तरनतारन में SIR अभियान का पहला चरण पूरा, 7.03 लाख वोटरों के फॉर्म हुए जमा

August 6, 2026

तरनतारन में SIR अभियान का पहला चरण पूरा, 7.03 लाख वोटरों के फॉर्म हुए जमा

तरनतारन: पंजाब में चल रहे स्पेशल इन-डेप्थ रिविज़न (SIR) अभियान के तहत तरनतारन जिले में वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इस चरण में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) ने घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी जुटाई। जिला चुनाव अधिकारी राहुल ने बताया कि 25 जून से 3 अगस्त 2026 तक जिले में कुल 7,03,160 मतदाताओं के फॉर्म एकत्र कर डिजिटल रिकॉर्ड में शामिल किए गए हैं।

74 हजार से ज्यादा फॉर्म नहीं हुए जमा

उन्होंने बताया कि SIR प्रक्रिया शुरू होने से पहले जिले में कुल 7,77,353 मतदाता दर्ज थे। इनमें से 74,193 मतदाताओं के फॉर्म प्राप्त नहीं हो सके। इनमें 20,956 ऐसे मतदाता शामिल हैं जिनकी मृत्यु हो चुकी है। इसके अलावा 8,325 मतदाता अपने पते पर नहीं मिले, 37,569 लोग स्थायी रूप से कहीं और स्थानांतरित हो चुके हैं और 6,980 मामलों में डुप्लीकेट वोटर की जानकारी सामने आई है। वहीं, 363 लोगों ने फॉर्म पर हस्ताक्षर करने से इनकार किया।

13 अगस्त को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट

जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि 13 अगस्त 2026 को जारी होने वाली प्रारंभिक मतदाता सूची में 7,03,160 मतदाताओं के नाम शामिल होंगे। विधानसभा क्षेत्र के अनुसार तरनतारन में 1,72,148, खेमकरण में 1,80,784, पट्टी में 1,69,392 और खडूर साहिब में 1,80,836 मतदाता शामिल होंगे। ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद 12 सितंबर 2026 तक लोग अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।

करीब 96 हजार मतदाताओं को भेजे जाएंगे नोटिस

अधिकारियों के अनुसार, जिन मतदाताओं की जानकारी वर्ष 2003 की वोटर लिस्ट से जुड़ नहीं पाई है, उन्हें दस्तावेज जमा करने के लिए नोटिस भेजे जाएंगे। इसके अलावा सर्वे के दौरान 72,682 मतदाताओं की जानकारी में गलतियां मिली हैं। इन मतदाताओं को भी रिकॉर्ड सुधारने के लिए जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे। इस प्रक्रिया के तहत करीब 96,269 नोटिस जारी किए जाने का अनुमान है। दावों, आपत्तियों और नोटिस की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 12 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।

जिले में बढ़े पोलिंग स्टेशन

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार जिले में मतदान केंद्रों का पुनर्गठन भी किया गया है। तरनतारन जिले में 14 नए पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं, जिससे कुल मतदान केंद्रों की संख्या 911 से बढ़कर 925 हो गई है। तरनतारन विधानसभा क्षेत्र में पोलिंग स्टेशन 222 से बढ़कर 226 हो गए हैं। पट्टी में इनकी संख्या 225 से बढ़कर 228 और खडूर साहिब में 229 से बढ़कर 236 हो गई है। वहीं खेमकरण विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों की संख्या में कोई बदलाव नहीं हुआ है। जिला चुनाव अधिकारी ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि हर योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाए और प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए।