आपके आधार पर किसी और ने तो नहीं लिया SIM? 5 मिनट में ऐसे करें चेक
आज के समय में मोबाइल नंबर हमारी पहचान है और कई जरूरी सर्विस से जुड़ा है. बैंकिंग, UPI, सोशल मीडिया और कई दूसरे डिजिटल अकाउंट में मोबाइल नंबर का इस्तेमाल होता है. ऐसे में अगर आपके आधार की जानकारी का इस्तेमाल करके आपकी जानकारी के बिना कोई SIM जारी करा लिया गया है, तो यह आपके लिए परेशानी का कारण बन सकता है. दूरसंचार विभाग (DoT) के मुताबिक, अब अगर किसी अपराध में आपके नाम पर जारी हुए SIM कार्ड पाया गया तो 50 लाख रुपये का जुर्माना और 3 साल की जेल भी हो सकती है.
फर्जी SIM का इस्तेमाल साइबर फ्रॉड, फर्जी बैंक अकाउंट या दूसरी गैरकानूनी गतिविधियों में किया जा सकता है. ऐसे मामलों में जिस व्यक्ति की पहचान पर मोबाइल नंबर जारी हुआ है, उसे भी पूछताछ या कानूनी प्रक्रिया का सामना करना पड़ सकता है. इसी जोखिम को कम करने के लिए दूरसंचार विभाग (DoT) ने TAFCOP पोर्टल शुरू किया है. TAFCOP यानी Telecom Analytics for Fraud Management & Consumer Protection की मदद से आप यह देख सकते हैं कि आपके नाम पर कितने मोबाइल कनेक्शन एक्टिव हैं.
आधार पर जारी SIM ऐसे करें चेक
- इसके लिए सबसे पहले TAFCOP की आधिकारिक वेबसाइट खोलें.
- यहां अपना चालू मोबाइल नंबर दर्ज करें. इसके बाद स्क्रीन पर दिखाई दे रहा कैप्चा भरें और Request OTP पर क्लिक करें.
- आपके मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा. OTP दर्ज करके लॉगिन करें.
- लॉगिन करने के बाद स्क्रीन पर आपके नाम से जारी मोबाइल नंबरों की लिस्ट दिखाई देगी.
- इसमें अलग-अलग टेलीकॉम कंपनियों के कनेक्शन भी शामिल हो सकते हैं.
अनजान नंबर दिखे तो क्या करें?
लिस्ट में दिखाई देने वाले हर मोबाइल नंबर को ध्यान से चेक करें. अगर कोई नंबर आपका या आपके परिवार के किसी सदस्य का नहीं है, तो उसे रिपोर्ट किया जा सकता है. इसके लिए Not my number विकल्प चुना जा सकता है. इसका इस्तेमाल ऐसे नंबर के लिए करें जो आपकी जानकारी में नहीं है. इससे उस कनेक्शन को बंद करने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है. अगर कोई नंबर पहले आपका था, लेकिन अब उसकी जरूरत नहीं है, तो Not required विकल्प चुना जा सकता है. वहीं, जो नंबर आपका है और आप उसका इस्तेमाल कर रहे हैं, उसके लिए Required विकल्प चुनें. रिक्वेस्ट सबमिट होने के बाद संबंधित टेलीकॉम ऑपरेटर और विभाग की प्रक्रिया के अनुसार मामले की जांच और कार्रवाई की जाती है.
क्यों जरूरी है यह जांच?
अपने नाम पर जारी मोबाइल कनेक्शन की समय-समय पर जांच करने से आपको पता रहता है कि आपकी पहचान का इस्तेमाल करके कोई अतिरिक्त SIM तो जारी नहीं हुआ है. इससे पहचान के गलत इस्तेमाल, फर्जी अकाउंट और मोबाइल नंबर के जरिए होने वाली धोखाधड़ी के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है. इसलिए अगर आपने लंबे समय से अपने नाम पर जारी मोबाइल नंबरों की जांच नहीं की है, तो TAFCOP पोर्टल पर जाकर एक बार जरूर चेक करें.
ये भी पढ़ें- SIM कार्ड का गलत इस्तेमाल पड़ सकता है भारी, ₹50 लाख जुर्माना और हो सकती है जेल

महेंद्र भार्गव
महेंद्र भार्गव एक अनुभवी बिजनेस और ऑटोमोबाइल जर्नलिस्ट हैं, जो 2018 से डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. वर्तमान में महेंद्र TV9 Bharatvarsh के साथ जुड़े हुए हैं, जहां बिजनेस और ऑटोमोबाइल से जुड़ी लेटेस्ट अपडेट्स, रिव्यू, एक्सक्लूसिव स्टोरीज़ और इन-डेप्थ एनालिसिस पर काम कर रहे हैं. ऑटोमोबाइल और बिजनेस सेगमेंट में 5+ सालों के अनुभव के साथ, Mahendra ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है. महेंद्र नवदुनिया (दैनिक जागरण ग्रुप) अखबार से रिपोर्टर के तौर पर शुरुआत की. आगे ETV Bharat, Dainik Bhaskar, News18 और Zee News में उन्होंने डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में कई भूमिकाओं में काम किया.
Read More