से ट्रक और बाइक सवार फंस गए थे, जिन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने आरएसएमएमएल के अधिकारियों के साथ बैठक कर रास्ते और पानी निकासी की समस्या का स्थायी समाधान निकालने का भरोसा दिया है।