​Sarvodaya Vidyalaya Protest: लखनऊ में सर्वोदय विद्यालय के छात्रों का सड़क पर प्रदर्शन - Haribhoomi

​लखनऊ में सर्वोदय विद्यालय के छात्रों ने शिक्षकों की कमी और खराब खाने को लेकर सड़क पर प्रदर्शन किया। मंत्रियों के आश्वासन के बाद छात्रों ने जाम समाप्त किया।

Gen Alpha students' performance

जेन अल्फा छात्रों का प्रदर्शन

  • Published: 14 Aug 2026, 03:24 PM IST
  • Last Updated: 14 Aug 2026, 03:29 PM IST

​लखनऊ जिले के पारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोहान रोड स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के छात्रों ने स्कूल की लापारवाहियों और व्यवस्थाओं से त्रस्त होकर सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि करीब 450 विद्यार्थियों की संख्या होने के बावजूद विद्यालय में मात्र सात शिक्षक ही तैनात हैं, जिससे उनकी पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। इसके अलावा खाने में कीड़े मिलने और तबीयत खराब होने पर उचित इलाज न मिलने जैसी गंभीर समस्याएं भी सामने आई हैं, जिसके कारण बुद्धेश्वर से मोहान रोड जाने वाला मार्ग कुछ समय के लिए पूरी तरह बाधित हो गया।

​शिक्षकों की भारी कमी और भोजन में कीड़े मिलने से भड़के छात्र
विद्यालय के छात्रों ने बताया कि स्कूल में 450 बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है क्योंकि पढ़ाने के लिए पर्याप्त शिक्षक मौजूद नहीं हैं। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि मेस में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता बेहद खराब है और कई बार खाने में कीड़े तक निकलते हैं, जिसकी शिकायत करने पर कोई सुनवाई नहीं होती।

इसके अलावा, फार्मासिस्ट पर भी लापरवाही का आरोप लगाते हुए छात्रों ने कहा कि बीमारी की स्थिति में सही इलाज देने के बजाय केवल एक 'डोल' टैबलेट देकर मामला टाल दिया जाता है, जिससे उनकी सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है।

​सड़क पर जाम लगाकर किया प्रदर्शन, पुलिस ने संभाली स्थिति
​समस्याओं से परेशान होकर बड़ी संख्या में छात्र बुद्धेश्वर पेट्रोल पंप के पास सड़क पर उतर आए और जमकर प्रदर्शन किया। अचानक हुए इस सड़क जाम से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पारा थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाने-बुझाने के साथ यातायात को सुचारू कराने का प्रयास करने लगी। छात्रों ने दो टूक कह दिया था कि जब तक उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

​समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण के आश्वासन के बाद शांत हुआ मामला
​छात्रों के उग्र प्रदर्शन की सूचना मिलते ही समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण और प्रमुख सचिव अनुराग यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क पर बैठे छात्रों को प्रेमपूर्वक समझा-बुझाकर शांत कराया और सभी को विद्यालय परिसर के अंदर ले जाकर उनकी एक-एक समस्या को विस्तार से सुना।

मंत्री असीम अरुण ने मीडिया से बातचीत में स्वीकार किया कि शिक्षकों की कमी के कारण छात्रों को परेशानी हो रही है और शिक्षकों से जुड़ा मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर कोर्ट में प्रभावी पैरवी कर मामले का निस्तारण कराने तथा विद्यालय की अन्य सभी कमियों को दूर करने का ठोस आश्वासन दिया, जिसके बाद छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया।