Satya Niketan Building Collapse: दिल्ली के सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे पर सीएम रेखा गुप्ता बोलीं-जिम्मेदार अफसर होंगे सस्पेंड - Haribhoomi
Satya Niketan Building Collapse: दिल्ली के सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे को लेकर सीएम रेखा गुप्ता ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। रेखा गुप्ता का कहना है कि जिम्मेदारी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे को लेकर सीएम रेखा गुप्ता ने दिए निर्देश।
- Published: 07 Sep 2026, 11:17 AM IST
- Last Updated: 07 Sep 2026, 11:18 AM IST
Satya Niketan Building Collapse: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में 5 मंजिला PG इमारत ढहने के मामले में सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। मामले को लेकर सीएम रेखा गुप्ता ने साफ तौर पर कहा है कि यह हादसा मकान मालिक की लापरवाही की वजह से हुआ है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा है कि दिल्ली सरकार और नगर निगम मिलकर अब पब्लिक इस्तेमाल वाली सभी बिल्डिंगों जैसे पीजी (PG), स्कूल और नर्सिंग होम के लिए सख्त नियम बनाएगी।
इन नियमों के तहत नियमित जांच (स्ट्रक्चरल ऑडिट) के बिना किसी भी बिल्डिंग को संचालित करने की परमिशन नहीं होगी। वहीं इस मामले में हादसे के लिए जिम्मेदार लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी
सीएम रेखा गुप्ता ने क्या कहा ?
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सोमवार सुबह फिर घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, "हम अधिकारियों के साथ मिलकर एक ऐसी पॉलिसी बना रहे हैं जिसके तहत 20, 30 या 40 साल पुरानी इमारतों को स्ट्रक्चरल ऑडिट रिपोर्ट जमा करनी होगी,
और अपनी सुरक्षा को भी प्रमाणित करना होगा। इस संबंध में कड़े नियम लागू किए जाएंगे। साथ ही, जिन अधिकारियों की लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ है उन्हें माफ नहीं किया जाएगा। उन्हें तुरंत सस्पेंड कर दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी अधिकारियों और म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन को कड़े निर्देश दे दिए गए हैं, इसमें शामिल किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा। सस्पेंशन के आदेश आज ही जारी कर दिए जाएंगे। हम इन छात्रों के साथ पूरी तरह खड़े हैं। हमने म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी छात्र को कोई परेशानी न हो। सरकार की ओर से हम सभी सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे।"
#WATCH | Delhi: Satya Niketan building collapse | Delhi Chief Minister Rekha Gupta says, "We are working with officials to draft a policy requiring buildings—whether 20, 30, or 40 years old—to submit a structural audit report and certify their safety. Without this, they will have… pic.twitter.com/I2TFLvoQVZ
— ANI (@ANI) September 7, 2026
इमारत बेहद पुरानी-सीएम रेखा गुप्ता
सीएम रेखा गुप्ता ने आज घटनास्थल पर यह भी कहा कि यह इमारत बेहद पुरानी थी। मकान मालिक की लापरवाही के चलते इसके बेसमेंट में लंबे समय से पानी भरा हुआ था। जलभराव के कारण इमारत के मुख्य खंभे कमजोर होकर धंस गए, जिससे पूरी 5 मंजिला इमारत ताश के पत्तों की तरह भरभराकर गिर पड़ी। उन्होंने बताया कि आरोपी मकान मालिक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हादसे के बाद प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र का सुरक्षा मुआयना किया है। हादसे वाली जगह के ठीक पीछे स्थित एक दूसरी खतरनाक इमारत को खाली कराया गया है, और तत्काल प्रभाव से गिराने के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। सीएम रेखा गुप्ता ने आगे कहा कि आसपास के पूरे एरिया में मौजूदा दूसर सभी जर्जर और खतरनाक ढांचों की पहचान कर उन्हें भी बुलडोजर चलाकर जमींदोज किया जाएगा।
बिल्डिंग का ऑडिट और सुरक्षा प्रमाणन कराना जरूरी
राजधानी में छात्रों और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार नई नीति ला रही है। सरकार और MCD मिलकर एक नीति बना रहे हैं, जिसके तहत PG नर्सिंग होम, स्कूल या किसी भी सार्वजनिक उपयोग वाली इमारत का नियमित तौर पर स्ट्रक्चरल ऑडिट और सुरक्षा प्रमाणन कराना अनिवार्य होगा। जिस इमारत के पास वैध सुरक्षा प्रमाण पत्र नहीं होगा, उसमें किसी भी व्यावसायिक या सार्वजनिक गतिविधि की परमिशन नहीं दी जाएगी। दिल्ली में किसी को भी असुरक्षित पीजी में रहने की परमिशन नहीं होगी।
जिन स्टूडेंट्स को बिल्डिंग से सुरक्षित बाहर निकाला गया है, उनके रहने की व्यवस्था कॉलेज हॉस्टलों में कर दी गई है। सरकार भी उनकी सभी जरूरतों का ध्यान रख रही है। सरकार पीड़ित छात्रों के परिवार के साथ भी संपर्क में हैं, और हर संभव मदद भी की जा रही है।
सीएम रेखा गुप्ता ने कड़ा संदेश जारी करते हुए कहा है कि जिन भी सरकारी अधिकारियों की अनदेखी, लापरवाही या चूक के चलते यह हालात पैदा हुए हैं, उनके खिलाफ आज से कड़ी कार्रवाई की जाएगी, और किसी को भी माफ नहीं किया जाएगा।