Sarfaraz Khand: साई सुदर्शन की चोट बनी सरफराज खान के लिए मौका, श्रीलंका टेस्ट सीरीज में हो सकती है टीम इंडिया में एंट्री - Haribhoomi

भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले साई सुदर्शन चोट के चलते हुए बाहर, सरफराज खान को मिल सकता है टीम इंडिया में मौका। जानें पूरी अपडेट।

Sarfaraz Khand Replace Sai Sudharsan

साई सुदर्शन की जगह सरफराज खान बन सकते है टीम इंडिया का हिस्सा।

  • Published: 09 Aug 2026, 01:40 PM IST
  • Last Updated: 09 Aug 2026, 01:40 PM IST

Sarfaraz Khand Replace Sai Sudharsan: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज की तैयारियां जोरों पर हैं। दोनों टीमें पहला टेस्ट 15 अगस्त से गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेलेंगी, जबकि सीरीज का दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में आयोजित किया जाएगा।

साई सुदर्शन हुए सीरीज से बाहर
सीरीज शुरू होने से ठीक पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बड़ा अपडेट देते हुए बताया कि स्टार बल्लेबाज साई सुदर्शन चोट के चलते इस दो मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं। यह भारतीय टीम के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है, खासकर तब जब सीरीज की शुरुआत में अब बेहद कम समय बचा है।

सरफराज खान को मिल सकता है मौका
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 15 अगस्त से शुरू होने वाली इस सीरीज के लिए साई सुदर्शन की जगह टीम इंडिया में स्टार बल्लेबाज सरफराज खान को शामिल किए जाने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। सरफराज को फिलहाल इस रिक्त स्थान को भरने का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है।

गौरतलब है कि साई सुदर्शन बेंगलुरु में अपने रिहैबिलिटेशन के दौरान BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में बल्लेबाजी और फील्डिंग से जुड़े अभ्यास सत्रों में हिस्सा ले रहे थे। हालांकि वे समय रहते पूरी तरह फिट नहीं हो सके, जिसके चलते उन्हें सीरीज के पहले टेस्ट से बाहर कर दिया गया। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि वे दूसरे टेस्ट के लिए वापसी कर पाएंगे या नहीं, क्योंकि उनकी रिकवरी को लेकर अभी कोई ठोस अपडेट सामने नहीं आया है।

WTC फाइनल की दौड़ के लिए बेहद अहम है यह सीरीज
भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली यह दो मैचों की सीरीज टीम इंडिया के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। शुभमन गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम अभी भी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल में जगह बनाने की दौड़ में बनी हुई है। उल्लेखनीय है कि फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार रखने के लिए टीम इंडिया को अपने अगले नौ में से छह मुकाबले जीतने होंगे।

चोटों से जूझ रही है टीम इंडिया
भारतीय टीम इस सीरीज में अपना बेहतरीन प्रदर्शन दिखाते हुए लगातार दो मुकाबले जीतने की कोशिश करेगी। हालांकि टीम इस समय कई खिलाड़ियों की चोट से जूझ रही है। साई सुदर्शन के सीरीज से बाहर होने के अलावा, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी चोट के चलते इस सीरीज से बाहर हो चुके हैं।

इसके अलावा कप्तान शुभमन गिल को भी तीन दिवसीय टूर मैच से पहले अपनी दाहिनी अनामिका उंगली में चोट लग गई थी, जिसकी वजह से वे प्रैक्टिस मैच में भी हिस्सा नहीं ले सके।