थलपति विजय के बेटे जेसन संजय की डेब्यू फिल्म 'Sigma' की रिलीज टली, जानिए कौन लगा रहा है इस पर पैसा
Aug 20, 2026 11:06 am ISTलाइव हिन्दुस्तान
इधर थलपति विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ कल ओटीटी पर आने वाली है। उधर उनके बेटे जेसन संजय की डेब्यू फिल्म ‘सिगमा’ की रिलीज पोस्टपोन हो गई है।

विजय थलपति और उनके बेटे जेसन संजय
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और पूर्व अभिनेता विजय थलपति के बेटे जेसन संजय बतौर निर्देशक फिल्मी दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। उनकी पहली फिल्म ‘सिग्मा’ (Sigma) को लेकर लंबे समय से चर्चा है। फिल्म पहले 31 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी रिलीज डेट टाल दी गई है। निर्माताओं ने फिल्म की नई रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। हालांकि, रिलीज टालने की वजह का खुलासा नहीं किया गया है।
अब कब रिलीज होगी फिल्म?
लाइका प्रोडक्शंस ने फिल्म का नया पोस्टर शेयर करते हुए इसकी नई रिलीज डेट की घोषणा की है। जेसन संजय ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह पोस्टर शेयर किया है। पोस्टर में फिल्म के लीड एक्टर संदीप किशन नजर आ रहे हैं। पोस्टर के साथ कैप्शन में लिखा गया, ‘2 अक्टूबर की तारीख अपने कैलेंडर में मार्क कर लीजिए। SIGMA बड़े पर्दे पर तहलका मचाने के लिए पूरी तरह तैयार है।’ इस ऐलान के साथ अब ‘सिग्मा’ 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
फिल्म से जुड़ी खास बातें
‘सिग्मा’ में संदीप किशन लीड रोल में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण लाइका प्रोडक्शंस के बैनर तले किया जा रहा है। सामने आए पोस्टर्स को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह फिल्म हीस्ट पर आधारित एक्शन थ्रिलर होगी।
फिल्म का पहला गाना ‘सिग्मा स्टाइल’ जून में रिलीज किया गया था। अभिनेता दुलकर सलमान ने अपने X (ट्विटर) हैंडल के जरिए इस गाने को तमिल और तेलुगू में लॉन्च किया था। उन्होंने गाना लॉन्च करते हुए फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं भी दी थीं।
फिल्म का संगीत थमन एस ने तैयार किया है। वहीं, ‘सिग्मा स्टाइल’ गाने को थमन एस, स्माइल तुपाकीज और एमसी रूड ने अपनी आवाज दी है।
जेसन संजय ने क्यों चुना निर्देशन?
साल 2000 में जन्मे जेसन संजय, विजय और संगीता सोर्नालिंगम के बेटे हैं। पिता की तरह अभिनय को करियर बनाने के बजाय जेसन ने फिल्म निर्माण के दूसरे पहलुओं में दिलचस्पी दिखाई। उन्होंने अमेरिका में फिल्म प्रोडक्शन और स्क्रीनराइटिंग की पढ़ाई की है। पढ़ाई पूरी करने के बाद अब वह बतौर निर्देशक ‘सिग्मा’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत करने जा रहे हैं। ऐसे में इस फिल्म पर न सिर्फ जेसन की वजह से, बल्कि विजय के बेटे के निर्देशन में डेब्यू करने के कारण भी सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
विजय का फिल्मी करियर
विजय दक्षिण भारतीय सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक रहे हैं। कई हिट फिल्मों में काम करने के बाद उन्होंने साल 2025 में अभिनय से दूरी बनाकर राजनीति में सक्रिय होने का ऐलान किया था। साल 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी TVK की जीत के बाद वह राज्य के मुख्यमंत्री बने। विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ (Jana Nayagan) है, जो अब ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है। ऐसे में एक तरफ जहां विजय राजनीति में अपनी नई पारी शुरू कर चुके हैं, वहीं उनके बेटे जेसन संजय ‘सिग्मा’ के साथ निर्देशन की दुनिया में अपनी पहचान बनाने की तैयारी कर रहे हैं।
