SI और इंस्पेक्टर से ऊपर कौन सी रैंक होती है? जानें वर्दी से कैसे होती है पहचान
![]()
SI और इंस्पेक्टर से ऊपर कौन सी रैंक होती है (Photo - AI)
भारतीय पुलिस व्यवस्था में सब-इंस्पेक्टर (SI) और इंस्पेक्टर (Inspector) थाना स्तर की सुरक्षा और अपराधों की जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लेकिन जब बड़े फैसलों, संवेदनशील मामलों की निगरानी और पूरे जिले की सुरक्षा की बात आती है, तो ये जिम्मेदारियां इनसे ऊपर के उच्च अधिकारियों द्वारा संभाली जाती हैं। लेकिन सब-इंस्पेक्टर और इंस्पेक्टर से ऊपर कौन-कौन से पद हैं और उनकी रैंक की पहचान वर्दी से कैसे होती है। पुलिस अधिकारियों की वर्दी पर लगे ये चिह्न केवल सजावट नहीं हैं, बल्कि उनके पद, अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रतीक हैं। तो आइए जानते हैं कि उनके कंधे के बैज से आप उनकी रैंक कैसे पहचान सकते हैं।
डीएसपी या एसीपी की वर्दी
इंस्पेक्टर से ठीक ऊपर डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) या असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) का पद होता है। वर्दी से इनकी पहचान करना आसान होता है। DSP और ACP की वर्दी के कंधों पर तीन स्टार लगे होते हैं। अब आप सोच रहे होंगी कि ऐसे तो इंस्पेक्टर की वर्दी पर भी तीन स्टार होते हैं, तो यह दोनों पद ऊपर कैसे हुए और इनक वर्दी का अंतर क्या है। आपको बता दें कि इंस्पेक्टर के स्टार्स के नीचे लाल और नीले रंग की पट्टी होती है। जबकि DSP/ACP के 3 स्टार्स के नीचे कोई रंगीन पट्टी नहीं होती। उनके कंधे पर केवल राज्य पुलिस का बैज या 'IPS' लिखा होता है।
एएसपी की वर्दी से पहचान कैसे होती है
यह पद आमतौर पर सीधे संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा पास करके आने वाले युवा IPS अधिकारियों को ट्रेनिंग के दौरान या शुरुआती पोस्टिंग में मिलता है। उनकी वर्दी के कंधे पर अशोक स्तंभ लगा होता है और नीचे 'IPS' लिखा होता है।
एसपी या एसएसपी की वर्दी
जिले की पुलिस व्यवस्था के मुख्य प्रमुख सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SP) या सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP) होते हैं, जिन्हें आम भाषा में 'कप्तान साहब' भी कहा जाता है। इसमें SP की पहचान उनके कंधे पर 1 अशोक स्तंभ और 1 स्टार होता है, साथ ही नीचे लिखे 'IPS' से होती है। जबकि SSP की पहचान वर्दी पर लगे 1 अशोक स्तंभ और 2 या 3 स्टार से होती है।
डीआईजी की वर्दी कैसी होती है
एसपी से ऊपर की रैंक डीआईजी (DIG - Deputy Inspector General) की होती है, जो पुलिस रेंज का नेतृत्व करते हैं। वर्दी से उनकी पहचान इस प्रकार होती है कि उनकी यूनिफॉर्म के कंधों पर एक अशोक स्तंभ और 3 स्टार (त्रिभुजाकार रूप में) लगे होते हैं।
आईजी और डीजीपी की वर्दी से पहचान
बात करें आईजी और डीजीपी की तो राज्य पुलिस प्रशासन के सर्वोच्च शिखरों पर आईजी और डीजीपी तैनात होते है। आईजी की वर्दी पर 1 स्टार के साथ क्रॉस की हुई तलवार और डंडा लगा होता है। जबकि डीजीपी राज्य पुलिस के सबसे बड़े प्रमुख (DGP) की वर्दी पर अशोक स्तंभ के साथ क्रॉस (तलवार और डंडा) का चिन्ह होता है।
![]()
वर्षा कुशवाहाauthor
वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।
और पढ़ें
- Hindi News
- Education
End of Article