Suneil Anand Death: देव आनंद के बेटे सुनील आनंद का निधन, लंदन में आया हार्ट अटैक, शोक में परिवार - Haribhoomi
हिंदी सिनेमा के लेजेंड्री अभिनेता देव आनंद के बेटे और एक्टर सुनील आनंद का 70 की उम्र में निधन हो गया। जानकारी के मुताबिक उन्हें हार्ट अटैक आया था। परिवार ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए बयान जारी किया।
देव आनंद के बेटे सुनील आनंद का निधन
- Published: 28 Jul 2026, 06:19 PM IST
- Last Updated: 28 Jul 2026, 06:19 PM IST
Suneil Anand Death: हिंदी सिनेमा के लेजेंड्री अभिनेता देव आनंद के बेटे और अभिनेता-निर्माता सुनील आनंद का निधन हो गया है। सुनील आनंद ने 26 जुलाई को लंदन में अंतिम सांस ली। उनकी उम्र 70 साल थी। जानकारी के मुताबिक, उनकी मौत हार्ट अटैक आने की वजह से बताई जा रही है। परिवार ने एक शोक संदेश जारी करत हुए उनके निधन की पुष्टि की है।
परिवार ने जारी किया भावुक बयान
सुनील आनंद के निधन की पुष्टि देव आनंद की पोती और सुनील आनंद की भतीजी जीना नारंग ने की। परिवार की ओर से जारी बयान में कहा गया- "भारी मन से हमारा परिवार सुनील आनंद के निधन पर शोक व्यक्त करता है। हमें मिले प्यार, प्रार्थनाओं और समर्थन से हमें सांत्वना मिली है और हम इसके लिए सचमुच आभारी हैं। हम इस मुश्किल समय में प्राइवेसी बनाए रखने का अनुरोध करते हैं।"

देव आनंद के साथ किया था बॉलीवुड डेब्यू
सुनील आनंद का जन्म स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में हुआ था। उनकी मां मशहूर अभिनेत्री कल्पना कार्तिक थीं। अमेरिका में पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने साल 1984 में अपने पिता देव आनंद के साथ फिल्म 'आनंद और आनंद' से बॉलीवुड में कदम रखा।
हालांकि, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकी और उनकी शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही।
अभिनय करियर नहीं चला, फिल्मों से बना ली दूरी
पहली फिल्म के बाद सुनील आनंद 'कार थीफ' और 'मैं तेरे लिए' जैसी फिल्मों में भी नजर आए। लेकिन ये फिल्में भी दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब नहीं रहीं। लगातार असफलताओं के बाद उन्होंने अभिनय से दूरी बना ली और लाइमलाइट से भी लगभग पूरी तरह दूर हो गए।
देव आनंद प्रोडक्शंस की संभाली जिम्मेदारी
फिल्मों से दूरी बनाने के बाद सुनील आनंद ने अपने पिता के प्रतिष्ठित प्रोडक्शन हाउस नवकेतन फिल्म्स की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने लंबे समय तक इस बैनर के कामकाज को आगे बढ़ाया और पर्दे के पीछे रहकर परिवार की फिल्मी विरासत को संभालने का काम किया।
2011 में हुआ था देव आनंद का निधन
भारतीय सिनेमा के सबसे लोकप्रिय और सम्मानित अभिनेताओं में शामिल देव आनंद का निधन वर्ष 2011 में 88 वर्ष की उम्र में हुआ था। अब उनके बेटे सुनील आनंद के निधन से परिवार पर एक और गहरा दुख टूट पड़ा है।