sehore: सीहोर में 888 करोड़ से शुरू हुई ट्रांसफॉर्मर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट, 2 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार - Haribhoomi

Sehore Job news: सीहोर में 888 करोड़ रुपये की लागत से तैयार क्रॉम्पटन ग्रीव्स की नई पावर ट्रांसफॉर्मर यूनिट शुरू हुई। यूनिट में हर साल 365 ट्रांसफॉर्मर बनेंगे और करीब 2 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा।

sehore power transformer manufacturing unit

सीहोर में शुरू हुई ट्रांसफॉर्मर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट।

  • Published: 04 Sep 2026, 09:18 PM IST
  • Last Updated: 04 Sep 2026, 09:23 PM IST

भोपाल। मध्यप्रदेश के सीहोर जिले को पावर सेक्टर में बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 4 सितंबर को क्रॉम्पटन ग्रीव्स की नई पावर ट्रांसफॉर्मर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट से ट्रांसफॉर्मर के रोल-आउट का शुभारंभ किया। करीब 888 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुई इस यूनिट में बड़े पैमाने पर ट्रांसफॉर्मर का निर्माण किया जाएगा। सरकार के मुताबिक इससे करीब 2 हजार लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नए निवेश से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के रास्ते खुलते हैं। सरकार छोटे से लेकर बड़े निवेशकों तक को हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार है।

उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों में ही प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों से जुड़े दो बड़े कार्यक्रम हुए हैं। केबल निर्माण के लिए 106 करोड़ रुपये की फैक्ट्री का भूमि-पूजन किया गया, जबकि जन्माष्टमी के मौके पर सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस की नई पावर ट्रांसफॉर्मर फैक्ट्री का लोकार्पण हुआ।

13 महीने में तैयार हुई यूनिट

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साल अगस्त में भूमि-पूजन के बाद महज 13 महीने में यह यूनिट उत्पादन के लिए तैयार हो गई। उन्होंने इसे प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उनके मुताबिक सीजी पावर की यह यूनिट देश के इलेक्ट्रिकल इकोसिस्टम को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस यूनिट में हर साल करीब 365 ट्रांसफॉर्मर तैयार किए जाएंगे। कंपनी के CEO अमर कौल के मुताबिक यहां हर महीने लगभग 35 ट्रांसफॉर्मर बनाए जाएंगे। इन ट्रांसफॉर्मरों का आकार करीब तीन मंजिला मकान जितना बताया गया है।

दुनिया की सबसे बड़ी टेस्टिंग लैब भी

कंपनी के मुताबिक सीहोर यूनिट में दुनिया की सबसे बड़ी ट्रांसफॉर्मर टेस्टिंग लैब भी तैयार की गई है। आधुनिक मशीनों के जरिए यहां ट्रांसफॉर्मर का उत्पादन किया जाएगा। यूनिट की बिजली जरूरत का करीब 36 प्रतिशत हिस्सा सोलर एनर्जी से पूरा करने की योजना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार हो रहा है। पिछले करीब आठ महीनों में गोदरेज समेत कई बड़ी कंपनियों की इकाइयों का लोकार्पण और भूमि-पूजन हुआ है। उन्होंने कहा कि निवेश से सिर्फ उत्पादन नहीं बढ़ता, बल्कि रोजगार, टैक्स कलेक्शन और राज्य की आर्थिक समृद्धि को भी गति मिलती है। उन्होंने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही। मध्यप्रदेश भी देश की विकास यात्रा के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है।