Scott Kuggeleijn: बलात्कार का आरोप झूठा निकला फिर भी टीम से बाहर किया गया ये खिलाड़ी

स्कॉट को क्यों निकाला गया? (PC-GETTY IMAGES)
काउंटी चैंपियनशिप के लिए न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज स्कॉट कुग्गेलाइन के साथ करार करने वाली हैंपशर की टीम ने अब इस खिलाड़ी को टीम से बाहर कर दिया है. स्कॉट कुग्गेलाइन की टीम में एंट्री के साथ ही उनका विरोध हो रहा था. फैंस विरोध कर रहे थे कि आखिर कैसे बलात्कार के आरोपी क्रिकेटर को टीम में शामिल किया जा सकता है? सोशल मीडिया पर लोग हैंपशर क्लब को भी कोस रहे थे. हैंपशर ने विरोध के बाद फैसला किया कि वो स्कॉट कुग्गेलाइन को टीम से बाहर कर रहे हैं.
हैंपशर ने स्कॉट कुग्गेलाइन को बाहर निकाला
हैंपशर ने स्कॉट कुग्गेलाइन को बाहर निकालने के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है. हैंपशर क्लब ने अपने आधिकारिक बयान में लिखा, ‘हमारे स्टाफ और समर्थकों से फीडबैक सुनने और उस पर विचार करने के बाद हैंपशर क्रिकेट पुष्टि करता है कि स्कॉट कुग्गेलाइन क्लब के लिए नहीं खेलेंगे. हम अपने फैनबेस के जुनून को महत्व देते हैं और उन सभी का धन्यवाद करते हैं जिन्होंने अपने विचार साझा करने का समय निकाला.अब हमारा ध्यान सीजन के आखिरी चार काउंटी चैंपियनशिप मैचों में टीम का समर्थन करने पर है. हम चाहते हैं कि इस अहम मौके पर सभी टीम के साथ खड़े हों.’
स्कॉट कुग्गेलाइन पर लगा था रेप का आरोप
बता दें न्यूजीलैंड के इस खिलाड़ी पर साल 2015 में रेप के आरोप लगे थे. हालांकि ये खिलाड़ी बरी हो गया था. इसके बाद न्यूजीलैंड की टीम में इस खिलाड़ी का सेलेक्शन भी हुआ. लेकिन जब भी स्कॉट कुग्गेलाइन को टीम में जगह मिली उनका विरोध होता रहा. स्कॉट कुग्गेलाइन आईपीएल का भी हिस्सा रहे हैं. ये खिलाड़ी आरसीबी और सीएसके के लिए खेला है. मुंबई इंडियंस के साथ वो बतौर नेट गेंदबाज जुड़े थे.
A statement from Hampshire Cricket. pic.twitter.com/S2Zf6dyqZw
— Hampshire Cricket (@hantscricket) September 2, 2026
स्कॉट कुग्गेलाइन का करियर
स्कॉट कुग्गेलाइन ने अपने करियर में 3 टेस्ट, 2 वनडे और 18 टी20 मैच खेले हैं. स्कॉट कुग्गेलाइन के नाम कुल 27 इंटरनेशनल विकेट हैं. फर्स्ट क्लास में स्कॉट कुग्गेलाइन के 114 मैचों में 379 विकेट हैं. बता दें स्कॉट कुग्गेलाइन बैटिंग भी अच्छी कर लेते हैं और फर्स्ट क्लास क्रिकेट में वो 4 शतक के दम पर लगभग 4000 रन बना चुके हैं.

अनूप देव सिंह
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले का रहने वाला हूं. बचपन से ही खेलों से बेहद प्यार है. खासतौर पर क्रिकेट से जो इस देश का धर्म भी कहा जाता है. स्कूली पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय से हुई. साल 2006 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी जर्नलिज्म की डिग्री हासिल की और उसके बाद मीडिया के मैदान में उतर गए और खेल की खबरों को ही अपना कर्म भी बना लिया. करियर की पहली नौकरी नेटवर्क 18 ग्रुप में मिली. शुरुआत IBN7 न्यूज चैनल से हुई जहां मैंने पांच सालों की लंबी पारी खेली. इसके बाद इंडिया टीवी, न्यूज नेशन जैसे बड़े नेशनल चैनल्स के साथ काम किया. 2016 में डिजिटल मीडिया में कदम रखा और ये मौका जी नेटवर्क ने दिया. एक साल तक क्रिकेट कंट्री के साथ काम किया और फिर हुई नेटवर्क 18 में वापसी. न्यूज 18 हिंदी की वेबसाइट में 4 सालों तक स्पोर्ट्स की हर खबर पाठकों तक पहुंचाई. अब टीवी9 के साथ हूं. क्रिकेट ही नहीं खेल की हर खबर आपतक एक नए अंदाज और नए कलेवर में पहुंचाता हूं.
Read More