Shravasti Kidnapping: यूपी के श्रावस्ती में पुलिस की कस्टडी से नाबालिग लड़की के अपहरण का वीडियो वायरल, बाइक पर बैठाकर ले गए आरोपी

Shravasti Kidnapping: श्रावस्ती के गिलौला थाना इलाके में 17 साल की लड़की को पुलिस की कस्टडी से आरोपियों ने किडनैप (Shravasti Kidnapping) कर लिया। अब किडनैपिंग का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें 2 शख्स लड़की को बाइक पर बैठाकर ले जाते नजर आ रहे हैं।

यूपी के श्रावस्ती में पुलिस की कस्टडी से नाबालिग लड़की के अपहरण का वीडियो वायरल, बाइक पर बैठाकर ले गए आरोपी

श्रावस्ती के गिलौला थाना इलाके में 17 साल की लड़की को पुलिस की कस्टडी से आरोपियों ने किडनैप कर लिया। अब किडनैपिंग का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें 2 शख्स लड़की को बाइक पर… pic.twitter.com/IizipP5Wcq

— Bansal News Official (@BansalNews_) September 6, 2026

बाइक पर बैठाकर ले गए आरोपी

परिजन का आरोप है कि मेडिकल और न्यायालय की प्रक्रिया के लिए ले जाते समय मुख्य आरोपी अपने साथियों के साथ किशोरी को बाइक पर बैठाकर ले गया। घटना के बाद पुलिस (UP Police) की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि सूचना मिलते ही टीम ने कार्रवाई कर किशोरी को बरामद कर लिया।

शादी का झांसा देकर साथ ले जाने का आरोप

मामला रामपुर त्रीभौना गांव का है। लड़की की मां ने आरोप लगाया कि गांव का रहने वाला सूरज वर्मा उनकी 17 साल की बेटी को शादी का झांसा देकर 2 सितंबर को अपने साथ ले गया था। इसके बाद 3 सितंबर को गिलौला थाने में केस दर्ज कराया गया। पुलिस ने लड़की को बरामद कर लिया था और आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए उसे भिनगा ले जाने की तैयारी थी।

पुलिस पर सवाल

परिजन के मुताबिक, 5 सितंबर को किशोरी को मेडिकल जांच और न्यायालय संबंधी प्रक्रिया के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रामपुर चौराहे के पास सूरज वर्मा समेत 3-4 लोगों ने कथित तौर पर उसे जबरन बाइक पर बैठाकर ले गए। घटना के बाद परिजन ने किशोरी की सुरक्षा को लेकर पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। (Shravasti News)

वायरल वीडियो की भी चर्चा

घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक किशोरी बाइक पर बैठी दिखाई दे रही है। हालांकि इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर लोगों के बीच चर्चा और तेज हो गई।

ये खबर भी पढ़ें: सहारनपुर में मस्जिद के मलबे के नीचे मिला 20 फीट गहरा कुआं, पोकलेन से भी नहीं टूटा स्लैब, अब ASI करेगी जांच

पुलिस ने क्या कहा ?

क्षेत्राधिकारी इकौना आलोक कुमार सिंह के अनुसार, 3 सितंबर को किशोरी की मां की तहरीर पर गिलौला थाने में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, मुकदमा दर्ज होने के बाद किशोरी खुद अपनी मां के साथ थाने पहुंची थी और कानूनी कार्रवाई के बाद उसे मां की सुपुर्दगी में दे दिया गया था।

लड़की बरामद, आरोपी की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार 5 सितंबर को किशोरी बयान और अन्य कानूनी प्रक्रिया के लिए आ रही थी, तभी रामपुर चौराहे के पास वह विपक्षी के साथ चली गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई कर किशोरी को बरामद कर लिया। पुलिस ने उसका नियमानुसार बयान दर्ज कराया और उसे वन स्टॉप सेंटर, भिनगा भेज दिया। वहीं आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।