Selena Gomez: 400 मिलियन इंस्टा फॉलोअर वाली सिंगर-एक्टर सेलेना पर धोखाधड़ी का आरोप, मुकदमा दायर

Selena Gomez Controversy: हॉलीवुड सिंगर और एक्ट्रेस सेलेना गोमेज अक्सर अपनी पर्सनल लाइफ या फिर नए गानों को लेकर सुर्खियों में रहती हैं. एक बार फिर सिंगर चर्चा में आ गई हैं. लेकिन इस बार वजह कोई गाना नहीं, बल्कि विवाद है. सेलेना गोमेज कानूनी पचड़े में फंसती हुई नजर आ रही हैं. सिंगर पर निवेशकों ने धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए केस किया है. इन्वेस्टर्स का कहना है कि सेलेना ने अपने मेंटल हेल्थ स्टार्टअप को खड़ा करने और उसे प्रमोट करने की जिम्मेदारियां पूरी नहीं कीं.

निवेशकों ने सेलेना गोमेज की कंपनी वंडरमाइंड ग्लोबल में करीब 1.2 मिलियन डॉलर यानी लगभग 10 करोड़ रुपये लगाए थे. अब उनका आरोप है कि कंपनी को आगे बढ़ाने के लिए जिन कामों का वादा किया गया था, वो पूरे नहीं हुए. इस केस में इन्वेस्टमेंट की रकम वापस करने के साथ-साथ कानूनी खर्च भी मांगा गया है.

सेलेना पर क्या आरोप लगा है?

जानी-मानी कंपनी वंडरमाइंड ग्लोबल की शुरुआत 2021 में लोगों को अपनी ‘मेंटल फिटनेस’ बेहतर करने में मदद करने के मकसद से हुई थी. डेलावोयर की फेडरल कोर्ट में दायर मुकदमे के मुताबिक, निवेशकों को बताया गया था कि सोशल मीडिया पर सेलेना गोमेज कंपनी को बनाने और आगे बढ़ाने में एक्टिव रोल निभाएंगी. वो कंपनी में मार्केटिंग हेड की भूमिका में थीं. निवेशकों का कहना है कि सेलेना और कंपनी के दूसरे बड़े लोगों ने मोबाइल ऐप बनाने समेत कई वादे किए थे, लेकिन इन पर ठीक से काम नहीं हुआ.

यह भी पढ़ें – 33 की उम्र में सेलेना गोमेज ने रचाई शादी, पति से इतनी अमीर हैं सिंगर

निवेशकों ने मुकदमे में सेलेना को लेकर कहा, “गोमेज ने काम करने की जिम्मेदारी वाला कॉन्ट्रैक्ट साइन किया और फिर उसे नजरअंदाज कर दिया.” यानी निवेशकों का आरोप है कि सेलेना ने काम करने की जिम्मेदारी वाला कॉन्ट्रैक्ट साइन किया, लेकिन बाद में उसे नजरअंदाज कर दिया.

कंपनी पर भी उठे सवाल

निवेशकों ने सिर्फ सेलेना पर ही सवाल नहीं उठाए, बल्कि कंपनी के कामकाज को लेकर भी कई आरोप लगाए हैं. मुकदमे में इनवेस्टर्स ने आगे आरोप लगाया, “वहां कोई असली बिजनेस काम नहीं कर रहा था, फायदे वाला बिजनेस तो दूर की बात है.” इनवेस्टरों ने आगे आरोप लगाया कि कंपनी अपनी “अपने कर्मचारियों और वोंडर्स को समय पर पैसे देने जैसी बुनियादी जिम्मेदारियां भी पूरी नहीं कर पाई.”

कब पता चली कंपनी की परेशानी?

मुकदमे के मुताबिक, निवेशकों को शुरुआत में कंपनी की इन परेशानियों के बारे में जानकारी नहीं थी. उनका कहना है कि सितंबर 2025 में एक ऑनलाइन न्यूज स्टोरी सामने आने के बाद उन्हें वंडरमाइंड की मुश्किलों का पता चला. इसके बाद निवेशकों ने अपने लगाए हुए पैसे वापस लेने की मांग की. वो अपनी पूरी निवेश रकम के साथ-साथ इस केस में हुए कानूनी खर्च की भरपाई भी चाहते हैं. हालांकि, सेलेना गोमेज की तरफ से इस मामले पर कोई बयान सामने नहीं आया है.

कितनी है सेलेना गोमेज की नेटवर्थ?

सेलेना गोमेज सिर्फ सिंगिंग और एक्टिंग के लिए ही नहीं, बल्कि बिजनेस के लिए भी जानी जाती हैं. उनकी सबसे बड़ी कमाई का जरिया उनकी कॉस्मेटिक्स कंपनी रेयर ब्यूटी है. फोर्ब्स के मुताबिक, 2025 में सेलेना की नेटवर्थ लगभग 11000 करोड़ रुपये थी. उनके ब्रांड रेयर ब्यूटी की वैल्यू करीब 1.3 बिलियन डॉलर बताई जाती है और सेलेना के पास कंपनी की कम से कम 51% हिस्सेदारी है. पर्सनल लाइफ की बात करें तो सेलेना गोमेज ने म्यूजिक प्रोड्यूसर बेनी ब्लैंको से 27 सितंबर 2025 को कैलिफोर्निया में शादी की थी. सेलेना के इंस्टाग्राम पर 400 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं.

सना चौधरी

सना चौधरी

सना यूपी के गाजियाबाद की रहने वाली हैं. सना ने हाईटेक इंस्टीट्यूट से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है. पढ़ाई के साथ-साथ कंटेंट ऑप्टिमाईजेशन और वीडियो एडिटिंग भी सीखा है. जिसके बाद सना ने अलग-अलग जगहों पर डिजिटल कॉन्टेंट राइटर और वीडियो एडिटर के तौर पर काम किया.  इससे पहले सना Zee मीडिया में बतौर वीडियो और कंटेंट एडिटर काम कर चुकी हैं. उन्होंने जी न्यूज में सोशल मीडिया पेज मैनेज किया है. Zee के बाद सना ने टीवी9 भारतवर्ष की वेबसाइट TV9hindi.com में बतौर ट्रेनी ज्वाइन किया. सना को न्यूज़ एंकरिंग का भी शौक है.

Read More

google button