Sher-E-Punjab T20 League: अभिषेक शर्मा का खूंखार रूप! 26 गेंदों में 77 रन ठोक मचाई तबाही, टीम ने खड़ा किया रनों का पहाड़

Sher-E-Punjab T20 League: अभिषेक शर्मा का खूंखार रूप! 26 गेंदों में 77 रन ठोक मचाई तबाही, टीम ने खड़ा किया रनों का पहाड़

अभिषेक शर्मा ने खेली तूफानी पारी. (फोटो- Sher-E-Punjab T20 League/X)

Abhishek Sharma, Sher-E-Punjab T20 League: शेर-ए-पंजाब T20 लीग 2026 के पहले ही मुकाबले में भारतीय टी20 टीम के विस्फोटक बल्लेबाज और अमृतसर सुरमा के कप्तान अभिषेक शर्मा का विकराल रूप देखने को मिला. मोहाली के आईएस बिंद्रा स्टेडियम में मोहाली किंग्स के खिलाफ खेले गए इस मैच में अभिषेक शर्मा ने पहले ओवर से ही गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए 77 रनों की आतिशी पारी खेल डाली. मोहाली किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन कप्तान अभिषेक शर्मा और सहज धवन की ओपनिंग जोड़ी ने इस फैसले को पूरी तरह गलत साबित कर दिया.

296 के स्ट्राइक रेट से बरसे चौके-छक्के

इस मुकाबले में क्रीज पर उतरते ही अभिषेक शर्मा ने बेखौफ अंदाज में शॉट खेले. उन्होंने मैदान के चारों तरफ बाउंड्रीज की झड़ी लगा दी. अभिषेक ने सिर्फ 26 गेंदों पर 77 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 7 छक्के शामिल रहे. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 296.15 का रहा. अंत में हरप्रीत बराड़ की गेंद पर राजिंदर सिंह देवगन को कैच थमाकर उनकी इस विस्फोटक पारी का अंत हुआ, लेकिन तब तक वो विरोधी टीम के गेंदबाजी को पूरी तरह तहस-नहस कर चुके थे.

सहज धवन और नमन धीर ने भी दिखाया दम

अभिषेक शर्मा के अलावा अमृतसर सुरमा के बाकी बल्लेबाजों ने भी आक्रामक बल्लेबाजी का मुजाहिरा पेश किया. विकेटकीपर बल्लेबाज सहज धवन ने 18 गेंदों में 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से 45 रन कूटे. वहीं, तीसरे नंबर पर उतरे नमन धीर ने 22 गेंदों पर 47 रन ठोके, जिसमें 5 छक्के और 1 चौका शामिल रहा. इसके अलावा, राहुल कुमार ने 13 गेंदों में 23 और अभय चौधरी ने 8 गेंदों में 18 रन बनाकर रन गति को धीमा नहीं पड़ने दिया. जिसके चलते अमृतसर सुरमा की टीम ने 258 रनों का टोटल खड़ा किया, लेकिन 19.5 ओवर में टीम ऑलआउट भी गई.

मोहाली किंग्स के गेंदबाजों का बुरा हाल

इस मैच में मोहाली किंग्स के गेंदबाजी काफी महंगे साबित हुए. निपुण पंडित ने 2 ओवर में 48 रन खर्च किए. वहीं, मनप्रीत जोहल ने 2 ओवर में 30 रन दिए. हरप्रीत बराड़ ने 4 ओवर में 46 रन लुटाए, लेकिन वो 2 विकेट हासिल करने में कामयाब रहे. तेजप्रीत सिंह ने भी 3 विकेट लिए और 2 विकेट तन्मय धर्नी के नाम रहे. इसके अलावा कप्तान रमनदीप सिंह और आयुष गोयल को 1-1 सफलता मिली.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button