Success Story: अजब-गजब! बेटा बाप को देता है 2 लाख सैलरी, 16 साल की उम्र में बना AI स्टार्टअप का मालिक
Sep 02, 2026 05:13 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Raul John Aju Success Story: 16 साल के 12वीं के छात्र राउल जॉन अजू ने AI स्टार्टअप शुरू कर मिसाल कायम की है। वे अपनी कंपनी में 15 लोगों को रोजगार दे रहे हैं और अपने पिता को 2 लाख रुपये महीना सैलरी देते हैं।

राउल जॉन अजु
Raul John Aju Success Story: जहां ज्यादातर छात्र 16 साल की उम्र में 10वीं या 12वीं की पढ़ाई, बोर्ड परीक्षाओं की टेंशन और भविष्य में करियर चुनने में व्यस्त रहते हैं, वहीं केरल के रहने वाले 16 वर्षीय राउल जॉन अजू ने एक अनोखी मिसाल कायम की है। 12वीं कक्षा में कॉमर्स की पढ़ाई करने के साथ-साथ राउल अपना खुद का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्टार्टअप 'AIRealm Technologies' सफलतापूर्वक चला रहे हैं। उनकी सफलता की यह कहानी न सिर्फ तकनीकी क्षेत्र में युवाओं के बढ़ते कदमों को दिखाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि कुछ बड़ा हासिल करने के लिए उम्र केवल एक संख्या है।
9 साल की उम्र में शुरू हुआ AI सीखने का सफर
राउल की सफलता का सबसे अच्छा पहलू यह है कि उन्होंने बहुत छोटी उम्र में ही अपनी रुचि को पहचान लिया था। महज 9 साल की उम्र से ही उन्होंने खुद से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और कोडिंग के बारे में पढ़ना और सीखना शुरू कर दिया था। जिस उम्र में बच्चे खेल-कूद और फोन में समय बिताते हैं, उस समय राउल इंटरनेट के माध्यम से एआई तकनीक सीख रहे थे। 9 साल की उम्र में शुरू हुई यही जिज्ञासा आगे चलकर उनके एआई स्टार्टअप का आधार बनी।
पिता को जॉब पर रखकर दी 2 लाख रुपये सैलरी
राउल जॉन की इस कहानी का सबसे अनोखा और दिलचस्प पहलू उनके और उनके पिता से जुड़ा हुआ है। जब राउल ने स्टार्टअप की शुरुआत की, तो उनके पास बिजनेस और कॉर्पोरेट सेक्टर में काम करने का लंबा अनुभव नहीं था। इस अनुभव की कमी को दूर करने के लिए उन्होंने अमेजन, आईबीएम, एडोब और विप्रो जैसी दिग्गज ग्लोबल कंपनियों में लंबे समय तक काम कर चुके अपने पिता को ही कंपनी में शामिल किया। राउल अपने पिता को कंपनी में सीनियर रोल के लिए हर महीने 2 लाख रुपये सैलरी देते हैं। उनका मानना है कि पिता को कंपनी में रखना न केवल परिवार का साथ था, बल्कि एक अनुभवी प्रोफेशनल्स से सीधे सीखने का सबसे बेहतरीन जरिया भी था।
15 कर्मचारियों की टीम और 5 लाख छात्रों को ट्रेनिंग
12वीं की पढ़ाई और बोर्ड एग्जाम की तैयारियों के बीच राउल अपने स्टार्टअप की पूरी जिम्मेदारियां बखूबी संभालते हैं। आज उनके इस एआई स्टार्टअप में करीब 15 कर्मचारी काम कर रहे हैं। इसके अलावा, राउल के स्टार्टअप ने अब तक दुनिया भर में 5 लाख से अधिक छात्रों को एआई और नई तकनीकों की ट्रेनिंग देने का दावा किया है। राउल इंटरनेशनल मंचों पर भी एआई और टेक्नोलॉजी के भविष्य पर अपने विचारों के बारे में बात कर चुके हैं।
छात्रों के लिए सबसे बड़ा सबक
राउल जॉन की यह यात्रा आज के स्कूल और कॉलेज के छात्रों के लिए एक बड़ा संदेश देती है। करियर शुरू करने या नई स्किल्स सीखने के लिए किसी खास उम्र या डिग्री का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। अगर आपके पास सीखने का जुनून है, तो इंटरनेट और डिजिटल माध्यमों के दौर में आप घर बैठे ही किसी भी क्षेत्र में महारत हासिल कर सकते हैं।
लेखक के बारे में
Prachi
शॉर्ट बायो: प्राची लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। पिछले 2 वर्षों से वे करियर, शिक्षा और सरकारी नौकरियों से जुड़े विषयों पर लिख रही हैं। मुश्किल खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेषता है। वे 2024 से लाइव हिन्दुस्तान की करियर टीम का हिस्सा हैं।
अनुभव और करियर का सफर
प्राची ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत 'नन्ही खबर' से की थी, जहां उन्होंने जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा। इसके बाद, उन्होंने 'सी.वाई. फ्यूचर लिमिटेड' और 'कुटुंब' जैसे प्लेटफॉर्म्स पर बतौर कंटेंट राइटर काम करते हुए अपनी लेखनी और रिसर्च स्किल्स को निखारा। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने के बाद, वे करियर डेस्क पर सक्रिय हैं और छात्रों के लिए करियर विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, जॉब और प्रतियोगी परीक्षाओं की बारीकियों को कवर कर रही हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
प्राची ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC) से इंग्लिश जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा किया है। उनकी शैक्षणिक नींव दिल्ली यूनिवर्सिटी से है, जहां से उन्होंने इतिहास में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इतिहास की अच्छी जानकारी होने के कारण, वे आज की खबरों को बेहतर तरीके से समझ और समझा पाती हैं। यही वजह है कि उनके लेखों में जानकारी पूरी तरह सटीक और अधिक भरोसेमंद होती है।
विजन
प्राची का मानना है कि करियर चुनना केवल एक नौकरी पाना नहीं, बल्कि सही दिशा में अपना भविष्य सुरक्षित करना है। उनका उद्देश्य है कि हर छात्र और अभ्यर्थी तक बिना किसी भ्रम के, सटीक और सही समय पर जानकारी पहुंचे। वे पारदर्शिता और विश्वसनीयता को डिजिटल पत्रकारिता की सबसे बड़ी ताकत मानती हैं।
रुचियां
इतिहास की समझ और पत्रकारिता के जुनून के साथ, प्राची को खाली समय में उपन्यास पढ़ना और विश्व सिनेमा देखना पसंद है, जो उनके लेखन में एक नया दृष्टिकोण जोड़ता है।
विशेषज्ञता
बोर्ड परीक्षा अपडेट्स और रिजल्ट एनालिसिस
करियर काउंसलिंग और नए जमाने के कोर्सेज
सरकारी और प्राइवेट सेक्टर में जॉब अपडेट
एडमिशन प्रक्रिया और कॉम्पिटिटिव एग्जाम गाइडेंस
छात्रों के लिए सॉफ्ट स्किल्स और मोटिवेशनल स्टोरीज
छात्रों के लिए JEE, NEET, UPSC जैसी परीक्षा की तैयारी के लिए टिप्स