ज्योति मल्होत्रा केस के बाद सख्ती: पाकिस्तान यात्रा के नियम बदले, प्राइवेट स्पॉन्सर टूर पर रोक, अब SGPC-HSGMC के जरिए ही जाएंगे जत्थे   - Haribhoomi

ऑपरेशन सिंदूर और यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के कथित जासूसी मामले के बाद अब धार्मिक जत्थे केवल शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) और हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) जैसी अधिकृत संस्थाओं के जरिए ही पाकिस्तान जा सकेंगे।

Pakistan Religious Tour Rules.

ज्योति मल्होत्रा केस के बाद पाकिस्तान यात्रा के बदले नियम।

  • Published: 11 Sep 2026, 01:03 PM IST
  • Last Updated: 11 Sep 2026, 01:03 PM IST

ज्योति मल्होत्रा केस के बाद सख्ती: ऑपरेशन सिंदूर के बाद सामने आए पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क और हिसार की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के मामले के बाद भारत-पाकिस्तान धार्मिक यात्राओं को लेकर नियम सख्त कर दिए गए हैं। अब पाकिस्तान जाने वाले धार्मिक जत्थों के लिए प्राइवेट स्पॉन्सरशिप का रास्ता बंद कर दिया गया है। मान्यता प्राप्त धार्मिक संस्थाओं के जरिए ही जत्थों को पाकिस्तान भेजने की प्रक्रिया होगी।

हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) के टूरिज्म इंचार्ज हरकीरत सिंह के मुताबिक, ज्योति मल्होत्रा जैसे मामलों के सामने आने के बाद प्राइवेट स्पॉन्सर्ड टूर बंद किए गए हैं। पहले पाकिस्तान के निजी टूर ऑपरेटर भारतीय श्रद्धालुओं या अन्य यात्रियों को स्पॉन्सरशिप लेटर भेजते थे और उनके लिए यात्रा का कार्यक्रम तैयार करते थे।

पहले प्राइवेट एजेंसियां कराती थीं पाकिस्तान की यात्रा
पहले पाकिस्तान की निजी ट्रैवल एजेंसियां भारतीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और कुछ मामलों में इन्फ्लुएंसर्स को स्पॉन्सरशिप लेटर उपलब्ध कराती थीं। इसके आधार पर वीजा प्रक्रिया आगे बढ़ती थी। यात्री पाकिस्तान पहुंचने के बाद संबंधित एजेंसी की ओर से ठहरने और घूमने की व्यवस्था का लाभ लेते थे।

सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि इसी तरह के संपर्कों का इस्तेमाल संवेदनशील जानकारियां जुटाने के लिए किया जा सकता था। इसी कारण अब निजी नेटवर्क के जरिए पाकिस्तान यात्रा पर रोक लगाई गई है।

पाकिस्तान की अब SGPC और HSGMC के जरिए जाएंगे जत्थे
नए नियमों के तहत पाकिस्तान में धार्मिक यात्रा के लिए SGPC और HSGMC जैसी मान्यता प्राप्त धार्मिक संस्थाओं के जरिए जत्थे भेजे जाएंगे। निजी व्यक्ति या निजी टूर ऑपरेटर सीधे इस तरह की धार्मिक यात्रा का आयोजन नहीं कर सकेंगे। यात्रियों की जानकारी संबंधित संस्थाओं के माध्यम से जुटाई जाएगी और सुरक्षा जांच के बाद ही वीजा प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

गुरुपर्व पर हरियाणा से जाएगा 2 हजार श्रद्धालुओं का जत्था
श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर पाकिस्तान स्थित ननकाना साहिब समेत ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन के लिए हरियाणा से करीब 2 हजार श्रद्धालुओं के जत्थे की प्रक्रिया शुरू की गई है।

22 नवंबर से 1 दिसंबर तक होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए श्रद्धालु आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा कराने की अंतिम तारीख 12 सितंबर रखी गई है। श्रद्धालु स्थानीय स्तर पर या अपने जिला उपायुक्त कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं।

पुलिस, CID और केंद्रीय एजेंसियां करेंगी जांच
सभी आवेदनों को हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, कुरुक्षेत्र के पास एकत्र किया जाएगा। इसके बाद आवेदकों का पुलिस वेरिफिकेशन कराया जाएगा।

लोकल पुलिस के साथ CID और केंद्रीय खुफिया एजेंसियां भी आवेदकों की पृष्ठभूमि की जांच करेंगी। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही वीजा के लिए संबंधित फाइल गृह मंत्रालय को भेजी जाएगी।

हिसार की यूट्यूबर केस में HSGMC अधिकारी से भी पूछताछ
हिसार की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा पाकिस्तान के लिए कथित जासूसी के मामले में जेल में बंद है। जांच के दौरान उसके HSGMC के टूरिज्म इंचार्ज हरकीरत सिंह से संपर्क की बात भी सामने आई थी।

ज्योति की गिरफ्तारी के बाद हिसार पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने कुरुक्षेत्र पहुंचकर हरकीरत सिंह से कई घंटे पूछताछ की थी। उनके दोनों मोबाइल फोन भी जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए। रिपोर्ट के मुताबिक, जांच एजेंसियों ने हरकीरत सिंह को मामले में आधिकारिक सबूतों और गवाहों की सूची में शामिल किया है।

जानिए क्या है ज्योति मल्होत्रा केस?
हिसार की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को 16 मई 2025 को पाकिस्तान के लिए कथित जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का आरोप है कि उसने कश्मीर डैम और राजस्थान बॉर्डर के सैन्य शिविरों से जुड़े वीडियो पाकिस्तानी एजेंटों तक पहुंचाए और उनके संपर्क में रही।

पुलिस के अनुसार, जांच में उसके मोबाइल से पाकिस्तानी अधिकारियों और एजेंटों से संपर्क के सुराग मिले। इनमें पाकिस्तान उच्चायोग के अधिकारी एहसान-उर-रहीम दानिश अली और ISI से जुड़े बताए गए कुछ लोगों के नाम शामिल हैं। पुलिस ने करीब 90 दिन की जांच के बाद चार्जशीट दाखिल की थी।

जांच में यह भी सामने आया कि ज्योति 2024 में पाकिस्तान गई थी और करीब 25 दिन बाद चीन की यात्रा पर गई। पाकिस्तान में उसने पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज का इंटरव्यू भी किया था। इन यात्राओं और पाकिस्तान में उसके संपर्कों के बाद सुरक्षा एजेंसियों की जांच का दायरा बढ़ा।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi  या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।