Sawan 3rd Monday 2026: सावन के तीसरे सोमवार पर बनेंगे ये 2 दुर्लभ संयोग, शिव के साथ इनकी भी होगी पूजा
Sawan Somwar 2026: सावन हिंदी पंचांग का पांचवां महीना होता है. इस महीने का इंतजार शिव भक्त सालभर करते हैं. सावन माह में भगवान शिव की विशेष पूजा की जाती है. इसमें माह में शिव मंदिरों में भारी भीड़ देखने को मिलती है. भक्त अपने आराध्य का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक करते हैं. धार्मिक मान्यता है कि सावन में जलाभिषेक और रुद्राभिषेक करने से भगवान शिव का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है.
द्रिक पंचांग के अनुसार, इस साल सावन का पावन माह 30 जुलाई से शुरू हो रहा है, जिसका समापन 28 अगस्त को सावन माह की पूर्णिमा के दिन होगा. इस साल सावन माह में दो दुर्लभ संयोग बनने वाले हैं. ये संयोग सावन माह के तीसरे सोमवार को बनेंगे. इस साल सावन माह के तीसरे सोमवार का व्रत 17 अगस्त को रखा जाएगा. धार्मिक और ज्योतिषीय दृष्टि से यह तिथि बहुत ही शुभ मानी जा रही है, तो चलिए जानते हैं कि क्यों यह दिन विशेष फलदायी माना जा रहा है?
तीसरा सोमवार पर नाग पंचमी का शुभ संयोग
द्रिक पंचांग के अनुसार, इस सावन के तीसरे सोमवार यानी 17 अगस्त के दिन नाग पंचमी का पर्व मनाया जाएगा. इस पर्व का शास्त्रों में विशेष महत्व बताया गया है. इस दिन नाग देवता की पूजा और उसने सुख-समृद्धि की कामना करने की परंपरा है. इस बार सावन का तीसरा सोमवार और नाग पंचमी एक साथ हैं. यह दुर्लभ संयोग इससे पहले साल 2003 में बना था.
नाग पंचमी 2026 पूजा मुहूर्त और विधि
नाग पंचमी के दिन पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 05 बजकर 51 मिनट से सुबह 08 बजकर 29 मिनट तक रहेगा. इस दिन भक्तों को पूजा के लिए करीब 2 घंटे 37 मिनट का शुभ मुहूर्त प्राप्त होगा. नाग देवता का पूजन करने से महादेव प्रसन्न होते हैं. इस दिन शिवलिंग पर जल, दूध, गंगाजल और बेलपत्र चढ़ाएं. इसके बाद नाग देवता की पूजा करें, उन्हें दूध के बजाय हल्दी, अक्षत और फूल चढ़ाएं.
सिंह संक्रांति का भी बनेगा संयोग
सावन के तीसरे सोमवार को ही सूर्य संंक्रांति भी मनाई जाएगी. शास्त्रों के अनुसार, सूर्य देव की संक्रांति का पर्व तब मनाया जाता है, जब वो एक राशि से राशि में प्रवेश करते हैं. सावन के तीसरे सोमवार पर सूर्य देव का प्रवेश सिंह राशि में होगा और पूरे विधि-विधान से उनकी पूजा की जाएगी.
ये भी पढ़ें: Devshayani Ekadashi 2026: कल किस समय किया जाएगा देवशयनी एकादशी के व्रत का पारण? जानें शुभ मुहूर्त और विधि
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.

वरुण कुमार
वरुण कुमार पिछले पांच वर्षों से पत्रकारिता जगत का हिस्सा हैं. साल 2021 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद प्रभासाक्षी न्यूज वेबसाइट से पत्रकारिता की शुरुआत की और फिर एबीपी न्यूज का हिस्सा बने. अब TV9 डिजिटल की धर्म टीम के साथ काम कर रहे हैं.
Read More